Fact Check: पाकिस्तान की ट्रेन में आग लगने का यह वीडियो 2019 का है, भ्रामक दावा वायरल
विश्वास न्यूज ने जांच में पाया कि ट्रेन में लगी आग का यह वीडियो हालिया नहीं है। असल में यह घटना साल 2019 की है, जब पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में तेजगाम एक्सप्रेस ट्रेन में गैस स्टोव में विस्फोट के कारण आग लग गई थी। उसी पुराने वीडियो को अब हालिया संदर्भ से जोड़कर गलत दावे से शेयर किया जा रहा है।
- By: Jyoti Kumari
- Published: May 16, 2025 at 11:16 AM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। 22 अप्रैल को पहलगाम हमले के बाद भारतीय सेना ने 6-7 मई की दरमियानी रात को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ शुरू किया था। इसके तहत भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) के नौ आतंकी ठिकानों पर एयर स्ट्राइक की थी। इसके बाद पाकिस्तान ने भारत के सीमावर्ती इलाकों में ड्रोन अटैक किया था, जिसे भारत के एयर डिफेंस सिस्टम ने नाकाम कर दिया था। इसी से जोड़कर एक जलती ट्रेन का वीडियो वायरल हो रहा है। दावा किया जा रहा है कि पाकिस्तान की ट्रेन में लगी आग का यह वीडियो हालिया है। इस वीडियो को भारत पाक तनाव से जोड़कर वायरल किया जा रहा है।
विश्वास न्यूज की पड़ताल में वायरल दावा गलत निकला। असल में यह घटना साल 2019 की है, जब गैस स्टोव में विस्फोट होने के बाद ट्रेन में आग लग गई थी। उसी वीडियो को अब हालिया संदर्भ से जोड़कर शेयर किया जा रहा है। इस वीडियो का जम्मू-कश्मीर और पहलगाम हमले से कोई संबंध नहीं है।
क्या है वायरल पोस्ट में?
इंस्टाग्राम यूजर farmin_life744 ने वायरल 9 मई 2025 को वीडियो को शेयर किया है। जिस पर लिखा हुआ,”Jammu वालो ने Pakistan train जला दी”
पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो से जुड़ी रिपोर्ट news.com.au की वेबसाइट पर मिली। रिपोर्ट को 31 अक्टूबर 2019 को प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, वायरल वीडियो पाकिस्तान के पूर्वी पंजाब प्रांत में एक रेलगाड़ी में लगी आग का है। जिसमें गैस स्टोव फटने से भीषण आग लग गई थी और करीबन 65 यात्रियों की मौत हो गई थी।”
सर्च के दौरान हमें वॉयस ऑफ़ अमेरिका के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर वीडियो मिला। वीडियो को 31 अक्टूबर 2019 को अपलोड किया गया था। दी गई जानकारी अनुसार,”पूर्वी पंजाब प्रांत में पाकिस्तान के रहीमयार खान शहर के पास एक यात्री ट्रेन में आग लगने से करीबन 74 लोगों की मौत हो गई और कई सारे लोग घायल हो गए। यह ट्रेन दक्षिणी शहर कराची से रावलपिंडी जा रही थी,उसी समय यह हादसा हुआ था। आग लगने का कारण ट्रेन में यात्रियों द्वारा नाश्ता पकाने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले दो गैस स्टोव का फटना बताया गया।”
अक्टूबर 2019 को प्रकाशित दैनिक जागरण की वेबसाइट पर भी इस घटना का समान संदर्भ में जिक्र है।
वायरल वीडियो से जुड़ी अन्य खबरें यहां पढ़ी जा सकती है।
हमने वीडियो को पाकिस्तान की जर्नलिस्ट फरवा वहीद के साथ शेयर किया। उन्होंने बताया कि वीडियो पाकिस्तान का ही है, पर यह घटना हालिया नहीं है। यह वीडियो बहुत पुराना है।
अंत में हमने वीडियो को शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को स्कैन किया। पता चला कि इंस्टाग्राम यूजर को 1,102 लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने जांच में पाया कि ट्रेन में लगी आग का यह वीडियो हालिया नहीं है। असल में यह घटना साल 2019 की है, जब पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में तेजगाम एक्सप्रेस ट्रेन में गैस स्टोव में विस्फोट के कारण आग लग गई थी। उसी पुराने वीडियो को अब हालिया संदर्भ से जोड़कर गलत दावे से शेयर किया जा रहा है।
- Claim Review : पाकिस्तान की ट्रेन में लगी आग का यह वीडियो हालिया है।
- Claimed By : इंस्टाग्राम यूजर -farmin_life744
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












