Fact Check: इमरान खान की मौत का दावा FAKE, इस दावे से वायरल पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय की विज्ञप्ति क्रिएटेड है
पाकिस्तान के खिलाफ भारत की कार्रवाई के बीच भ्रष्टाचार के मामले में सजायाफ्ता पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की जेल में मृत्यु का दावा फेक है और इस दावे के साथ वायरल हो रहा पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय की विज्ञप्ति भी फेक और क्रिएटेड है।
- By: Abhishek Parashar
- Published: May 15, 2025 at 12:59 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों पर की गई कार्रवाई के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच पैदा हुई तनाव की स्थिति में सोशल मीडिया यूजर्स ने पाकिस्तानी सेना की भूमिका पर सवाल उठाते हुए यह दावा किया गया कि इस दौरान जेल में बंद पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की हत्या कर दी गई है। इस दावे के साथ विदेश मंत्रालय की एक प्रेस विज्ञप्ति वायरल हो रही है, जिसमें किसी तारीख का जिक्र नहीं है और इसी में इमरान खान की मृत्यु का दावा किया गया है।
विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को फेक पाया और इस दावे के साथ वायरल हो रही विदेश मंत्रालय की विज्ञप्ति भी फेक है। साथ ही पाकिस्तान के जेल में बंद इमरान खान की मृत्यु का दावा भी फेक है।
क्या है वायरल?
सोशल मीडिया यूजर ‘News Thikana’ ने वायरल पोस्ट (आर्काइव लिंक) को शेयर करते हुए लिखा है, “इमरान खान के निधन की खबर से पाकिस्तान में हाहाकार!..पूरा पढ़े..कॉमेंट सेक्शन में..।”
सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर कई अन्य यूजर्स ने इस पोस्ट को समान दावे के साथ शेयर किया है।
पड़ताल
न्यूज सर्च में हमें भारत और पाकिस्तान की किसी भी विश्वसनीय न्यूज रिपोर्ट्स में इमरान खान की मृत्यु की कोई सूचना नहीं मिली।
पाकिस्तानी न्यूज वेबसाइट्स डॉन.कॉम की 12 मई की रिपोर्ट के मुताबिक, इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) ने उनकी रिहाई की मांग को लेकर रैली निकाली।
इसके बाद हमने पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय की आधिकारिक एक्स प्रोफाइल को चेक किया। इस हैंडल से सबसे हालिया आधिकारिक विज्ञप्ति की संख्या 137 (137/2025) है, जबकि वायरल पोस्ट में नजर आ रही विज्ञप्ति की संख्या 427/2025 है।
पाकिस्तान सरकार की सूचना और प्रसारण मंत्रालय की एक्स हैंडल से भी इसका वायरल विज्ञप्ति और इसमें किए गए दावे का खंडन किया गया है।
हालांकि, इस हैंडल को भारत में विदहेल्ड कर लिया गया है, जिसकी वजह से सामान्य यूजर्स इस हैंडल को नहीं देख सकते हैं। हमने एक्सप्रेस वीपीएन टूल की मदद से इस पोस्ट को देखा, जिसके स्क्रीनशॉट को यहां देखा जा सकता है।

वायरल पोस्ट में किए गए दावे को लेकर हमने पाकिस्तान की पत्रकार लुब्ना जरार नकवी से संपर्क किया। उन्होंने इमरान खान की हिरासत में मृत्यु के दावे को फेक बताया और कहा, “कुछ दिनों पहले इमरान खान के वकील ने जेल में उनसे हुई मुलाकात के बाद इसकी पुष्टि की थी।”
गौरतलब है कि इमरान खान भ्रष्टाचार के मामले में 14 वर्ष की सजा काट रहे हैं।
गौरतलब है कि पहलगाम आतंकी हमले के 15 दिनों बाद ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत भारत ने पाकिस्तान और पाक अधिकृत कश्मीर में आतंकी शिविरों को निशाना बनाते हुए एयर स्ट्राइक किया था।
‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर फेक और भ्रामक दावों की बाढ़ सी आ गई है, जिसकी फैक्ट चेक रिपोर्ट को विश्वास न्यूज की वेबसाइट पर पढ़ा जा सकता है। कुछ महत्वपूर्ण फैक्ट चेक रिपोर्ट को यहां, यहां और यहां पढ़ा जा सकता है।
वायरल पोस्ट को फेक दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर को फेसबुक पर करीब आठ लाख लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: पाकिस्तान के खिलाफ भारत की कार्रवाई के बीच भ्रष्टाचार के मामले में सजायाफ्ता पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की जेल में मृत्यु का दावा फेक है और इस दावे के साथ वायरल हो रहा पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय की विज्ञप्ति भी फेक और क्रिएटेड है।
- Claim Review : पाकिस्तान की जेल में बंद इमरान खान की मौत।
- Claimed By : FB User-News Thikana
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












