X
X

Fact Check: जयपुर में सड़क धंसने के नाम पर तुर्किये का पुराना वीडियो वायरल

हमारी जांच में वायरल वीडियो तुर्किये का साबित हुआ। वहां यह घटना वर्ष 2023 में हुई थी।

नई दिल्ली (Vishvas News)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रही है। इसमें एक टनल के सामने की सड़क को धंसते हुए देखा जा सकता है। सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स इस वीडियो को जयपुर का बताते हुए शेयर कर रहे हैं।

विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्‍ट की जांच की। यह फर्जी साबित हुई। एक बार पहले भी यह वीडियो अटल टनल के नाम पर वायरल हो चुका है। उस वक्‍त भी इसकी पड़ताल की गई थी। हमारी जांच में वायरल वीडियो तुर्किये का साबित हुआ। वहां यह घटना वर्ष 2023 में हुई थी।

क्‍या हो रहा है वायरल

इंस्‍टाग्राम हैंडल कुंदन राज ने एक वीडियो को अपलोड करते हुए दावा किया, “जयपुर सुरंग के सामने वाला रास्ता कैसे टूट रहा है। बहुत ही भयानक दृश्य।”

वायरल पोस्‍ट के कंटेंट को यहां ज्‍यों का त्‍यों ही लिखा गया है। इस सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्‍ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।

पड़ताल

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल पोस्‍ट की सच्चाई जानने के लिए सबसे पहले वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले। फिर इन्‍हें गूगल लेंस टूल के जरिए रिवर्स इमेज सर्च किया। हमें असली वायरल वीडियो Ihlas News Agency नाम के एक यूट्यूब चैनल पर मिला।

11 जुलाई 2024 को अपलोड यह वीडियो तुर्किये के ओरडू का है, जहां भारी बारिश के कारण दारिकाबासी सुरंग के बाहर की सड़क ढह गई थी।

पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए गूगल ओपन सर्च टूल का इस्‍तेमाल किया गया। संबंधित कीवर्ड से सर्च करने पर हमें एक वेबसाइट पर इससे जुड़ी खबर मिली। 11 जुलाई 2023 को पब्लिश खबर में बताया गया कि भारी बारिश के कारण ओरडू के दारिकाबासी सुरंग के प्रवेश द्वार पर सड़क पूरी तरह से ध्वस्त हो गई। संबंधित वीडियो से जुड़ी खबर को यहां भी पढ़ा जा सकता है।

विश्‍वास न्‍यूज ने पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए दैनिक जागरण, जयपुर के वरिष्‍ठ संवाददाता नरेंद्र शर्मा से संपर्क किया। उनके साथ वायरल वीडियो को शेयर किया। उन्‍होंने पुष्टि करते हुए बताया कि वायरल वीडियो का जयपुर से कोई संबंध नहीं है। जयपुर में ऐसी कोई घटना नहीं हुई।

जांच के अंत में तुर्किये के वीडियो को जयपुर का बताकर शेयर करने वाले यूजर की जांच की गई। raj.kundan15 नाम के इस इंस्‍टाग्राम हैंडल को चार सौ से ज्‍यादा लोग फॉलो करते हैं। यह अकाउंट जून 2017 को बनाया गया।

निष्कर्ष : विश्वास न्यूज की पड़ताल में जयपुर में टनल के पास सड़क धंसने का वायरल वीडियो विदेश का साबित हुआ। वर्ष 2023 में तुर्किये में यह घटना हुई थी। उसी के वीडियो को अब जयपुर का बताकर झूठ फैलाया जा रहा है।

  • Claim Review : जयपुर में टनल के पास सड़क धंस गई।
  • Claimed By : IG User raj.kundan15
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later