Fact Check: गोवा के नाम पर वायरल हो रहा ऊंची लहरों का यह वीडियो फर्जी है
विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को गलत पाया। गोवा में ऐसी कोई घटना नहीं हुई है। एआई डिटेक्शन टूल्स और विशेषज्ञों ने इस वीडियो के एआई जेनरेटेड होने की संभावना जताई है।
- By: Pallavi Mishra
- Published: Mar 19, 2025 at 12:55 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें समुद्र में उठती ऊंची-ऊंची लहरों को देखा जा सकता है। पोस्ट को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो गोवा का है, जहाँ 10 मार्च 2025 को आये इस तूफ़ान के कारण 12000 लोगों की मौत हो गई।
विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को गलत पाया। गोवा में ऐसी कोई घटना नहीं हुई है।
क्या है वायरल पोस्ट में?
इंस्टाग्राम यूजर ‘___father_sab_’ ने 10 मार्च 2025 को वायरल वीडियो (आर्काइव लिंक) को शेयर करते हुए लिखा “गोबा मे तेज तूफान आने के कारण 12 हज़ार लोगों की मौत महाप्रलय 10/3/2025।”

पड़ताल
पड़ताल को शुरू करने के लिए हमने कीवर्ड सर्च का सहारा लिया। न्यूज सर्च में हमें ऐसी कोई रिपोर्ट्स नहीं मिली, जिसमें गोवा में हुए ऐसी किसी घटना का जिक्र हो।
इसके बाद हमने वायरल हो रहे वीडियो के कीफ्रेम्स को गूगल लेंस पर सर्च किया। हमें यह वीडियो कई जगह जनवरी 2025 में अपलोड मिला। इससे ये साफ़ हुआ कि वीडियो 10 मार्च से पहले से इंटरनेट पर मौजूद है।
इसके बाद हमने वीडियो को गौर से देखा। वीडियो में लहरें काफी ऊंची हैं मगर समुद्र का लेवल नहीं बढ़ रहा है। साथ ही एक फ्रेम में लहर बिल्डिंग से टकराती है मगर बिल्डिंग को कोई नुकसान नहीं पहुँचता। जब हमने लोगों को देखना शुरू किया तो उसमें भी कई विसंगतियां थीं। जैसे पीछे खड़े लोग एक से दो होते दिख रहे हैं। कुछ लोग मर्ज होते दिख रहे हैं। हमें इस वीडियो के एआई से बने होने का शक हुआ।
एआई वीडियो डिटेक्शन टूल कैंटिलक्स (Cantilux) ने इस वीडियो के एआई से बने होने की संभावना 69 प्रतिशत बताई।

इस विषय में हमने एआई विशेषज्ञ अजहर माचवे से भी बात की। उन्होंने वीडियो को जांचा और बताया, “यह पोस्ट फर्जी है। लहर का पानी समुद्र से बाहर नहीं निकल रहा है। लहर और हवा के बहाव की दिशा भी समान नहीं है। लोगों के स्वरूप भी बदलते हुए दिख रहे हैं।
वायरल वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर ___father_sab_ को इंस्टाग्राम पर लगभग 5000 लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को गलत पाया। गोवा में ऐसी कोई घटना नहीं हुई है। एआई डिटेक्शन टूल्स और विशेषज्ञों ने इस वीडियो के एआई जेनरेटेड होने की संभावना जताई है।
- Claim Review : गोवा में भीषण तूफान से 12 हजार लोगों की मौत
- Claimed By : Instagram user ‘___father_sab_’
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












