X
X

Fact Check: आंध्र में पुलिस ने की तीन युवकों की सरेआम पिटाई, वीडियो को बिहार का बताकर किया जा रहा शेयर

आंध्र प्रदेश में कॉन्स्टेबल पर हमला करने के आरोपियों की सार्वजनिक तौर पर डंडों से पिटाई की घटना के वीडियो को बिहार का बताकर शेयर किया जा रहा है। संबंधित घटना के वीडियो को लेकर आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी ने मौजूदा सरकार पर निशाना साधा है।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ पुलिस वालों को सड़क पर एक युवक की सरेआम पिटाई करते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि एक पुलिसवाला लड़के के पैरों को अपने पैरों से दबा लेता है और फिर दूसरा पुलिसवाला लड़के के तलवों पर डंडे से लगातार मारता है। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो बिहार में हुई घटना का है।

विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को गलत पाया। वायरल हो रहा वीडियो बिहार का नहीं है, बल्कि यह आंध्र प्रदेश के गुंटुर जिले में हुई घटना से संबंधित है, जब पुलिस ने तीन युवकों की सरेआम पिटाई की थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये तीनों युवक पुलिस कॉन्स्टेबल पर हमले के आरोपी हैं।

क्या है वायरल?

सोशल मीडिया यूजर ‘रवि यादव’ ने वायरल वीडियो (आर्काइव लिंक) को शेयर करते हुए लिखा है, “बिहार पुलिस जिंदाबाद।”

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का स्क्रीनशॉट।

कई अन्य यूजर्स ने इस वीडियो को समान दावे के साथ शेयर किया है।

पड़ताल

वायरल वीडियो के आधार पर न्यूज सर्च में हमें ऐसी कई रिपोर्ट्स मिली, जिसमें इस घटना का जिक्र है। एनडीटीवी की 28 मई की रिपोर्ट के मुताबिक, आंध्र प्रदेश के तेनाली में पुलिस ने सरेआम सड़क पर बिठाकर तीन युवकों की पिटाई की। रिपोर्ट के मुताबिक- विक्टर, बाबूलाल और राकेश एक स्थानीय डॉन लड्डू के लिए काम करते हैं, जिन्होंने एटानगर में ड्रग्स के नशे में पुलिस कॉन्स्टेबल चिरंजीवी पर हमला किया था।

टाइम्स ऑफ इंडिया की 27 मई की रिपोर्ट में इस घटना का समान संदर्भ में जिक्र है।

इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर मौजूदा सरकार पर निशाना साधते हुए इसे “संवैधानिक मूल्यों पर हमला” बताया।

कई अन्य रिपोर्ट्स में भी इस घटना का जिक्र है।

हमारी जांच से स्पष्ट है कि वायरल हो रहा वीडियो बिहार का नहीं, बल्कि आंध्र प्रदेश का है। वायरल वीडियो को लेकर हमने हैदराबाद स्थित  स्थानीय टीवी पत्रकार नूर मोहम्मद से संपर्क किया। उन्होंने पुष्टि करते हुए बताया, “यह वीडियो तेनाली (आंध्र प्रदेश) का है, जहां पुलिस ने एक कॉन्स्टेबल पर कथित रूप से हमला करने के आरोपियों की सरेआम डंडों से पिटाई की थी।” उन्होंने हमारे साथ इस पिटाई की घटना का वीडियो भी शेयर किया, जिसमें नजर आ रहे पुलिस आंध्र प्रदेश पुलिस की वर्दी पहने हुए हैं।

वायरल वीडियो को शेयर करने वाले यूजर को फेसबुक पर करीब पांच हजार लोग फॉलो करते हैं।

निष्कर्ष: आंध्र प्रदेश में कॉन्स्टेबल पर हमला करने के आरोपियों की सार्वजनिक तौर पर डंडों से पिटाई की घटना के वीडियो को बिहार का बताकर शेयर किया जा रहा है। संबंधित घटना के वीडियो को लेकर आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी ने मौजूदा सरकार पर निशाना साधा है।

  • Claim Review : बिहार में पुलिस की गुंडागर्दी।
  • Claimed By : FB User-रवि यादव
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later