Fact Check: भारत की कार्रवाई में पाकिस्तान के नूर खान एयरबेस को भारी नुकसान, वायरल वीडियो सूडान का है
भारत के सैन्य और असैन्य ठिकानों पर लगातार हवाई हमले की कोशिश कर रहे पाकिस्तान को जवाब देने के लिए भारत ने कई एयर बेस, एयर डिफेंस सिस्टम और सैन्य बुनियादी ढांचों को निशाना बनाया था, जिसमें नूर खान स्थित एयर बेस भी शामिल था। सेना की तरफ से दी गई जानकारी और अन्य न्यूज रिपोर्ट्स नूर खान एयर बेस को हुए भारी नुकसान की पुष्टि करते हैं। हालांकि, इस हमले के नाम पर जिस वीडियो को नूर खान एयर बेस का बताकर शेयर किया जा रहा है, वह सूडान के खार्तूम अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का है, जहां सूडानी सेना और रैपिड सपोर्ट फोर्सेज (आएएफ) के बीच हुई झड़प के बाद एयरपोर्ट और वहां मौजूद विमानों को भारी नुकसान हुआ था।
- By: Abhishek Parashar
- Published: May 14, 2025 at 02:28 PM
- Updated: May 16, 2025 at 06:19 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाली कश्मीर (पीओके) में कई आतंकी शिविरों को निशाना बनाते हुए एयर स्ट्राइक किया था। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत की गई कार्रवाई में भारत ने पाकिस्तान के कई रडार और एयर डिफेंस को ध्वस्त कर दिया। पाकिस्तान के जिन टारगेट को भारतीय सेना ने निशाना बनाया, उसमें नूर खान एयर बेस भी था।
इसी संदर्भ में सोशल मीडिया यूजर्स एक वीडियो क्लिप को शेयर कर रहे हैं, जिसमें पूरी तरह से तबाह एयर पोर्ट को देखा जा सकता है। दावा कि जा रहा है कि यह वीडियो पाकिस्तान के रावलपिंडी स्थित नूर खान एयरबेस का है।
भारत के सिविल और मिलिट्री टारगेट को निशाना बनाने की विफल कोशिश का जवाब देते हुए भारत ने पाकिस्तान के कई एयर डिफेंस सिस्टम,रडार, एयर बेस और मिलिट्री इन्फ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाया था, जिसमें चकलाला (अब नूर खान) भी शामिल था। सैटेलाइट इमेज के आधार पर लिखी गई कई रिपोर्ट्स से भी नूर खान एयबेस को हुए नुकसान की पुष्टि होती है। हालांकि, जिस वीडियो को शेयर ऐसा दावा किया जा रहा है, वह भारत की जवाबी कार्रवाई से संबंधित नहीं है, बल्कि सूडान के खार्तूम एयरपोर्ट का है।
क्या है वायरल?
सोशल मीडिया यूजर ‘Chandra Shekhar Bhandari’ ने वायरल वीडियो (आर्काइव लिंक) को शेयर करते हुए लिखा है, “पाकिस्तान के नूर खान एयरबेस की बर्बादी की तस्वीर, भारत ने रावलपिंडी की आंख फोड़ी, चीन भी नहीं रोक पाया तबाही।”
सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर कई अन्य यूजर्स ने इस वीडियो को समान दावे के साथ शेयर किया है।
पड़ताल
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद कार्रवाई करते हुए भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाली कश्मीर (पीओके) में नौ ठिकानों पर आतंकी शिविरों को निशाना बनाया था। इसके बाद पाकिस्तान ने भारत के कई सैन्य और असैन्य ठिकानों पर एरियल स्ट्राइक की कोशिश की थी, जिसे भारतीय सेना और एयर डिफेंस सिस्टम ने नाकाम कर दिया था।
हालांकि, पाकिस्तान की तरफ से लगातार जारी ऐसे हमलों का जवाब देने के लिए भारतीय सेना ने पाकिस्तान के कई एयर बेस,डिफेंस सिस्टम और सैन्य बुनियादी ढांचों को निशाना बनाया।
11 मई को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर सेना की तरफ से किए गए प्रेस कॉन्फ्रेंस में एयर मार्शल एके भारती ने भारत की इस कार्रवाई के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि सेना ने पाकिस्तान को सबक सिखाने के लिए पाकिस्तान के “एयर बेस,कमांड सेंटर, मिलिट्री इन्फ्रास्ट्रक्चर्स , एयर डिफेंस सिस्टम” को निशाना बनाया। उन्होंने कहा कि जिन बेस को इस दौरान निशाना बनाया गया, उसमें चकलाला (अब नूर खान), रफीकी, रहीम यार खान समेत अन्य ठिकाने शामिल थे।
