Fact Check : बैंक की कतार में खड़े लोगों का वीडियो पाकिस्तान का नहीं, अफगानिस्तान का है
बैंक की कतार में खड़े लोगों का वीडियो अफगानिस्तान का है और करीब चार साल पुराना है। इस वीडियो को एडिट कर 5 सेकेंड पर पाकिस्तान के बैंक के लोगो को जोड़ा गया है और अब उसे गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
- By: Pragya Shukla
- Published: May 8, 2025 at 04:50 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर पाकिस्तान का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है वीडियो में बैंक के बाहर बहुत सारे लोगों को खड़े हुए देखा जा सकता है। वीडियो को हाल का बताते हुए शेयर कर दावा किया जा रहा है कि भारत और पाकिस्तान के बीच चल रहे तनाव के कारण पाकिस्तानी बैंकों से पैसा निकालकर अपने घर पर रख रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। असल में बैंक की कतार में खड़े लोगों का वीडियो अफगानिस्तान का है और करीब चार साल पुराना है। इस वीडियो को एडिट कर 5 सेकेंड पर पाकिस्तान के बैंक के लोगो को जोडा गया है और अब उसे गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल ?
फेसबुक यूजर अशोक साहू ने वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “भारत के साथ युद्ध के दौरान अपने बैंकों के ढह जाने से पहले घबराए हुए पाकिस्तानी अपना पैसा निकालने के लिए बैंकों के बाहर कतार में खड़े हैं।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल पोस्ट की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वीडियो का लंबा वर्जन टीआरटी वर्ल्ड नामक यूट्यूब चैनल पर मिला। वीडियो को 31 अगस्त 2021 को शेयर किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, बैंक के बाहर कतार में खड़े लोगों का वायरल वीडियो अफगानिस्तान के काबुल शहर का है। तालिबान के प्रतिबंधों के डर से लोगों ने बैंकों से पैसा निकालना शुरू कर दिया है। वीडियो में कहीं भी पाकिस्तान बैंक का या फिर उसके लोगो का जिक्र नहीं है।
गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च कर हमें दावे से जुड़ी कई मीडिया रिपोर्ट्स मिली। स्पैनिश भाषा में द फ्रीडम पोस्ट की वेबसाइट पर 2 सितंबर 2021 को प्रकाशित रिपोर्ट के मुताबिक, बैंकों के खुलने के बाद हजारों की संख्या में लोगों ने वहां पर जाकर पैसे निकालना शुरू कर दिया था। लोगों ने तालिबान के प्रतिबंधों के डर से ऐसा करना शुरू किया था।

अन्य न्यूज रिपोर्ट्स को यहां, यहां, यहां और यहां पर देखा जा सकता है।
वीडियो की शुरुआत में देखा जा सकता है कि बैंक का नाम अजीजी बैंक हैं, जिसके बाहर लोगों की कतार लगी हुई है। हमने गूगल पर इस बैंक के बारे में सर्च किया। हमने पाया कि यह बैंक असल में अफगानिस्तान में स्थित बैंक है। वीडियो में दिखाया गया दूसरे बैंक का नाम है द फस्ट माइक्रो फाइनेंस बैंक लिमिटेड इसके बारे में भी हमने गूगल पर सर्च करने पर पाया कि यह अफगानिस्तान में स्थित बैंक है।
हमारी अब तक की पड़ताल से यह साफ होता है कि असली वीडियो अफगानिस्तान का है और साल 2021 का है। वायरल वीडियो को एडिट कर 5 सेकेंड पर पाकिस्तान के बैंक के लोगो को जोड़ गया है।
अधिक जानकारी के लिए हमने अफगानिस्तान के पत्रकार जावेद तनवीर से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल दावा गलत है। यह वीडियो करीब चार साल पुराना है और अफगानिस्तान का है।
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर एक विचारधारा से जुड़ी पोस्ट को शेयर करता है। यूजर को छह हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष : विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि असल में बैंक की कतार में खड़े लोगों का वीडियो अफगानिस्तान का है और करीब चार साल पुराना है। इस वीडियो को एडिट कर 5 सेकेंड पर पाकिस्तान के बैंक के लोगो को जोड़ा गया है और अब उसे गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
- Claim Review : भारत-पाक तनाव की वजह से पाकिस्तान में लोगों ने बैंकों से पैसे निकालना किया शुरू।
- Claimed By : FB User Ashok Sahu
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












