Fact Check : बुलडोजर से लड़ते हाथी का वीडियो हैदराबाद का नहीं, पश्चिम बंगाल का है
बुलडोजर पर गुस्साए हाथी के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा भ्रामक है। दोनों ही वीडियो का हैदराबाद के कांचा गाजीबोवली जंगल से कोई संबंध नहीं है। असल में पहला वायरल वीडियो पश्चिम बंगाल का है। दूसरा वीडियो हाथी का नहीं, बल्कि अफ्रीका में रहने वाली एक हथिनी का है, जन्म से उसकी सूंड में छेद है।
- By: Pragya Shukla
- Published: Apr 8, 2025 at 01:09 PM
- Updated: Apr 9, 2025 at 12:09 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर कांचा गाजीबोवली जंगल के मामले से जोड़ते हुए हाथी का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में हाथी को बुलडोजर से लड़ते हुए देखा जा सकता है। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह तेलंगाना के कांचा गाजीबोवली जंगल का है, जब बुलडोजर लेकर लोग वहां पर जंगल काटने के लिए पहुंचे तो हाथी ने जंगल बचाने के लिए उन्हें रोकने की कोशिश की। इसी दौरान वो घायल हो गया और उसकी सूंड में छेद हो गया।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा भ्रामक है। असल में पोस्ट में मौजूद दोनों वीडियो दो अलग घटनाओं के हैं और दोनों ही वीडियो का हैदराबाद के कांचा गाजीबोवली जंगल से कोई संबंध नहीं है। पहला वायरल वीडियो पश्चिम बंगाल का है। स्थानीय लोगों ने जंगली हाथी को उकसा दिया था, जिसके बाद हाथी को गुस्सा आ गया था और बुलडोजर से लड़ने लगा था। इस हाथापाई में हाथी के सूंड में चोट आई थी। वहीं , दूसरा वीडियो हाथी का नहीं, बल्कि अफ्रीका में रहने वाली एक हथिनी का है, जन्म से उसकी सूंड में छेद है।
क्या हो रहा है वायरल ?
फेसबुक यूजर राजा भाई ने 8 अप्रैल 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “इस हाथी ने बुलडोजर से अपना घर बचाया था घर बचाने के कर्म हाथी घायल हो गया।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी एक रिपोर्ट टाइम्स नाउ की आधिकारिक वेबसाइट पर मिली। रिपोर्ट को 6 फरवरी 2025 को प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के मुताबिक, वायरल वीडियो पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी का है। कुछ स्थानीय लोगों ने हाथी को उकसाया था, जिसके बाद गुस्साए हाथी ने वहां पर मौजूद निर्माण के सामान पर और बुलडोजर पर हमला करना शुरू कर दिया था।

न्यूज 18 की वेबसाइट पर 7 फरवरी 2025 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, वायरल वीडियो एक फरवरी को पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी में हुई घटना का है। स्थानीय लोगों ने हाथी को परेशान कर उसे उकसा दिया था, जिसके बाद गुस्साए हाथी ने बुलडोजर पर हमला करना शुरू कर दिया था। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए एक शख्स को गिरफ्तार किया था और बुलडोजर को जब्त कर लिया था। इस हादसे में हाथी के सूंड में चोट आई थी। हालांकि, कोई और इस हादसे में घायल नहीं हुआ था।

अन्य न्यूज रिपोर्ट को यहां पर पढ़ा जा सकता है।
हमने हाथी के दूसरे वीडियो का सच जानने के लिए वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो से जुड़ी एक रिपोर्ट सिंगिता नामक एक वेबसाइट पर अप्रैल 2021 को प्रकाशित मिली। रिपोर्ट के मुताबिक, हथिनी का नाम रंदजेकिले है और वो अफ्रीका के ग्रेटर क्रूगर नेशनल पार्क में रहती है। रंदजेकिले की सूंड में जन्म से ही छेद है।

पड़ताल के दौरान हमें रंदजेकिले के कई अन्य वीडियो भी मिले।
अधिक जानकारी के लिए हमने हैदराबाद के स्थानीय रिपोर्टर श्री हर्षा से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल वीडियो यहां का नहीं है। हालांकि, जंगल काटने के मुद्दे को लेकर यहां पर काफी विरोध हो रहा है।
अंत में हमने वीडियो को भ्रामक दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को पांच हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। यूजर एक विचारधारा से जुड़ी पोस्ट को शेयर करता है।
निष्कर्ष : विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि बुलडोजर पर गुस्साए हाथी के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा भ्रामक है। दोनों ही वीडियो का हैदराबाद के कांचा गाजीबोवली जंगल से कोई संबंध नहीं है। असल में पहला वायरल वीडियो पश्चिम बंगाल का है। स्थानीय लोगों ने जंगली हाथी को उकसा दिया था, जिसके बाद हाथी को गुस्सा आ गया था और बुलडोजर से लड़ने लगा था। इस हाथापाई में हाथी के सूंड में चोट आई थी। वहीं , दूसरा वीडियो हाथी का नहीं, बल्कि अफ्रीका में रहने वाली एक हथिनी का है, जन्म से उसकी सूंड में छेद है।
- Claim Review : तेलंगाना के कांचा गाजीबोवली जंगल को बचाने के लिए बुलडोजर से टकराया हाथी।
- Claimed By : FB User Raja Bhai
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












