X
X

Fact Check: राहुल गांधी और अखिलेश यादव के साथ ज्योति मल्होत्रा की एडिटेड तस्वीरें वायरल

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ ज्योति मल्होत्रा की वायरल तस्वीरें एडिटेड हैं।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में गिरफ्तार हुई यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा को लेकर सोशल मीडिया पर कुछ पोस्ट वायरल हो रही हैं। इसमें शेयर की गई एक तस्वीर में यूट्यूबर को समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इसे शेयर करके अखिलेश यादव और सपा पर निशाना साध रहे हैं। इसी तरह से कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की दो तस्वीरों को शेयर कर दावा दावा किया जा रहा है कि ये तस्वीरें राहुल गांधी और ज्योति मल्होत्रा की हैं।

विश्वास न्यूज की जांच में वायरल तस्वीर एडिटेड निकली। असली तस्वीर जनवरी 2017 की है, जब विधानसभा चुनाव के लिए अखिलेश यादव ने सपा का घोषणापत्र रिलीज किया था। उस समय उनके साथ वहां पर उनकी पत्नी एवं सांसद डिंपल यादव मौजूद थीं। इस तस्वीर को एडिट करके वायरल किया जा रहा है। वहीं, राहुल गांधी की दोनों तस्वीरें भी एडिटेड निकली। पहली फोटो राहुल गांधी और भाजपा विधायक अदिति सिंह (पूर्व में कांग्रेस में थीं) की है, जबकि दूसरी फोटो सितंबर 2022 की राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान की है।

वायरल पोस्ट

एक्स यूजर Arun Yadav ने 18 मई को तस्वीर पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए सपा और अखिलेश यादव पर निशाना साधा।

फेसबुक यूजर Avinash Shukla ने भी 18 मई को इस तस्वीर को पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा है,

सपा का हाथ देशद्रोहियों के साथ, ये देशद्रोही ज्योति क्या कर रही सपाई ——– अंकिल के साथ

फेसबुक यूजर Mahaveer Singh ने 22 मई को तस्वीरें पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा,

हरियाणा से पाकिस्तान के लिए जासूसी में पकड़ी गई ज्योति मल्होत्रा राहुल गांधी के साथ! कैसा विचित्र संयोग है कि हर देशद्रोही देशविरोधी राहुल गांधी के साथ दिखता है! क्या देश में हो रही उथल-पुथल के मास्टरमाइंड राहुल गांधी ही हैं!!

फेसबुक यूजर ‘जमशेद खाँन तेडिया’ ने 18 मई को पीएम मोदी के साथ कुछ युवाओं की फोटो पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा,

“जासूस ज्योति मल्होत्रा पुरानी खिलाड़ी है”

पड़ताल

अखिलेश यादव, राहुल गांधी और पीएम मोदी की वायरल तस्वीरों को हमने एक-एक करके चेक किया।

पहली तस्वीर

वायरल तस्वीर की जांच के लिए हमने इसे गूगल लेंस की मदद से सर्च किया। 23 जनवरी 2017 को टाइम्स ऑफ इंडिया की वेबसाइट पर छपी खबर में इससे मिलती-जुलती तस्वीर छपी है। इसमें अखिलेश यादव के साथ डिंपल यादव दिख रही हैं। खबर के अनुसार, सपा ने विधानसभा चुनाव से पहले लखनऊ में अपना चुनावी घोषणापत्र जारी किया।

एनडीटीवी की वेबसाइट पर भी 22 जनवरी 2017 को इससे मिलती-जुलती तस्वीर के साथ खबर छापी गई है। इसमें भी अखिलेश यादव और डिंपल यादव दिख रहे हैं।

दोनों तस्वीरों में अंतर को साफ देखा जा सकता है, जिससे पता चलता है कि असली तस्वीर में से डिंपल यादव का चेहरा बदलकर ज्योति मल्होत्रा का चेहरा लगाकर वायरल किया जा रहा है।

इस बारे में हमने सपा के प्रवक्ता डॉ. आशुतोष वर्मा से संपर्क करके उनको वायरल तस्वीर भेजी। उन्होंने कहा कि यह एडिटेड है। डिंपल यादव के चेहरे को बदल दिया गया है। विपक्षी दल इस तरह से पार्टी को बदनाम करने के लिए कोशिश करते हैं।

