X
X

Fact Check: लेबनान में हुए धमाके के वीडियो को अहमदाबाद विमान हादसे का बताकर किया जा रहा वायरल

विश्वास न्यूज ने जांच में वायरल दावे को गलत पाया। अहमदाबाद विमान हादसे से जोड़कर शेयर किया जा रहा वीडियो फरवरी 2025 से इंटरनेट पर लेबनान के शेख राघेब हर्ब यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल के नाम से मौजूद है। इसका अहमदाबाद प्लेन क्रैश से कोई संबंध नहीं है।

  • By: Jyoti Kumari
  • Published: Jun 16, 2025 at 01:47 PM
  • Updated: Jun 18, 2025 at 05:17 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। अहमदाबाद में 12 जून को एअर इंडिया का प्लेन क्रैश हो गया था। प्लेन एक मेडिकल कॉलेज की हॉस्टल पर गिरा था। इस हादसे में प्लेन में सवार 241 यात्रियों सहित मेडिकल कॉलेज के कई छात्रों की मौत हो गई। इस हादसे के बाद से सोशल मीडिया पर कई भ्रामक और फर्जी दावे वायरल किए जा रहे हैं। अब इसी से जोड़कर सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया जा रहा है। इसमें एक बिल्डिंग के पास गाड़ियां खड़ी हुई हैं, तभी अचानक बलास्ट होता है। इसमें बिल्डिंग के अंदर धमाका होते हुए और लोगों को हताहत होते भी देखा जा सकता है। यूजर्स इस वीडियो को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि यह वीडियो अहमदाबाद के मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल पर प्लेन क्रैश का फुटेज है।

विश्वास न्यूज की जांच में पता चला है कि यह वीडियो अहमदाबाद में विमान दुर्घटना से संबंधित नहीं है। असल में यह वायरल वीडियो लेबनान के एक हॉस्पिटल में हुए ब्लास्ट का है। जिसे अहमदाबाद हादसे से जोड़कर शेयर किया जा रहा है। इस वीडियो का अहमदाबाद या भारत कोई संबंध नहीं है।

क्या है वायरल पोस्ट में ?

फेसबुक यूजर Chitranjan Singh ने 14 जून 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए लिखा है,”अहमदाबाद में प्लेन क्रेश का वीडियो और सामने आया है । मेडिकल कॉलेज हॉस्टल की बिल्डिंग का सीसीटीवी सामने आया है । देखिए प्लेन क्रैश के बाद किस तरह से तबाही मचा दी ।#viralpost2025 #viralvideochallenge #CMGujarat #local #Location #plane #planecrash #airplane #airport”

वायरल पोस्ट का आर्काइव लिंक यहां देखो।

पड़ताल

हमने वायरल वीडियो को ध्यान से देखा। इसपर हमें नीचे राघेब हर्ब यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल लिखा हुआ नजर आया। हमने इस बारे में गूगल पर सर्च किया। पता चला कि शेख राघेब हर्ब यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल लेबनान में स्थित है। हमने इनके सोशल मीडिया को सर्च किया। हमें वायरल वीडियो مستشفى الشيخ راغب حرب الجامعي – Ragheb Harb University Hospital के फेसबुक पेज पर मिला। वीडियो को 5 फरवरी 2025 को शेयर किया गया है। कैप्शन में दी गई जानकारी के अनुसार, यह वीडियो शेख राघेब हर्ब यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल का है।

सर्च के दौरान हमें वीडियो शेख राघेब हर्ब यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल के इंस्टाग्राम अकाउंट पर भी मिला। वीडियो को 5 फरवरी 2025 को शेयर कर इसे शेख राघेब हॉस्पिटल का बताया गया है।

हमें شبكة قدس الإخبارية के वेरिफाइड एक्स अकाउंट पर वीडियो मिला। 6 फरवरी 2025 को शेयर इस वीडियो को लेबनान का बताया गया है।

हमें वीडियो कई अन्य जगह भी लेबनान के नाम से साल 2025 में शेयर किया हुआ मिला।

हमने वीडियो को गुजराती जागरण के एसोसिएट एडिटर जीवन कपूरिया के साथ शेयर किया। उन्होंने बताया कि  यह वीडियो अहमदाबाद विमान हादसे का नहीं है।

हमारी पड़ताल से स्पष्ट है कि वायरल हो रहा वीडियो गुजरात के अहमदाबाद में हुए विमान हादसे का है, क्योंकि वायरल वीडियो अहमदाबाद हादसे से पहले ही इंटरनेट पर उपलब्ध है। गौरतलब है कि 12 जून को अहमदाबाद में एयर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद क्रैश कर गया। एयर इंडिया की तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक, अहमदाबाद से लंदन जा रही उड़ान संख्या AI171 टेक-ऑफ के बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

विश्वास न्यूज की वेबसाइट पर अहमदाबाद में हुए विमान हादसे को लेकर किए गए भ्रामक और फर्जी दावों की फैक्ट चेक रिपोर्ट को पढ़ा जा सकता है।

अंत में हमने वीडियो को शेयर करने वाले यूजर को स्कैन किया। पता चला यूजर को 5 हजार लोग फॉलो करते हैं।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने जांच में वायरल दावे को गलत पाया। अहमदाबाद विमान हादसे से जोड़कर शेयर किया जा रहा वीडियो फरवरी 2025 से इंटरनेट पर लेबनान के शेख राघेब हर्ब यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल के नाम से मौजूद है। इसका अहमदाबाद प्लेन क्रैश से कोई संबंध नहीं है।

  • Claim Review : यह वीडियो अहमदाबाद प्लेन क्रैश का है।
  • Claimed By : फेसबुक यूजर- Chitranjan Singh
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later