X
X

Fact Check: केरल में हुई सामान्य सड़क दुर्घटना के वीडियो को हेट क्राइम का बताकर किया जा रहा शेयर

केरल में हुई सड़क दुर्घटना के वीडियो को हेट क्राइम का बताते हुए फेक दावे के साथ के साथ शेयर किया जा रहा है। कार से टक्कर लगने के बाद कार चालक दुर्घटनास्थल से फरार नहीं हुआ था, बल्कि वह पीड़िता की मदद करने के लिए वापस आया था। हालांकि, एडिटेड क्लिप में इस हिस्से को नहीं दिखाया गया है, जिससे यह प्रतीत हो रहा है कि कार चालक मुस्लिम महिला को टक्कर मारने के बाद वहां से फरार हो गया।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर एक कार दुर्घटना का वीडियो क्लिप शेयर किया जा रहा है, जिसमें बच्चे के साथ चल रही महिला को कार से टक्कर लगते हुए देखा जा सकता है। यूजर्स इस वीडियो को शेयर करते हुए दावा कर रहे हैं कि बुर्का पहने होने की वजह से कार चालक ने महिला को टक्कर मारी और यह जानबूझकर उसकी मुस्लिम पहचान की वजह से किया गया।

विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को फेक पाया। वायरल हो रहा वीडियो केरल में हुई घटना का है, जो किसी भी तरह की हेट क्राइम से संबंधित नहीं है। यह एक सामान्य दुर्घटना थी। साथ ही कार से टक्कर लगने के बाद कार चालक दुर्घटनास्थल से भागा नहीं था, बल्कि वह लौटकर पीड़िता की मदद करने आया था। हालांकि, वायरल क्लिप में इस हिस्से को नहीं दिखाया गया है, जिससे यह प्रतीत हो रहा है कि टक्कर मारने के बाद कार चालक दुर्घटनास्थल से फरार हो गया था।

क्या है वायरल?

सोशल मीडिया यूजर ‘Master Jee’ ने वायरल वीडियो (आर्काइव लिंक) को शेयर करते हुए लिखा है, “भारत में आतंकवादियों का राज है। वे भारत में मुसलमानों के साथ ऐसा ही व्यवहार कर रहे हैं। वे इजराइल की तरह मानवाधिकारों का उल्लंघन कर रहे हैं। United Nations Human Rights The Savage Humans”

कई अन्य यूजर्स ने इस वीडियो क्लिप को समान संदर्भ में हेट क्राइम का बताकर शेयर किया है।

पड़ताल

वायरल वीडियो के की-फ्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च करने पर हमें केरल के स्थानीय न्यूज पोर्टल मातृभूमि.कॉम की रिपोर्ट मिली, जिसमें इस घटना का जिक्र है।

रिपोर्ट के मुताबिक, “मलप्पुरम के कोट्टाकल में एक पैदल यात्री को कार ने टक्कर मार दी। यह दुर्घटना उस समय हुई, जब वह अपने बच्चे के साथ पैदल जा रही थी। महिला को गंभीर चोटें आईं और इसमें बच्चा चमत्कारिक रूप से बाल-बाल बच गया। यह दुर्घटना पिछले शनिवार को कोट्टाकल एचएमएस अस्पताल के पास हुई, जिसमें स्वागतमदु, कोट्टाकल की रहने वाली बदरिया घायल हो गई। दुर्घटना उस समय हुई जब वह अपने बेटे अमीर मुहम्मद को लेने के लिए आंगनबाड़ी से लौट रही थी। बदरिया का अस्पताल में इलाज चल रहा है।”

इंडिया टुडे की दो मई की रिपोर्ट में भी इस घटना का जिक्र है। रिपोर्ट में हमें इस घटना का ऑरिजिनल और पूरा वीडियो मिला, जिसमें यह देखा जा सकता है कि कार से टक्कर लगने के बाद कार चालक वापस घायल महिला की मदद करने आता है।

रिपोर्ट के मुताबिक, महिला का अस्पताल में इलाज चल रहा है और वह सुरक्षित है। इस घटना को लेकर हमने कोट्टाकल पुलिस स्टेशन से संपर्क किया। सर्कल इंस्पेक्टर संगीत पुनथिल  ने हमें बताया कि यह हेट क्राइम नहीं, बल्कि सामान्य सड़क दुर्घटना थी, जिसकी वजह कार की तेज स्पीड थी।

यानी यह दावा गलत है कि महिला को उसकी मुस्लिम होने की वजह से कार चालक ने टक्कर मारी।

मातृभूमि अखबार के स्थानीय ब्यूरो की तरफ से हमें इस घटना की अखबार में छपी खबर का स्क्रीनशॉट भी मिला, जिसमें कहीं भी हेट क्राइम का जिक्र नहीं है।

मातृभूमि अखबार में 30 अप्रैल को छपी खबर।

वायरल वीडियो को फेक व भड़काऊ सांप्रदायिक दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल विचारधारा विशेष से प्रेरित है।

निष्कर्ष: केरल में हुई सड़क दुर्घटना के वीडियो को हेट क्राइम का बताते हुए फेक दावे के साथ के साथ शेयर किया जा रहा है। कार से टक्कर लगने के बाद कार चालक दुर्घटनास्थल से फरार नहीं हुआ था, बल्कि वह पीड़िता की मदद करने के लिए वापस आया था। हालांकि, एडिटेड क्लिप में इस हिस्से को नहीं दिखाया गया है, जिससे यह प्रतीत हो रहा है कि कार चालक मुस्लिम महिला को टक्कर मारने के बाद वहां से फरार हो गया।

  • Claim Review : मुस्लिम होने की वजह से कार चाकर ने महिला को मारी टक्कर।
  • Claimed By : FB User-Master Jee
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later