कई अन्य न्यूज रिपोर्ट्स में भी भारत की इस कार्रवाई का जिक्र है।
हिंदुस्तान टाइम्स की 13 मई की रिपोर्ट में न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के हवाले से नूर खान एयरबेस को हुए नुकसान को बयां करती सैटेलाइट इमेज का इस्तेमाल किया गया है।

इसी रिपोर्ट में न्यूज एजेंसी एएफपी ने मैक्सार टेक्नोलॉजिज के सैटेलाइट इमेज का इस्तेमाल किया है, जो नूर खान एयर बेस को हुए गंभीर नुकसान को बयां करता है।
इन सभी रिपोर्ट्स में नूर खान एयर बेस की जिस तस्वीर का इस्तेमाल किया गया, वह वायरल वीडियो से मेल नहीं खाता है।
वायरल वीडिय के ऑरिजिनल सोर्स को ढूंढने के लिए हमने रिवर्स इमेज सर्च की मदद ली और सर्च में हमें यह वीडियो ‘Bangla Audio Books’ नामक यू-ट्यूब चैनल पर करीब एक महीने पहले अपलोड किया हुआ मिला।
एक अप्रैल 2025 को अपलोड इस वीडियो के साथ दी गई जानकारी के मुताबिक,यह सूडान के खार्तूम अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर हुई तबाही का वीडियो है।
यह वीडियो हमें एक अन्य सोशल मीडिया यूजर्स की प्रोफाइल पर समान संदर्भ में एक अप्रैल को अपलोड किया हुआ मिला। दी गई जानकारी के मुताबिक, यह वीडियो सूडान की सेना और रैपिड सपोर्ट फोर्सेज (आएएफ) के बीच मई 2023 में हुई झड़प के बाद का है।
अतिरिक्त पुष्टि के लिए हमने इस वीडियो को लेकर सूडान के पत्रकार और बीम रिपोर्ट्स के सह-संस्थापक मोहम्मद नागी से संपर्क किया। उन्होंने पुष्टि करते हुए बताया, “यह वीडियो सूडान के खार्तूम अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का है।”
वायरल वीडियो को फेक दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर को फेसबुक पर करीब पांच हजार लोग फॉलो करते हैं।
गौरतलब है कि पहलगाम आतंकी हमले के 15 दिनों बाद ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत भारत ने पाकिस्तान और पाक अधिकृत कश्मीर में आतंकी शिविरों को निशाना बनाते हुए एयर स्ट्राइक किया था।
‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद पाकिस्तान की तरफ से सुनियोजित प्रोपेगेंडा के तहत फेक और भ्रामक दावे किए जा रहे हैं, जिसकी फैक्ट चेक रिपोर्ट को विश्वास न्यूज की वेबसाइट पर पढ़ा जा सकता है। कुछ महत्वपूर्ण फैक्ट चेक रिपोर्ट को यहां, यहां और यहां पढ़ा जा सकता है।
निष्कर्ष: भारत के सैन्य और असैन्य ठिकानों पर लगातार हवाई हमले की कोशिश कर रहे पाकिस्तान को जवाब देने के लिए भारत ने कई एयर बेस, एयर डिफेंस सिस्टम और सैन्य बुनियादी ढांचों को निशाना बनाया था, जिसमें नूर खान स्थित एयर बेस भी शामिल था। सेना की तरफ से दी गई जानकारी और अन्य न्यूज रिपोर्ट्स नूर खान एयर बेस को हुए भारी नुकसान की पुष्टि करते हैं। हालांकि, इस हमले के नाम पर जिस वीडियो को नूर खान एयर बेस का बताकर शेयर किया जा रहा है, वह सूडान के खार्तूम अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का है, जहां सूडानी सेना और रैपिड सपोर्ट फोर्सेज (आएएफ) के बीच हुई झड़प के बाद एयरपोर्ट और वहां मौजूद विमानों को भारी नुकसान हुआ था।
- Claim Review : पाकिस्तान के नूर खान एयरबेस की बर्बादी की तस्वीर।
- Claimed By : FB User-Chandra Shekhar Bhandari
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












