Fact Check: बेरूत की बिल्डिंग में हुए ब्लास्ट के वीडियो को जोधपुर का बताकर किया जा रहा है वायरल
विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल किया जा रहा वीडियो जोधपुर का नहीं है। असल में यह वीडियो साल 2024 का लेबनान की राजधानी बेरूत में हुए हमले का है, उसी वीडियो को अब सोशल मीडिया पर जोधपुर के नाम पर फेक दावे से वायरल किया जा रहा है।
- By: Jyoti Kumari
- Published: May 16, 2025 at 04:49 PM
- Updated: May 16, 2025 at 05:06 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज़)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक बिल्डिंग पर जोरदार धमाका होते हुए देखा जा सकता है। कुछ लोग इस वीडियो को हालिया बताकर शेयर कर रहे हैं। दावा किया जा रहा है यह वीडियो जोधपुर के एम्स हॉस्पिटल में हुए धमाके का है। कई यूजर्स ने इस वीडियो को दिल्ली, हैदराबाद और पाकिस्तान के नाम से भी शेयर किया है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में वायरल दावे को गलत पाया। असल में यह वीडियो नवंबर 2024 का है, जब लेबनान की राजधानी बेरूत की एक इमारत पर बमबारी की गई थी। उसी वीडियो को अब सोशल मीडिया पर जोधपुर में धमाका होने के फेक दावे से वायरल किया जा रहा है।
क्या है वायरल पोस्ट में ?
इंस्टाग्राम यूजर mukeshgurjar9417 ने 10 मई 2025 को वायरल पोस्ट (आर्काइव) को शेयर करते हुए लिखा, “जोधपुर में एम्स हॉस्पिटल में ”

raja__kumar__50k_follow नाम के इंस्टाग्राम यूजर ने इस वीडियो को हैदराबाद का बताकर शेयर किया है।
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने जांच शुरू करते हुए सबसे पहले संबंधित कीवर्ड से गूगल पर सर्च किया। हमें एम्स हॉस्पिटल में ब्लास्ट होने को लेकर कोई भी विश्वसनीय मीडिया रिपोर्ट नहीं मिली।
जांच को आगे बढ़ाते हुए हमने वीडियो के स्क्रीनशॉट को गूगल लेंस के जरिए सर्च किया। हमें वीडियो साल 2024 में कई जगह अपलोड मिला। anadoluimages के वेरिफाइड इंस्टाग्राम अकाउंट पर वीडियो मिला। 15 नवंबर 2024 को अपलोड वीडियो में इसे लेबनान की राजधानी बेरूत की बिल्डिंग में हुए धमाके का बताया गया है।

सर्च के दौरान हमें वीडियो से जुड़ी रिपोर्ट ynetnews.com की वेबसाइट पर मिली। खबर को 15 नवंबर 2024 को प्रकाशित किया गया है। दी गई जानकारी के अनुसार,”बेरूत में एक इमारत को निशाना बनाकर इज़रायली हवाई हमला किया गया था। इस दौरान कई हमले किए गए,जिसमें कई इमारतें ध्वस्त हो गई थी।”
हमें वायरल वीडियो से मिलता-जुलता वीडियो गार्डियन न्यूज के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिला। वीडियो को 15 नवंबर 2024 को अपलोड किया गया था। यह वीडियो दूसरे एंगल से लिया गया है। बताया गया है कि यह वीडियो इजरायली हवाई हमले में ध्वस्त हुई बेरूत की इमारत का है।
वीडियो से जुड़ी अन्य खबरें यहां पढ़ी जा सकती हैं।
इस बारे में हमने जोधपुर के स्वतंत्र पत्रकार रंजन दवे के साथ संपर्क किया। उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो जोधपुर का नहीं है। यहां ऐसी कोई घटना नहीं हुई है।
अंत में हमने वीडियो को शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को स्कैन किया। यूजर के 613 फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल किया जा रहा वीडियो जोधपुर का नहीं है। असल में यह वीडियो साल 2024 का लेबनान की राजधानी बेरूत में हुए हमले का है, उसी वीडियो को अब सोशल मीडिया पर जोधपुर के नाम पर फेक दावे से वायरल किया जा रहा है।
- Claim Review : यह जोधपुर के एम्स हॉस्पिटल का वीडियो है।
- Claimed By : इंस्टाग्राम यूजर -mukeshgurjar9417
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












