Fact Check: दलित युवक से जबरदस्ती धार्मिक नारे लगवाने का पुराना वीडियो भ्रामक दावे से वायरल
मध्य प्रदेश के भिंड में अगस्त 2023 में दलित युवक से मारपीट और जबरदस्ती धार्मिक नारे लगवाने का मामला सामने आया था। उस मामले में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। उस वीडियो को अब शेयर कर भ्रम फैलाया जा रहा है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Apr 10, 2025 at 02:57 PM
- Updated: Apr 11, 2025 at 11:23 AM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली एक पोस्ट सोशल मीडिया पर शेयर की जा रही है। इसमें एक युवक को दूसरे से जबरदस्ती ‘जय श्री राम’ के नारे लगवाते और आपत्तिजनक शब्द बोलने के लिए मजबूर करते देखा जा सकता है। वीडियो को शेयर कर कुछ यूजर्स दावा कर रहे हैं कि दलित युवक से मारपीट कर जबरदस्ती नारे लगवाए गए। यूजर्स इसे हालिया समझकर शेयर कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि वायरल वीडियो मध्य प्रदेश के भिंड में अगस्त 2023 में हुई घटना का है। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। पुराने वीडियो को अभी शेयर कर यूजर्स भ्रम पैदा कर रहे हैं।
वायरल पोस्ट
फेसबुक यूजर Babloo Yadav ने 10 अप्रैल को वीडियो शेयर (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा,
“जय श्री राम बोल … का बाप है ठाकुर, बोलो … का बाप ठाकुर हैं। इस तरह से धर्म और जाति के रक्षा करते हुए मुगल पुत्र। यह वीडियो कहां का है कोई बताएगा क्या“

एक्स यूजर @Advocatehca ने भी इस वीडियो को समान दावे के साथ शेयर (आर्काइव लिंक) किया है।

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने कीवर्ड से इस बारे में गूगल पर सर्च किया। आईबीसी 24 की वेबसाइट पर 12 अगस्त 2023 को छपी खबर में इस वीडियो के स्क्रीनशॉट को देखा जा सकता है। खबर के अनुसार, मामला मध्य प्रदेश के भिंड का है, जहां दलित युवक से जबरदस्ती ‘जय श्री राम’ बोलने पर मजबूर किया गया। युवक ने उसको आपत्तिजनक शब्द बोलने के लिए मजबूर किया। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

टीवी9 और आजतक की वेबसाइट पर भी इससे संबंधित खबर 12 अगस्त 2023 को छपी है। इसमें भी वीडियो मध्य प्रदेश के भिंड का बताया गया है।

आजतक में छपी खबर के मुताबिक, 9 अगस्त को दलित युवक बाइक से घर जा रहा था। रास्ते में स्कूटी सवार दो युवकों ने उससे मारपीट की और जबरदस्ती नारे लगवाए। 11 अगस्त को पीड़ित की तरफ से गोहद चौराहा थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस को इस मामले में चार आरोपियों के नाम पता चले थे। इनमें से तीन को गिरफ्तार कर लिया गया था।

इस मामले में हमने भिंड में नईदुनिया के रिपोर्टर मनोज श्रीवास्तव से संपर्क किया। उनका कहना है कि वायरल वीडियो करीब दो साल पुराना है। इस मामले में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। हाल-फिलहाल में ऐसी कोई घटना नहीं हुई है।
पुराने वीडियो को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। प्रयागराज के रहने वाले यूजर एक राजनीतिक दल से जुड़े हुए हैं।
निष्कर्ष: मध्य प्रदेश के भिंड में अगस्त 2023 में दलित युवक से मारपीट और जबरदस्ती धार्मिक नारे लगवाने का मामला सामने आया था। उस मामले में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। उस वीडियो को अब शेयर कर भ्रम फैलाया जा रहा है।
- Claim Review : दलित युवक से मारपीट कर जबरदस्ती नारे लगवाए गए।
- Claimed By : FB User- Babloo Yadav
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












