Fact Check : विशाल मेगा मार्ट की शुरुआत करने वाले की यॉट पर शार्क ने नहीं किया हमला, AI वीडियो वायरल
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की जांच की। दावा फर्जी साबित हुआ,जबकि जांच में शार्क के हमले वाला वीडियो एआई निर्मित निकला।
- By: Ashish Maharishi
- Published: May 29, 2025 at 03:21 PM
- Updated: May 29, 2025 at 05:29 PM
नई दिल्ली (Vishvas News)। देश की ख्यात रिटेल चेन विशाल मेगा मार्ट की नींव रखने वाले राम चंद्र अग्रवाल को लेकर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में दावा किया जा रहा है -‘ विशाल मेगा मार्ट के मालिक की यॉट पर शार्क ने हमला कर दिया। जिससे उनकी मौत हो गई।’ इसे सच मानकर कई यूजर्स सोशल मीडिया पर इस वीडियो को शेयर कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की जांच की। दावा फर्जी साबित हुआ,जबकि जांच में शार्क के हमले वाला वीडियो एआई निर्मित निकला।
क्या हो रहा है वायरल
फेसबुक यूजर Binni Rawat ने 25 मई को एक वीडियो को पोस्ट करते हुए दावा किया, “VISHAL MEGA MART Ke Owner Ka hua Death. Watercarft per whale Shark ne kia hamla.”

वायरल पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की दो हिस्सों में जांच की। सबसे पहले हमने गूगल ओपन सर्च टूल के जरिए वायरल वीडियो में राम चंद्र अग्रवाल के बारे में किए गए दावे की जांच की । गूगल ओपन सर्च में हमें एक भी ऐसी मीडिया रिपोर्ट नहीं मिली, जिससे दावे की पुष्टि हो सके। यदि ऐसा कुछ हुआ होता तो वह जरूर मीडिया की सुर्खियों में होता ।
इसके बाद हमने वायरल वीडियो को ध्यान से देखा। बोट में सवार लोग कम से ज्यादा होते दिख रहे हैं। जिस बोट पर शार्क ने हमला किया है, उसके पास वाली बोट वहीं पर खड़ी है और उसका सवार भी भागने की कोशिश नहीं कर रहा है। इससे हमें इसके एआई जेनरेटेड होने की संभावना लगी।
जांच को आगे बढ़ाते हुए वायरल वीडियो के कई कीफ्रेम्स निकाले । फिर इन्हें गूगल लेंस टूल के जरिए सर्च किया । हमें पुरानी तारीख में यह वीडियो मिला। यूजर ने 28 फरवरी 2025 को Real Phil Stacks नाम के एक इंस्टाग्राम की वीडियो को एआई निर्मित बताते हुए अपलोड किया।
विश्वास न्यूज ने वायरल वीडियो को लेकर सहयोगी डीपफेक्स एनालिसिस यूनिट (डीएयू) से संपर्क किया। डीएयू (एमसीए की पहल) की एक्सपर्ट टीम ने वीडियो का विश्लेषण किया। वीडियो के कीफ्रेम्स निकालकर उन्हें AIorNot और WasitAI जैसे टूल्स से चेक करने पर पता चला कि यह एआई निर्मित हो सकता है। डीएयू की टीम ने भी जांच के बाद वायरल वीडियो के एआई निर्मित होने के संकेत दिए।

विश्वास न्यूज ने पड़ताल के दौरान एआई एक्सपर्ट एस के शाहिद से संपर्क किया। उनके साथ भी वायरल वीडियो को शेयर किया। उन्होंने भी चेक करके बताया कि यह वीडियो एआई निर्मित है।
निष्कर्ष : विश्वास न्यूज की पड़ताल में वायरल पोस्ट फर्जी साबित हुई। विशाल मेगा मार्ट की शुरुआत करने वाले शख्स की मौत की बात झूठी है। इस दावे के साथ इस्तेमाल किया गया वीडियो एआई निर्मित है।
- Claim Review : विशाल मेगा मार्ट के मालिक की यॉर्ट पर शॉर्क ने किया हमला
- Claimed By : FB User Binni Rawat
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












