Fact Check: भारत में सभी एयरपोर्ट्स को बंद किए जाने का दावा गलत और महज अफवाह
निष्कर्ष: भारत में सभी एयरपोर्ट्स को बंद किए जाने का दावा गलत और अफवाह है। देश के कुछ एयरपोर्ट्स से व्यावासायिक परिचालन को रोका गया है, लेकिन दिल्ली, मुंबई समेत अन्य राज्यों के एयरपोर्ट से देश में सामान्य रूप से हवाई परिचालन जारी है।
- By: Abhishek Parashar
- Published: May 9, 2025 at 04:46 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। भारत और पाकिस्तान के बीच जारी तनाव के बीच सोशल मीडिया यूजर्स एक इन्फोग्राफिक्स को शेयर करते हुए दावा कर रहे हैं कि भारत सरकार ने सभी एयरपोर्ट पर एंट्री को बंद कर दिया है।
विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को फेक पाया। सरकार ने ऐसा कोई फैसला नहीं किया है। न्यूज रिपोर्ट्स के मुताबिक, उत्तर, पश्चिमी और मध्य भारत के कुल 27 एयरपोर्ट्स को व्यावसायिक परिचालन के लिए बंद किया गया है, लेकिन यह दावा पूरी तरह से गलत है कि देश के सभी एयरपोर्ट्स पर प्रवेश को पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया गया है। दिल्ली एयरपोर्ट समेत देश के अन्य एयरपोर्ट्स से सामान्य परिचालन हो रहा है।
क्या है वायरल?
सोशल मीडिया यूजर ‘Vantage Bharat’ ने वायरल इन्फोग्राफिक्स (आर्काइव लिंक) को शेयर करते हुए लिखा है, “Entry to airports across India is banned.”
कई अन्य यूजर्स ने इस इन्फोग्राफिक्स को समान और मिलते-जुलते दावे के साथ शेयर किया है।
पड़ताल
वायरल पोस्ट में किए गए दावे की जांच के लिए हमने कई उपलब्ध फ्लाइट ट्रैकर वेबसाइट पर मौजूद डेटा को चेक किया। दिल्ली एयरपोर्ट के फ्लाइट ट्रैकर डेटा के मुताबिक, नौ मई को एयरपोर्ट से सामान्य परिचालन जारी है।
फ्लाइटवेयर.कॉम का एयरबॉर्न फ्लाइट्स डेटा भारत से और भारत में आने वाले सामान्य विमान परिचालन की पुष्टि करता है।
मुंबई एयरपोर्ट का फ्लाइट ट्रैकर डेटा भी सामान्य विमान परिचालन की पुष्टि करता है। केंद्र सरकार की नोडल इन्फॉर्मेशन एजेंसी पीआईबी ने भी इस दावे का खंडन करते हुए बताया है कि देश भर में एयरपोर्ट्स पर प्रवेश को प्रतिबंधित किए जाने का दावा फेक है।
केंद्र सरकार की तरफ से ऐसा कोई फैसला नहीं लिया गया है। गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारतीय वायुसेना के हवाई अभ्यास को देखते हुए भारत के नागर विमानन प्राधिकारण ने ‘नोटिस टू एयरमेन’ यानी नोटम जारी किया था।
इसी के तहत भारत के कई एयरपोर्ट्स को बंद किया गया था। डीडी न्यूज की रिपोर्ट में इन बंद एयरपोर्ट्स की सूची को देखा जा सकता है।
ईटी की आठ मई की रिपोर्ट के मुताबिक, उत्तरी, पश्चिमी और केंद्रीय भारत के कुल 27 एयरपोर्ट्स पर 10 मई तक के लिए व्यावसायिक परिचालन को बंद किया गया है।
कई अन्य रिपोर्ट्स में भी इसका जिक्र है। न्यूज सर्च में हमे दिल्ली एय़रपोर्ट के आधिकारिक एक्स हैंडल से नौ मई को दोपहर ढाई बजे जारी की हुई एडवाइजरी मिली, जिसमें एयरपोर्ट से सामान्य परिचालन का जिक्र किया गया है।
इस एडवाइजरी में लोगों से किसी भी गैर सत्यापित सूचना पर भरोसा नहीं करने की अपील की गई है। दिल्ली एयरपोर्ट की वेबसाइट पर भी यह एडवाइजरी मौजूद है। अतिरिक्त पुष्टि के लिए हमने दिल्ली एयरपोर्ट को संचालित करने वाली कंपनी जीएमआर की जनसंपर्क टीम से संपर्क किया। उन्होंने बताया, “दिल्ली एयरपोर्ट को बंद किए जाने का दावा गलत है। एयरपोर्ट से सामान्य परिचालन जारी है।”
पहलगाम आतंकी हमले के 15 दिनों बाद ‘ऑपरेशन सिंदूर‘ के तहत भारत ने पाकिस्तान और पाक अधिकृत कश्मीर में एयर स्ट्राइक किया है। विदेश मंत्रालय की तरफ से जारी बयान को यहां पढ़ा जा सकता है।
गौरतलब है कि 22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद 23 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी (सीसीएस) की बैठक हुई थी, जिसमें सिंधु जल समझौता, 1960 को स्थगित किए जाने का फैसला लिया गया था।
इस हमले में कुल 26 लोगों की मौत हुई थी, जिसमें एक नेपाली नागरिक भी शामिल था। न्यूज रिपोर्ट के मुताबिक, भारत के इस फैसले के बाद पाकिस्तान ने भी शिमला समझौता को स्थगित किए जाने की चेतावनी दी है। बताते चलें कि दोनों देशों के बीच यह ऐतिहासिक समझौता 1972 में हुआ था।
सेना की तरफ से जारी बयान के मुताबिक, पाकिस्तान ने आठ और नौ मई को भारत के अलग-अलग इलाकों में ड्रोन और अन्य हथियारों से हमला किया, जिसे सेना ने मार गिराया।
वायरल इन्फोग्राफिक्स को शेयर करने वाले यूजर को फेसबुक पर करीब 30 हजार लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: भारत में सभी एयरपोर्ट्स को बंद किए जाने का दावा गलत और अफवाह है। देश के कुछ एयरपोर्ट्स से व्यावासायिक परिचालन को रोका गया है, लेकिन दिल्ली, मुंबई समेत अन्य राज्यों के एयरपोर्ट से देश में सामान्य रूप से हवाई परिचालन जारी है।
- Claim Review : भारत में बंद किए गए सभी एयरपोर्ट्स।
- Claimed By : FB User-Vantage Bharat
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












