Fact Check : गेमिंग वीडियो को जम्मू में ड्रोन हमले के दावे से किया जा रहा वायरल
जम्मू में एक परिवार पर ड्रोन हमले के दावे से वायरल वीडियो गेमिंग वीडियो है और यह जनवरी से इंटरनेट पर मौजूद है, जबकि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ 6-7 मई की दरमियानी रात को शुरू हुआ था।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: May 14, 2025 at 05:13 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। 22 अप्रैल को पहलगाम हमले के बाद भारतीय सेना ने 6-7 मई की दरमियानी रात को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ शुरू किया था। इसके तहत भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) के नौ आतंकी ठिकानों पर एयर स्ट्राइक की थी। इसके बाद पाकिस्तान ने भारत के सीमावर्ती इलाकों में ड्रोन अटैक किया था, जिसे भारत के एयर डिफेंस सिस्टम ने नाकाम कर दिया था।
ड्रोन अटैक से जोड़कर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें एक गतिमान वाहन को धमाके के साथ उड़ते हुए देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इसे शेयर कर दावा कर रहे हैं कि यह वीडियो जम्मू में एक परिवार पर हुए ड्रोन अटैक का है। विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि वायरल वीडियो जनवरी 2025 से इंटरनेट पर मौजूद है और यह एक गेमिंग वीडियो है। इसका ‘ऑपरेशन सिंदूर’ से कोई संबंध नहीं है।
क्या हो रहा है वायरल?
एक्स यूजर जितेंद्र प्रताप सिंह ने 10 मई को वीडियो को पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए इसे जम्मू में एक परिवार पर हुए ड्रोन अटैक का बताया। वीडियो में पंजाबी में लिखा है, रात में बत्तियां बंद करनी क्यों जरूरी है?
फेसबुक यूजर ‘ठाकुर अंशुमान सिंह‘ ने 10 मई को वीडियो को पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा,
“लाइट बंद करना बहुत जरूरी है क्योंकि जम्मू में जिस परिवार पर ड्रोन गिरा उसे परिवार ने लाइट चालू रखी थी, असल में इन ड्रोन में लाइट सेंसर होता है जो रोशनी को सेंस करके रोशनी पर ही अटैक करता है इसीलिए कृपया जब सायरन बजे तो अपने घर की पूरी लाइट बंद कर दीजिए“

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने सबसे पहले एक्स यूजर जितेंद्र प्रताप सिंह की पोस्ट को चेक किया। यूजर घर की बात कर रहा है, जबकि वीडियो में चलती हुई गाड़ी दिख रही है। पोस्ट के कमेंट में एक यूजर ने इसे आर्मा 3 गेम का वीडियो बताया है, जबकि कुछ यूजर्स ने इसे गेमिंग वीडियो बताया है।
वीडियो का स्क्रीनशॉट लेकर गूगल लेंस से सर्च करने पर इंस्टा यूजर singer_rajendra_yadav ने 26 अप्रैल को इस क्लिप को एक अन्य क्लिप के साथ मर्ज करके पोस्ट किया है।

वायरल वीडियो पर OMARSHEX1 लिखा हुआ है। इस आधार पर हमने इंस्टाग्राम यूजर OMARSHEX1 के अकाउंट को वीपीएन एक्सप्रेस की मदद से चेक किया। इस अकाउंट से 4 मार्च को इस वीडियो को पोस्ट किया गया है। इस पर कुछ यूजर्स ने इसे आर्मा 3 गेमिंग वीडियो बताया है।

इस प्रोफाइल से कई गेमिंग वीडियो पोस्ट किए गए हैं।
गेमिंग वीडियो पोस्ट करने वाले फेसबुक यूजर Diar Gaming ने भी इस वीडियो को 11 जनवरी को पोस्ट किया है।

यूजर की प्रोफाइल में उसने खुद को गेमिंग वीडियो क्रिएटर लिखा है। इस पर कंबोडिया का नंबर दिया गया है। इसमें OMARSHEX1 इंस्टाग्राम अकाउंट का लिंक भी दिया गया है।

हमारी अब तक जांच में यह साबित हो गया कि वायरल वीडियो पहलगाम हमले और इसके बाद हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के पहले से सोशल मीडिया पर मौजूद है। इससे यह साफ हो गया कि इसका भारत-पाकिस्तान के वर्तमान हालात से कोई संबंध नहीं है।
पीआईबी की प्रेस रिलीज के अनुसार, पहलगाम हमले में 25 भारतीय और एक नेपाली नागरिक की मौत हो गई थी। इसके बाद 6-7 मई की दरमियानी रात को भारतीय सशस्त्र बलों ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ शुरू किया था और पाकिस्तान और पीओके के नौ आतंकी ठिकानों को टारगेट किया था।

10 मई को ADG PI – INDIAN ARMY के एक्स हैंडल से पोस्ट कर जानकारी दी गई कि 8 और 9 मई की रात को जम्मू-कश्मीर और पंजाब के कई शहरों में ड्रोन हमलों की कोशिश करने के पाकिस्तान के दुस्साहस के जवाब में भारतीय सेना ने आतंकवादी लॉन्च पैडों पर हमला कर उन्हें नष्ट कर दिया।
दैनिक जागरण के 11 मई के जम्मू संस्करण में छपी खबर में लिखा है कि पाकिस्तान की तरफ से जम्मू की घनी आबादी वाले इलाकों में ड्रोन अटैक किया गया।

इस बारे में हमने जम्मू में सैन्य मामलों को देखने वाले दैनिक जागरण के प्रमुख संवाददाता विवेक सिंह से संपर्क करते हुए उनको वायरल वीडियो भेजा। उन्होंने कहा कि वीडियो में दिखाई गई घटना जम्मू में नहीं हुई है। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान यहां ऐसा कुछ भी नहीं हुआ है। यह जम्मू का वीडियो नहीं है।
वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले एक्स यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। एक विचारधारा से प्रभावित यूजर के एक लाख पांच हजार से ज्यादा फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: जम्मू में एक परिवार पर ड्रोन हमले के दावे से वायरल वीडियो गेमिंग वीडियो है और यह जनवरी से इंटरनेट पर मौजूद है, जबकि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ 6-7 मई की दरमियानी रात को शुरू हुआ था।
- Claim Review : यह वीडियो जम्मू में एक परिवार पर हुए ड्रोन अटैक का है।
- Claimed By : X User- jpsin1
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












