X
X

Fact Check: प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत सबको 1999 रुपये देने का दावा फेक, फिशिंग लिंक वायरल

प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत सबको 1999 रुपये देने का दावा झूठा है। पोस्ट के साथ फिशिंग लिंक शेयर किया जा रहा है।

Pradhan Mantri Mudra Yojana, Mudra loan phishing alert, PM Mudra Yojana, Online Scams, Mudra Yojana Scam, Fact Check

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री मुद्रा योजना (PMMY) के नाम से सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर की जा रही है। इसमें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीर के साथ में दावा किया जा रहा है कि प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत सभी लोगों को 1999 रुपये दिए जा रहे हैं। रुपये लेने के लिए पोस्ट में दिए गए लिंक पर क्लिक करने को कहा गया है।

विश्वास न्यूज की जांच में पता चला​ कि वायरल पोस्ट डिजिटल फ्रॉड के मकसद से की गई है। इसके साथ में फिशिंग लिंक शेयर किया गया है। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत सूक्ष्म और लघु उद्यमियों को लोन दिया जाता है। इसके तहत सभी को 1999 रुपये देने का दावा झूठा है।

वायरल पोस्ट

फेसबुक यूजर Flippcaarrt’s Post ने 4 मार्च को इस यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ वाला पोस्टर शेयर (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा,

“स्क्रैच करें और जीते 2000 तक का कैशबैक”

पोस्टर पर लिखा है, “प्रत्येक भारतीय नागरिक को प्रधानमंत्री मुद्रा योजना की ओर से 1999 रुपये मुफ्त सबके खाते में

पोस्ट में नीचे एक लिंक दिया गया है, जिस पर रुपये लेने के लिए क्लिक करने को कहा गया है।

पड़ताल

वायरल पोस्ट में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीर लगी है, जबकि यह योजना केंद्र सरकार की है। पोस्ट के कैप्शन में स्क्रैच कर दो हजार रुपये जीतने की बात लिखी हुई है और पोस्ट में खाते में पैसे लेने के लिए लिंक पर क्लिक करने को कहा गया है। लिंक के यूआरएल में एक्सवाईजेड दिया गया है। अगर यह केंद्र सरकार की योजना होती तो यूआरएल डॉट जीओवी डॉट इन या एनआईसी डॉट इन से होता। इससे हमें यह पोस्ट संदिग्ध लगी।

केंद्र सरकार की वेबसाइट माई स्कीम पर दी गई जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना गैर-कृषि क्षेत्र में विनिर्माण, व्यापार या सेवा क्षेत्रों में लगे सूक्ष्म उद्यमों को 10 लाख रुपये तक का लोन उपलब्ध कराती है, जिसमें कृषि से जुड़ी गतिविधियां जैसे मुर्गी पालन, डेयरी, मधुमक्खी पालन आदि शामिल हैं। यह योजना गैर-कॉर्पोरेट और गैर-कृषि क्षेत्र की सूक्ष्म और लघु संस्थाओं को सदस्य लोन संस्थानों द्वारा दी जाने वाली वित्तीय सहायता प्रदान करती है।

29 अक्टूबर 2024 को प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो (पीर्आइबी) द्वारा जारी की गई प्रेस रिलीज के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 8 अप्रैल 2015 को इस योजना की शुरुआत की थी। 23 जुलाई 2024 को ऋण सीमा को बढ़ाकर 20 लाख रुपए करने का एलान किया गया था। इसमें नई श्रेणी तरुण प्लस जोड़ी गई है। जिन लोगों ने पहले तरुण श्रेणी के तहत लोन लिया होगा और उसे चुका दिया होगा, वे इसका लाभ ले सकेंगे। योजना की तीन अन्य श्रेणियां शिशु, किशोर और तरुण हैं। इनके तहत क्रमश: 50 हजार, 50 हजार से पांच लाख और पांच लाख से 10 लाख तक का लोन मिलता है।

केंद्र सरकार द्वारा पीएमएमवाई के तहत स्थापित की गई वित्तीय संस्था माइक्रो यूनिट्स डेवलपमेंट एंड रिफाइनेंस एजेंसी (मुद्रा) लिमिटेड की वेबसाइट पर जानकारी दी गई है कि योजना के तहत मुद्रा लोन किसी बैंक, एनबीएफसी, एमएफआई आदि के नजदीकी शाखा कार्यालय से प्राप्त किया जा सकता है। लाभार्थी www.udyamimitra.in पर भी मुद्रा लोन के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसमें यह भी जानकारी दी गई है कि मुद्रा लोन देने के लिए कोई एजेंट नियुक्त नहीं किया गया है। इस वेबसाइट पर हमें सभी लोगों को 1999 रुपये देने जैसी कोई जानकारी नहीं मिली।

कीवर्ड से गूगल पर सर्च करने पर भी हमें ऐसी कोई मीडिया रिपोर्ट नहीं मिली।

इस बारे में पूर्व आईपीएस एवं साइबर एक्सपर्ट त्रिवेणी सिंह का कहना है कि अगर केंद्र सरकार की किसी योजना के तहत इस तरह का कोई एलान किया जाएगा तो उसे मीडिया जरूर कवर करेगा। आधिकारिक वेबसाइट पर भी इसकी जानकारी दी जाएगी। वायरल लिंक किसी आधिकारिक वेबसाइट या सरकारी वेबसाइट का नहीं है। साइबर अपराधी अक्सर लालच देकर इस तरह के फिशिंग लिंक शेयर करते हैं। इस पर क्लिक नहीं करना चाहिए।

इस तरह के फ्री रिचार्ज या लॉटरी के नाम से कई पोस्ट वायरल होती हैं, जिनके जरिए साइबर अपराधी वित्तीय नुकसान पहुंचा सकते हैं। इनसे सावधान करती हमारी रिपोर्ट को यहां देखा पढ़ा जा सकता है।

फिशिंग लिंक शेयर करने वाले यूजर के 81 फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत सबको 1999 रुपये देने का दावा झूठा है। पोस्ट के साथ फिशिंग लिंक शेयर किया जा रहा है।

  • Claim Review : प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत सभी लोगों को 1999 रुपये दिए जा रहे हैं।
  • Claimed By : FB User- Flippcaarrt's Post
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later