Fact Check: पेड़ पर अटकी कार की तस्वीर चीन की है, हिमाचल प्रदेश की नहीं
हिमाचल प्रदेश में 16 अप्रैल की रात को आंधी-तूफान आया था, लेकिन पेड़ पर कार के अटकने की तस्वीर चीन की है। वहां एक ड्राइविंग स्कूल ने जानबूझकर कार को पेड़ पर चढ़ाया था।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Apr 17, 2025 at 05:25 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर पेड़ पर अटकी कार की तस्वीर वायरल हो रही है। इसमें कार को पेड़ की डालियों के सहारे अटके हुए देखा जा सकता है। फोटो को शेयर कर कुछ यूजर्स दावा कर रहे हैं कि हिमाचल प्रदेश के शालाघाट में तूफान के कारण एक कार उड़कर पेड़ पर आकर फंस गई।
विश्वास न्यूज ने इसकी जांच की तो पता चला कि वायरल तस्वीर चीन की है। वहां ड्राइविंग स्कूल ने लोगों का ध्यान आकर्षित करने के लिए जानबूझकर कार को पेड़ पर अटकाया था। इस तस्वीर का हिमाचल प्रदेश से कोई संबंध नहीं है।
वायरल पोस्ट
फेसबुक यूजर ‘मिस बिमला’ ने 17 अप्रैल को तस्वीर को शेयर (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा,
“रात के भयंकर तूफान का परिणाम …एक कार शालूघाट से उड कर ..नीचे साई ख़ारसी में एक पेड़ पर फंस गई,गाड़ी किसकी है इसका अभी कोई पता नि लगा है“

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने तस्वीर को गूगल लेंस की मदद से सर्च किया। एक्स यूजर @PC167_ ने 11 अप्रैल को वीडियो को शेयर किया है। इसमें कुछ वायरल वीडियो के हिस्से को भी देखा जा सकता है। वीडियो में बचाव कर्मियों को पेड़ पर चढ़े हुए भी देखा जा सकता है। इनकी जैकेट पर गैर हिंदी भाषा में कुछ लिखा हुआ है।
चीन की वेबसाइट सीबीएसजी डॉट स्कॉल डॉट कॉम डॉट सीएन पर 13 अप्रैल को छपी खबर में वायरल तस्वीर भी अपलोड की गई है। इसके अनुसार, चांगनिंग काउंटी में एक ड्राइविंग स्कूल ने लोगों को आकर्षित करने के लिए एक कार को पेड़ पर चढ़ा दिया और वीडियो शूट कर वायरल कर दिया। इससे झूठी सूचना फैल गई कि छात्रों ने कार को पेड़ पर चढ़ा दिया। इसके बाद कई सरकारी विभागों की तरफ से उसे फटकार लगाई गई। बाद में ड्राइविंग स्कूल के अकाउंट से वीडियो को डिलीट कर दिया गया। कार को जमीन से चार या पांच मीटर ऊपर एक पेड़ पर ‘पार्क’ किया गया था।

रिकॉर्ड चाइना नाम की वेबसाइट पर भी इससे संबंधित खबर को देखा जा सकता है।

न्यूज 18 इंडिया के यूट्यूब चैनल पर 17 अप्रैल को अपलोड वीडियो न्यूज के अनुसार, हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में बीती रात तेज हवाएं चलीं। आंधी-तूफान की वजह से गई जगह पेड़ गाड़ियों पर गिर गए। वहां भारी बारिश के साथ तूफान का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इस बारे में हमने सोलन में दैनिक जागरण के रिपोर्टर सुनील कुमार से संपर्क किया। उनका कहना है कि शालाघाट समेत पूरे हिमाचल में कल रात आंधी-तूफान आया था। इसमें बिजली के खंभे गिर गए और पेड़ उखड़े हैं। कार उड़कर किसी पेड़ पर अटकने की कोई जानकारी नहीं है। वायरल तस्वीर यहां की नहीं है।
चीन की तस्वीर को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले फेसबुक यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। यूजर के करीब 19 हजार फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: हिमाचल प्रदेश में 16 अप्रैल की रात को आंधी-तूफान आया था, लेकिन पेड़ पर कार के अटकने की तस्वीर चीन की है। वहां एक ड्राइविंग स्कूल ने जानबूझकर कार को पेड़ पर चढ़ाया था।
- Claim Review : हिमाचल प्रदेश के शालाघाट में तूफान के कारण एक कार उड़कर पेड़ पर आकर फंस गई।
- Claimed By : FB User- मिस बिमला
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












