Fact Check: जदयू विधायक गोपाल मंडल का डिजिटली क्रिएटेड वीडियो वायरल
जेडीयू विधायक गोपाल मंंडल का महिला कलाकार से अभद्रता करने का यह वीडियो एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Jun 10, 2025 at 05:02 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बिहार के गोपालपुर से जनता दल (यूनाइटेड) के विधायक गोपाल मंडल से जोड़कर एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस कथित वीडियो में गोपाल मंडल को एक महिला को किस करते हुए दिखाया गया है। यूजर्स इसे विधायक पर तंज कसते हुए शेयर कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने जब इस वीडियो की जांच की तो पता चला कि वायरल वीडियो डिजिटली क्रिएटेड है। इसे एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
वायरल पोस्ट
एक्स यूजर MR.Khan ने 6 जून को वीडियो को पोस्ट (आर्काइव लिंक) किया है। इस पर लिखा है, एमएलए ने महिला सिंगर को गाल से सटाकर दिए नोट।
फेसबुक यूजर Aman Singh ने भी इस वीडियो को विधायक पर तंज कसते हुए शेयर (आर्काइव लिंक) किया है।

पड़ताल
वीडियो की जांच के लिए हमने कीवर्ड से इस बारे में गूगल पर सर्च किया। 11 मार्च 2025 को बिहार तक के यूट्यूब चैनल पर इससे संबंधित खबर मिली। इसके अनुसार, जेडीयू विधायक गोपाल मंडल ने होली मिलन समारोह में महिला कलाकार के गाल से सटाकर नोट दिए। गोपाल मंडल इससे पहले भी कई बार विवादों में रहे हैं। अपलोड वीडियो न्यूज में वायरल क्लिप भी देखी जा सकती है। हालांकि, वायरल क्लिप का आखिरी हिस्सा इससे अलग है।
यूट्यूब चैनल STAR TV BIHAR पर 10 मार्च को अपलोड वीडियो न्यूज में भी वायरल क्लिप को देखा जा सकता है। हालांकि, वीडियो में बिहार के गोपालपुर से विधायक गोपाल मंडल महिला कलाकार से अभद्रता करते तो दिखते हैं, लेकिन वायरल क्लिप वाली हरकत करते नहीं दिख रहे हैं।
वीडियो को ध्यान से देखने पर इसके आखिरी हिस्से में हाथ की उंगलियां अजीब-सी दिखती हैं। इससे हमें इसमें एआई टूल के इस्तेमाल की आशंका होती है।

इस बारे में हमने सहयोगी डीपफेक्स एनालिसिस यूनिट (डीएयू) से भी संपर्क किया। डीएयू (एमसीए की पहल) की एक्सपर्ट टीम ने वीडियो का विश्लेषण किया। हाइव एआई डीपफेक डिटेक्टर टूल ने वीडियो ट्रैक के दो हिस्सों में एआई टूल के प्रयोग की संभावना जताई।

इस बारे में हमने गोपाल मंडल से संपर्क कर उनको वायरल पोस्ट भेजा । उनका कहना है कि यह फर्जी है। विरोधी इस तरह के वीडियो बनाकर उन्हें बदनाम कर रहे हैं।
एआई जेनरेटेड वीडियो शेयर करने वाले एक्स यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। एक विचारधारा से प्रभावित यूजर के 41 हजार से अधिक फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: जेडीयू विधायक गोपाल मंंडल का महिला कलाकार से अभद्रता करने का यह वीडियो एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
- Claim Review : गोपाल मंडल ने कार्यक्रम में महिला कलाकार से अभद्रता की।
- Claimed By : X User- MR.Khan
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












