Fact Check: कानपुर में रामनवमी शोभायात्रा पर पत्थर फेंके जाने का दावा अफवाह है, पुलिस ने किया केस दर्ज
कानपुर के मेस्टन रोड पर रामनवमी शोभायात्रा के दौरान पत्थर फेंके जाने की अफवाह उड़ाई गई थी। इस मामले में पुलिस ने केस भी दर्ज किया है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Apr 9, 2025 at 05:45 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। रामनवमी शोभायात्रा से जोड़कर सोशल मीडिया पर एक दावा शेयर किया जा रहा है। कुछ यूजर्स एक वीडियो शेयर कर सांप्रदायिक दावा कर रहे हैं कि कानपुर के मेस्टन रोड पर रामनवमी शोभायात्रा पर पत्थर फेंके गए। वीडियो में शोभायात्रा के दौरान अफरातफरी की स्थिति को देखा जा सकता है।
विश्वास न्यूज की पड़ताल में पता चला कि वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है। दरअसल, कुछ लोगों ने शोभायात्रा के दौरान पत्थर फेंके जाने की अफवाह फैलाई थी। बाद में पुलिस ने इस मामले में केस भी दर्ज किया है।
वायरल पोस्ट
फेसबुक यूजर Keshav Singh ने 8 अप्रैल को वीडियो को पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “कानपुर के मेस्टन रोड पर रामनवमी शोभा यात्रा पर पत्थर फेंके गए। मुस्लिम बहुल इलाके से निकलते समय जय श्री राम का नारा लगाने पर घरों से चले पत्थर।“

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने सबसे पहले कानपुर पुलिस के एक्स हैंडल को चेक किया। 6 अप्रैल को अकाउंट से पुलिस उपायुक्त पूर्वी श्रवण कुमार सिंह का बयान पोस्ट किया गया है। इसमें वह मेस्टन रोड पर रामनवमी की शोभायात्रा के दौरान पत्थर फेंके जाने के दावे को प्राथमिक जांच के बाद अफवाह बता रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसका कोई सबूत नहीं है। उन्हें कोई वीडियो नहीं मिला। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि अगर ऐसा कोई तथ्य सामने आता है तो उस पर कार्रवाई की जाएगी।
8 अप्रैल को कानपुर पुलिस के एक्स हैंडल से अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था हरीश चन्दर का वीडियो बयान पोस्ट किया गया है। इसमें वह कह रहे हैं कि रामनवमी के दिन मेस्टन रोड पर निकाली गई शोभायात्रा में कुछ कथित यूट्यूबर्स और असामाजिक तत्वों ने पत्थर फेंके जाने की अफवाह उड़ाई थी। इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने इस तरह की किसी भी पोस्ट को करने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
7 अप्रैल को दैनिक जागरण के कानपुर संस्करण में छपी खबर के अनुसार, “रामनवमी शोभायात्रा में पत्थर फेंके जाने की अफवाह से अफरातफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने अफवाह फैलाने वालों की तलाश शुरू कर दी है। अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था हरीश चन्दर का कहना है कि डीजे को मना करने पर लोग नाराज थे। इस वजह से लोगों ने पथराव की अफवाह फैलाई।”

8 अप्रैल को आजतक की वेबसाइट पर छपी खबर के मुताबिक, “कानपुर पुलिस ने बवाल और अफवाह फैलाने के मामले में हिंदूवादी संगठनों के 200 लोगोंं पर केस दर्ज किया है।”

इस बारे में कानपुर में दैनिक जागरण के क्राइम रिपोर्टर गौरव दीक्षित का कहना है कि मेस्टन रोड पर पत्थर फेंके जाने की अफवाह फैलाई गई थी। इस मामले में पुलिस ने अज्ञात लोगों पर केस दर्ज किया है।
वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। पटना के रहने वाले यूजर एक विचारधारा से प्रभावित हैं।
निष्कर्ष: कानपुर के मेस्टन रोड पर रामनवमी शोभायात्रा के दौरान पत्थर फेंके जाने की अफवाह उड़ाई गई थी। इस मामले में पुलिस ने केस भी दर्ज किया है।
- Claim Review : कानपुर के मेस्टन रोड पर रामनवमी शोभायात्रा पर पत्थर फेंके गए।
- Claimed By : FB User- Keshav Singh
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