दूसरी तस्वीर

तस्वीर को हमने गूगल लेंस की मदद से सर्च किया। 6 मई 2018 को टाइम्स ऑफ इंडिया की वेबसाइट पर छपी खबर में वायरल तस्वीर से मिलती-जुलती तस्वीर को देखा जा सकता है। इसमें राहुल गांधी के साथ अदिति सिंह दिख रही हैं। खबर के अनुसार, “कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से शादी के प्रस्ताव वाली बात पर रायबरेली सदर की विधायक अदिति सिंह ने अपना गुस्सा जाहिर किया। कांग्रेस विधायक ने कहा कि वह इस तरह की बेबुनियाद अफवाहों से वाकई दुखी हैं। राहुल उनके लिए बड़े भाई जैसे हैं। वह उनको राखी बांधती हैं।”

इन दोनों तस्वीरों में अंतर को साफ देखा जा सकता है। वायरल तस्वीर में अदिति सिंह की फोटो को एडिट कर दिया गया है।

17 नवंबर 2019 को न्यूज 18 की वेबसाइट पर छपी खबर में भी राहुल गांधी और अदिति सिंह की तस्वीर को देखा जा सकता है।

25 नवंबर 2021 को दैनिक जागरण की वेबसाइट पर छपी खबर के अनुसार, “रायबरेली की सदर सीट से कांग्रेस की विधायक अदिति सिंह भाजपा में शामिल हो गई हैं।”

इस बारे में यूपी कांग्रेस के प्रवक्ता अभिमन्यु त्यागी का कहना है कि राहुल गांधी की यह तस्वीर एडिटेड है। असली तस्वीर में उनके साथ में अदिति सिंह हैं।

तीसरी तस्वीर

तीसरी तस्वीर को भी हमने गूगल लेंस की मदद से सर्च किया। राहुल गांधी के फेसबुक हैंडल से 18 सितंबर 2022 को इससे मिलती-जुलती तस्वीर को पोस्ट किया गया है।

इन दोनों ही तस्वीरों में अंतर देखा जा सकता है।

सोशल न्यूज एक्सवाईजी की वेबसाइट पर 18 सितंबर 2022 को छपी रिपोर्ट में इस बारे में जानकारी दी गई है। इसके अनुसार, केरल के अलपुज्जा में राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा के दौरान लोगों से मिले।

इस बारे में हमने केरल कांग्रेस के उपाध्यक्ष वीटी बलराम से संपर्क किया। उनका कहना है कि यह पुरानी तस्वीर है। इसमें उनके साथ केरल या कर्नाटक की महिला थी, कोई उत्तर भारतीय नहीं।

हालांकि, हमें तस्वीर में दिख रही महिला के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली, लेकिन यह साफ है कि वायरल तस्वीर एडिटेड है।

चौथी तस्वीर

पीएम मोदी के साथ युवाओं वाली तस्वीर को हमने गूगल लेंस की मदद से सर्च करने पर टाइम्स ऑफ इंडिया की वेबसाइट पर 14 अप्रैल 2024 को छपी खबर में वायरल तस्वीर को देखा जा सकता है। खबर में लिखा है कि पीएम मोदी सात गेमर्स से मुलाकात की। इसमें कहीं भी ज्योति मल्होत्रा का नाम नहीं लिखा है।

फ्री प्रेस जर्नल की वेब स्टोरी में जानकारी दी गई है कि पीएम मोदी से मिलने वाले गेमर्स में पायल धरे भी शामिल थीं।

इससे साफ होता है कि पीएम मोदी की गेमर्स से मुलाकात की तस्वीर ज्योति मल्होत्रा की बातकर गलत दावे से शेयर की जा रही है।

एडिटेड तस्वीर को शेयर करने वाला यूजर एक विचारधारा से प्रभावित है और उसके 48 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ ज्योति मल्होत्रा की वायरल तस्वीरें एडिटेड हैं।

  • Claim Review : अखिलेश यादव और ज्योति मल्होत्रा की तस्वीर।
  • Claimed By : X User- Arun Yadav
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later