Fact Check : सपा कार्यकर्ता के आग लगने का पुराना वीडियो अब गलत दावे के साथ वायरल
विश्वास न्यूज की पड़ताल में वायरल पोस्ट गलत साबित हुई। वर्ष 2022 की घटना से जुड़े वीडियो को पीएम मोदी से जोड़ते हुए फर्जी दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।
- By: Ashish Maharishi
- Published: May 19, 2025 at 02:33 PM
नई दिल्ली (Vishvas News)। सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर एक बार फिर से एक वीडियो क्लिप वायरल हो रही है। इस क्लिप में एक शख्स को हाथ में एक प्ले कार्ड लिए हुए देखा जा सकता है। इसमें वह अचानक से आग की लपटों में घिर जाता है।
सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स इस वीडियो को अभी का बताकर दावा कर रहे हैं कि नरेंद्र मोदी का पुतला जलाने की कोशिश कर रहा शख्स खुद ही आग से जल गया। विश्वास न्यूज की पड़ताल में वायरल पोस्ट गलत साबित हुई। वर्ष 2022 की घटना से जुड़े वीडियो को पीएम मोदी से जोड़ते हुए फर्जी दावे के साथ वायरल किया जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यूपी चुनाव में समाजवादी पार्टी (सपा) की हार से दुखी होकर एक पार्टी कार्यकर्ता ने खुद को आग लगा ली थी।
क्या हो रहा है वायरल
फेसबुक यूजर बीएन पांडेय ने 18 मई को एक वीडियो पोस्ट करते हुए दावा किया, “Narendra Modi जी का पुतला जलाने आया था,अग्नि देव ने इसी को लपेट लिया।”
वायरल पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों ही लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।
पड़ताल
विश्वास न्यूज इससे पहले भी इस वायरल वीडियो की सच्चाई पाठकों के सामने ला चुका है। कीवर्ड सर्चकरने पर 10 मार्च 2022 को न्यूज मीडिया वेबसाइट आज तक में छपी एक खबर का लिंक मिला। इसमें वायरल वीडियो दूसरे एंगल से अपलोड किया गया है। खबर के मुताबिक, उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत से आहत होकर सपा कार्यकर्ता नरेंद्र सिंह उर्फ पिंटू ठाकुर ने लखनऊ में खुद को आग लगा ली।
इसी तरह 11 मार्च 2022 को न्यूज वेबसाइट लाइव हिंदुस्तान में पब्लिश खबर में बताया गया कि मतगणना के दिन सपा की हार से दुखी होकर उन्होंने विधानसभा गेट नंबर 1 पर जाकर आत्मदाह का प्रयास किया।
सर्च के दौरान नरेंद्र सिंह के फेसबुक अकाउंट पर भी वायरल वीडियो मिला। 2 जून 2024 को वीडियो को पोस्ट करते हुए लिखा गया, “पिछले विधानसभा के चुनाव में उत्तर प्रदेश में घोर बेईमानी की। जबकि विकास पुरुष अखिलेश यादव जी ने मुख्यमंत्री रहते हुए 1947 के बाद विकास के इतिहास गढे थे। मैंने 10,मार्च जिस दिन योगी की बेईमान सरकार बनी थी, अपने ऊपर आग लगाकर E.V.M.का विरोध जताया था। ऐसे ही आहुति देनी पड़ेगी। E.V.M.के खिलाफ समाजवादियों को। जय हिंद-जय समाजवाद।”
विश्वास न्यूज ने पिछली पड़ताल के दौरान दैनिक जागरण, लखनऊ के संवाददाता आशुतोष दुबे से संपर्क किया था। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया था कि सपा कार्यकर्ता को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मतगणना के दिन कानपुर के रहने वाले सपा कार्यकर्ता ने आत्मदाह का प्रयास किया था। पिछली पड़ताल को विस्तार से यहां पढ़ा जा सकता है।
विश्वास न्यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए सपा के नरेंद्र सिंह से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि 10 मार्च 2022 को उन्होंने आत्मदाह का प्रयास किया था। चुनाव में ईवीएम का गलत प्रयोग किया गया था। इसलिए हाथ में ईवीएम की तख्ती लेकर खुद को आग लगाने का प्रयास किया गया था।
जांच के अंत में फर्जी पोस्ट करने वाले यूजर की जांच की गई। फेसबुक यूजर बीएन पांडेय को छह हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। यूजर गाजियाबाद का रहने वाला है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की पड़ताल में वायरल पोस्ट गलत साबित हुई। वर्ष 2022 में सपा की हार के बाद एक पार्टी कार्यकर्ता के साथ हुई घटना के वीडियो को अब पीएम मोदी से जोड़ते हुए वायरल किया गया।
- Claim Review : Narendra Modi जी का पुतला जलाने आया था,अग्नि देव ने इसी को लपेट लिया
- Claimed By : FB User BN Pandey
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












