Fact Check: पहलगाम हमले के बाद सरकार की कार्रवाई पर जागरण के लोगो के साथ वायरल ग्राफिक्स एडिटेड है
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत सरकार की तरफ से डॉन समेत 16 पाकिस्तानी यू-ट्यूब चैनलों को बंद किए जाने के फैसले की जागरण.कॉम पर प्रकाशित खबर में इस्तेमाल इन्फोग्राफिक्स को एडिट कर शेयर किया जा रहा है, जिसमें राहुल गांधी पर तंज कसा गया है।
- By: Abhishek Parashar
- Published: May 2, 2025 at 03:04 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए सिंधु जल संधि को स्थगित किए जाने समेत कई अन्य फैसले लिए हैं, जिसमें डॉन समेत 16 बड़े पाकिस्तानी यू-ट्यूब चैनल को बैन किया जाना शामिल हैं। इसी संदर्भ में सोशल मीडिया यूजर्स दैनिक जागरण के लोगो वाले इन्फोग्राफिक्स को शेयर कर रहे हैं, जिसमें इस खबर के साथ राहुल गांधी पर विवादित टिप्पणी की गई है।
विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को गलत पाया। वायरल इन्फोग्राफिक्स एडिट कर तैयार किया गया है, जिसमें जागरण.कॉम पर प्रकाशित खबर के स्क्रीनशॉट का इस्तेमाल करते हुए तैयार किया गया है।
क्या है वायरल?
सोशल मीडिया यूजर ‘ModiNama’ ने वायरल इन्फोग्राफिक्स (आर्काइव लिंक) को शेयर करते हुए लिखा है, “एक्शन पाकिस्तान पर होता है
दर्द चमचों को होता है।”

जांच किए जाने तक इस पोस्ट को करीब दो हजार लोग लाइक कर चुके हैं।
पड़ताल
वायरल इन्फोग्राफिक्स में जिस दावे का जिक्र किया गया है, उसके आधार पर की-वर्ड सर्च में हमें कई खबरें मिली, जिसमें इसका जिक्र है।
28 अप्रैल 2025 को शेयर की गई खबर के मुताबिक, “पहलगाम हमले के बाद भारत सरकार पाकिस्तान के खिलाफ लगातार कड़े एक्शन ले रही है। अब मोदी सरकार ने एक और कड़ा फैसला लिया है। अब केंद्र ने पाकिस्तान के कई बड़े यूट्यूब चैनल बैन कर दिए हैं। सरकार ने भारत उसकी सेना और सुरक्षा एजेंसियों के खिलाफ भड़काऊ झूठे भ्रामक बयान और गलत सूचना प्रसारित करने के लिए ये फैसला लिया।”
रिपोर्ट के मुताबिक, “केंद्रीय गृह मंत्रालय ने आधारहीन झूठी तथा संप्रादायिक रूप से संवेदनशील सामग्री प्रसारित करने के आरोपों में इन चैनलों पर कार्रवाई की है। वहीं सरकार ने विश्व के चर्चित न्यूज संस्थान बीबीसी की पहलगाम हमले के आतंकवादियों को उग्रवादी बताने की उसकी रिपोर्टिंग पर भी आपत्ति जताई है। साथ ही बीबीसी की कवरेज की मानटिरिंग करने का फैसला किया है। पाकिस्तानी चैनलों पर प्रतिबंध की गृह मंत्रालय की सिफारिश पर अमल करते हुए सूचना प्रसारण मंत्रालय ने इन पर तत्काल प्रभाव से बैन लगा दिया।”
इस खबर में जिस ग्राफिक्स का इस्तेमाल किया गया है, वह वायरल पोस्ट में नजर आ रही ग्राफिक्स से अलग है, जिसे यहां देखा जा सकता है।

वायरल पोस्ट को लेकर हमने हमारे सहयोगी जागरण.कॉम के एग्जीक्यूटिव एडिटर अनिल पांडेय से संपर्क किया। उन्होंने पुष्टि करते हुए बताया, “यह जागरण.कॉम का इन्फोग्राफिक्स नहीं है।”
गौरतलब है कि पहलगाम में हुए आतंकी हमले में कुल 26 लोग मारे गए हैं। इस हमले के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी (सीसीएस) की बैठक हुई थी, जिसमें सिंधु जल समझौता (1960) को स्थगित किए जाने समेत अन्य कार्रवाई का जिक्र था।
पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने श्रीनगर में सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की। इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री श्रीनगर का दौरा कर चुके हैं।
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए हमले से संबंधित अन्य वायरल फेक व भ्रामक दावों की फैक्ट चेक रिपोर्ट को यहां देखा जा सकता है।
निष्कर्ष: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत सरकार की तरफ से डॉन समेत 16 पाकिस्तानी यू-ट्यूब चैनलों को बंद किए जाने के फैसले की जागरण.कॉम पर प्रकाशित खबर में इस्तेमाल इन्फोग्राफिक्स को एडिट कर शेयर किया जा रहा है, जिसमें राहुल गांधी पर तंज कसा गया है।
- Claim Review : राहुल गांधी पर तंज कसता दैनिक जागरण का इन्फोग्राफिक्स।
- Claimed By : FB User-ModiNama
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












