Fact Check : अहमदाबाद प्लेन क्रैश से संबंधित नहीं है केबिन में धुएं का यह वीडियो
केबिन में धुएं का वायरल वीडियो अहमदाबाद प्लेन क्रैश से संबंधित नहीं है। यह वीडियो रोमानिया में हुई एक घटना का है, जब रायनएयर की एक फ्लाइट में धुआं भर गया था।
- By: Pallavi Mishra
- Published: Jun 13, 2025 at 12:38 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। गुरुवार दोपहर अहमदाबाद में एयर इंडिया का एक बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इसमें 12 क्रू मेंबर सहित कुल 242 लोग सवार थे। अब तक मिली जानकारी के अनुसार, इस हादसे में केवल एक यात्री के जीवित बचने की खबर है। इस घटना को लेकर एक वीडियो काफी वायरल हो रहा है जिसमें एक प्लेन में धुआं भर जाने के कारण लोगों के बीच अफरातफरी की स्थिति देखी जा सकती है। वीडियो को यूजर अहमदाबाद प्लेन क्रैश का बताते हुए शेयर कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज़ ने वायरल पोस्ट की जांच की और इस दावे को फर्जी पाया। वायरल वीडियो अहमदाबाद प्लेन क्रैश से संबंधित नहीं है। वीडियो रोमानिया में 2020 हुई घटना का है, जब रोमानिया की राजधानी बुखारेस्ट से लंदन जा रही एक फ्लाइट में अचानक धुआं भर जाने के कारण लोगों के बीच हड़कंप मच गया था, जिसके बाद प्लेन की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी।
क्या हो रहा है वायरल ?
थ्रेड्स यूजर marieannensalaf ने 13 जून 2025 को वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “दुर्घटना से कुछ मिनट पहले 242 एयर इंडिया यात्री जो लंदन जा रहे थे।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
पड़ताल शुरू करते हुए हमने सबसे पहले वीडियो के कीफ्रेम्स को गूगल रिवर्स इमेज सर्च किया। हमें यह वीडियो BPT नाम के X अकाउंट पर 3 अप्रैल 2023 को अपलोड मिला। अब ये तो साफ़ था कि वीडियो पुराना है, मगर इसका सोर्स जांचने के लिए हमने अपनी जांच चालू रखी।
कीवर्ड्स से सर्च करने पर हमें प्लेन के केबिन में धुआं भरने के कई वीडियो मिले। इसी दौरान हमें यही वीडियो एक दूसरे एंगल से पोलिश न्यूज़ वेबसाइट wiadomosci dot wp की 17 मार्च 2023 की एक खबर में अपलोड मिला।
हमें यही वीडियो डेली मेल के फेसबुक पेज पर पर भी 17 मार्च, 2023 को अपलोड मिला।

कीवर्ड से सर्च करने पर हमें मार्च 2023 में रोमानिया में हुई ऐसी किसी घटना की कोई खबर नहीं मिली। हालांकि, हमें जनवरी 2020 की कई खबरें मिलीं, जिनमें रोमानिया में रायनएयर की एक फ्लाइट में हुई इस घटना के डिटेल्स थे और वायरल वीडियो से मिलते-जुलते क्लिप्स एम्बेड किये गए थे। NDTV की 23 जनवरी 2020 की खबर के अनुसार, “रोमानिया की राजधानी बुखारेस्ट से लंदन जा रही एक फ्लाइट में अचानक धुआं भर जाने के कारण लोगों के बीच हड़कंप मच गया, जिसके बाद प्लेन की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। डेली मेल की एक रिपोर्ट के मुताबिक, रोमानिया की राजधानी बुखारेस्ट के स्टैन्स्टेड हवाई अड्डे से लंदन जा रही थी और इस फ्लाइट में 169 यात्री सवार थे। हालांकि, टेकऑफ के कुछ देर बाद ही प्लेन में धुआं भर गया और उसकी आपातकालीन लैंडिंग कराई गई।”

हमें जनवरी 2020 में हुई इस घटना को लेकर और भी कई खबरें मिलीं।
रायनएयर की सीटों के बारे में कीवर्ड से सर्च करने पर हमने पाया कि इस एयरलाइंस की सीटों का ऊपर का हिस्सा पीला होता है, जैसा वायरल वीडियो में देखा जा सकता है।

इस मामले में पुष्टि के लिए विश्वास न्यूज ने अहमदाबाद क्रैश को कवर कर रहे दैनिक जागरण, गुजरात के वरिष्ठ संवाददाता शत्रुघ्न शर्मा से संपर्क किया। उन्होंने कन्फर्म किया कि यह वीडियो अहमदाबाद में क्रैश हुई एयर इंडिया फ्लाइट का नहीं है। वीडियो में दिख रहा विमान एक छोटा विमान है, जबकि जो प्लेन क्रैश हुआ, वो एक बड़ा ड्रीमलाइनर था।
अहमदाबाद प्लेन क्रैश
एयर इंडिया की फ्लाइट AI171, एक बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर, जो 12 जून, 2025 को अहमदाबाद से लंदन गैटविक जा रही थी, उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई। यह विमान अहमदाबाद के मेघानीनगर के एक रिहायशी इलाके, खासकर बी.जे. मेडिकल कॉलेज परिसर और डॉक्टरों के हॉस्टल पर जा गिरा। विमान में सवार 242 लोगों में से 241 की मौत हो गई, जिसमें 230 यात्री, 2 पायलट और 10 केबिन क्रू शामिल थे। केवल एक यात्री, भारतीय मूल के ब्रिटिश नागरिक विश्वास कुमार रमेश (सीट 11ए), ही जीवित बचे। मरने वालों में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी शामिल थे।
इस घटना को लेकर ज्यादा डिटेल्स इन ख़बरों में पढ़ी जा सकती हैं।
अंत में हमने वीडियो को गलत जानकारी के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि थ्रेड्स यूजर marieannensalaf के 70 फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: केबिन में धुएं का वायरल वीडियो अहमदाबाद प्लेन क्रैश से संबंधित नहीं है। यह वीडियो रोमानिया में हुई एक घटना का है, जब रायनएयर की एक फ्लाइट में धुआं भर गया था।
- Claim Review : अहमदाबाद प्लेन क्रैश से पहले केबिन में धुएं का वीडियो
- Claimed By : Threads user marieannensalaf
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












