Fact Check : होली पर फोन पे नहीं दे रहा यह कैशबैक ऑफर, वायरल लिंक फर्जी
फोन पे के कैशबैक ऑफर को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। पोस्ट में दिया गया ऑफर और लिंक दोनों ही फर्जी है।
- By: Pragya Shukla
- Published: Mar 7, 2025 at 01:40 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि फोन पे ने होली के मौके पर कैशबैक ऑफर शुरू किया है। पोस्ट में कहा जा रहा है कि लिंक पर क्लिक कर 2999 और 3890 का कैशबैक पाया जा सकता है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। पोस्ट में दिया गया ऑफर और लिंक दोनों ही फर्जी है। फोन पे की तरफ से होली के मौके पर इस तरह का कोई ऑफर नहीं दिया जा रहा है। फर्जी लिंक को फेक दावे के साथ शेयर किया जा रहा है। साइबर एक्सपर्ट के मुताबिक, किसी अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करना चाहिए। यह आर्थिक नुकसान पहुंचा सकता है।
क्या हो रहा है वायरल ?
फेसबुक यूजर ‘होली हैप्पी’ ने 6 मार्च 2025 को वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “आपको मिलता है फ्री कैशबैक।”
पोस्ट में लिखा हुआ है, “इस होली आपको मिला है फोन पे की तरफ से फ्री कैशबैक 2999.”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

एक अन्य फेसबुक यूजर Dayz Winzzi ने 6 मार्च 2025 को वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “आपको मिलता है फ्री कैशबैक।”
पोस्ट पर लिखा हुआ है, “इस होली आपको मिला है फोन पे की तरफ से फ्री कैशबैक 3890.”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने फोन पे की आधिकारिक वेबसाइट और सोशल मीडिया पर इस बारे में जाकर सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी कोई जानकारी वहां पर नहीं मिली।

पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने पोस्ट में दिए गए यूआरएल पर गौर किया। हमने पाया कि पोस्ट में गेट डॉट ऑफर डॉट कॉम और उस पर क्लिक करने पर festix.in/hii नामक यूआरएल खुल कर सामने आता है। जबकि फोन पे की वेबसाइट का यूआरएल फोन पे डॉट कॉम है।
जांच को आगे बढ़ाते हुए हमने पोस्ट में दिए गए लिंक पर क्लिक किया। पहले हमारे सामने एक वेबसाइट खुलकर सामने आ गई, जिस पर प्रधानमंत्री जनधन योजना मेरा खाता भाग्य विधाता लिखा हुआ था। इसके नीचे एक स्केच कार्ड दिया गया है, जिस पर लिखा हुआ है स्केच करें, खाते में पैसे पाये। इसके बाद हमारे सिस्टम ने हमें लिंक के खतरनाक होने की चेतावनी दी। हमारे सिस्टम में मौजूद सेफ्टी डिवाइस ने हमें बताया कि इस लिंक के जरिए आपकी निजी जानकारियों को चुराया जा सकता है। हैकर्स आपके सिस्टम को हैक कर आपको नुकसान पहुंचा सकता है। इसके बाद वेबसाइट बंद हो गई और एरर दिखाने लगा। हमारे सिस्टम में सेफ्टी डिवाइस और सफ्टवेयर मौजूद है। हमने उनकी मदद के जरिए लिंक पर क्लिक किया था। हम यूजर को किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करने की सलाह देते हैं।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री जनधन योजना की वेबसाइट पर मौजूद जानकारी के मुताबिक, सरकार ने ये योजना आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों के लिए शुरू किया था। इस योजना के तहत बैंक शून्य राशि में बैंक खाता खोलती हैं।


हमने वेबसाइट के बारे में और जानने के लिए whois पर चेक किया। हमने पाया कि इस वेबसाइट को यूएस में प्राइवेट यूजर द्वारा अक्टूबर 2024 में बनाया गया है।

अधिक जानकारी के लिए हमने साइबर एक्सपर्ट एवं सेंटर फॉर रिसर्च ऑन साइबर क्राइम एंड साइबर लॉ के चेयरमैन अनुज अग्रवाल से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि त्योहारों के आते ही ऐसे स्कैम बढ़ जाते हैं। यह वो समय होता है, जब सभी कंपनियां ऑफर्स निकालती हैं। ऐसे में हैकर्स इसका फायदा उठाते हैं और लोगों को आर्थिक नुकसान पहुंचाते हैं। किसी अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करना चाहिए। यह आर्थिक नुकसान पहुंचा सकता है।
अंत में हमने पोस्ट को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर होली हैप्पी के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि अकाउंट प्राइवेट है। यूजर को 129 लोग फॉलो करते हैं।
गणतंत्र दिवस के मौके पर भी इस तरह की फर्जी पोस्ट वायरल हुई थी। विश्वास न्यूज ने उनकी पड़ताल कर सच्चाई सामने रखी थी। लिंक पर क्लिक पर खबर को पढ़ा जा सकता है।
सोशल मीडिया पर कुछ समय पहले ऐसी ही एक पोस्ट को शेयर कर दावा किया गया था कि लिंक पर क्लिक कर 1999 का कैशबैक पाया जा सकता है। विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में दावे को गलत पाया था। लिंक पर क्लिक पर खबर को पढ़ा जा सकता है।
प्रधानमंत्री जनधन योजना के नाम से भी सोशल मीडिया पर फर्जी पोस्ट वायरल हो चुकी है। उस दौरान भी विश्वास न्यूज ने दावे की जांच कर सच्चाई सामने रखी थी। लिंक पर क्लिक पर खबर को पढ़ा जा सकता है।
निष्कर्ष : विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि फोन पे के कैशबैक ऑफर को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। पोस्ट में दिया गया ऑफर और लिंक दोनों ही फर्जी है। फोन पे की तरफ से होली के मौके पर इस तरह का कोई ऑफर नहीं दिया जा रहा है। फर्जी लिंक को फेक दावे के साथ शेयर किया जा रहा है। साइबर एक्सपर्ट के मुताबिक, किसी अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करना चाहिए। यह आर्थिक नुकसान पहुंचा सकता है।
- Claim Review : होली पर फोन पे दे रहा है 2999 और 3890 का कैशबैक ऑफर।
- Claimed By : FB User Holli-Happy
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












