Fact Check: अहमदाबाद प्लेन क्रैश में कुरान के सुरक्षित मिलने का दावा फेक, वायरल वीडियो पुराना
विश्वास न्यूज की पड़ताल में पता चला कि आग में बची कुरान का वायरल वीडियो अहमदाबाद प्लेन क्रैश से संबंधित नहीं है। यह वीडियो मार्च 2025 से इंटरनेट पर मौजूद है, जबकि अहमदाबाद प्लेन क्रैश 12 जून 2025 को हुआ था।
- By: Pallavi Mishra
- Published: Jun 16, 2025 at 02:19 PM
- Updated: Jun 16, 2025 at 02:30 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। 12 जून की दोपहर अहमदाबाद में एअर इंडिया विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो काफी वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि इस प्लेन क्रैश में पूरा विमान जल गया मगर क़ुरान नहीं जली।
विश्वास न्यूज़ ने वायरल पोस्ट की जांच की और इस दावे को फर्जी पाया। वायरल वीडियो अहमदाबाद प्लेन क्रैश से संबंधित नहीं है। यह वीडियो मार्च 2025 से इंटरनेट पर मौजूद है, जबकि अहमदाबाद प्लेन क्रैश 12 जून 2025 को हुआ था।
क्या हो रहा है वायरल ?
इंस्टाग्राम यूजर kadir.maz ने 13 जून 2025 को वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए इस वीडियो को अहमदाबाद क्रैश का बताया।
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
पड़ताल शुरू करते हुए हमने सबसे पहले कीवर्ड्स से ढूंढा। हमें अहमदाबाद में दुर्घटनाग्रस्त हुए एअर इंडिया विमान के मलबे में कुरान के सुरक्षित पाए जाने की कोई विश्वसनीय खबर नहीं मिली। हालांकि, हमें इस घटना के बाद मलबे में एक श्रीमद् भगवद्गीता के सुरक्षित पाए जाने की कई खबरें मिलीं।
इसके बाद हमने वीडियो को गौर से देखा। पूरा वीडियो देखने पर साफ़ दिखता है कि यह किसी हवाई जहाज का नहीं, बल्कि किसी कमरे का वीडियो है।

इसके बाद हमने वीडियो के कीफ्रेम्स को गूगल रिवर्स इमेज सर्च किया। हमें यह वीडियो इराकी मीडिया पोर्टल Kirkuk Official News के फेसबुक पेज पर 8 मार्च 2025 को अपलोड मिला। हालांकि, यहां इस वीडियो के स्थान के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गयी थी।

हमें यही वीडियो 14 मई 2025 को एक थाई फेसबुक पेज पर भी अपलोड मिला। यहां भी इस वीडियो के स्थान के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गयी थी।

हमें यह वीडियो और भी कुछ यूट्यूब चैनल पर अहमदाबाद प्लेन क्रैश से पहले अपलोड मिला।
इस मामले में पुष्टि के लिए विश्वास न्यूज ने अहमदाबाद क्रैश को कवर कर रहे दैनिक जागरण, गुजरात के वरिष्ठ संवाददाता शत्रुघ्न शर्मा से संपर्क किया। उन्होंने कन्फर्म किया कि यह वीडियो अहमदाबाद में क्रैश हुई एअर इंडिया फ्लाइट का नहीं है। उन्होंने बताया कि यह एक पैसेंजर फ्लाइट थी, जबकि वायरल वीडियो किसी घर का मलूम होता है।
विश्वास न्यूज़ स्वतंत्र रूप के इस वीडियो को बनाये जाने की जगह और समय की पुष्टि नहीं करता, मगर यह साफ़ है कि यह वीडियो 12 जून, 2025 की दोपहर को अहमदाबाद में हुए एअर इंडिया प्लेन क्रैश से पहले से इंटरनेट पर मौजूद है।
अंत में हमने वीडियो को गलत जानकारी के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि इंस्टाग्राम यूजर kadir.maz के 9000 से ज्यादा फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की पड़ताल में पता चला कि आग में बची कुरान का वायरल वीडियो अहमदाबाद प्लेन क्रैश से संबंधित नहीं है। यह वीडियो मार्च 2025 से इंटरनेट पर मौजूद है, जबकि अहमदाबाद प्लेन क्रैश 12 जून 2025 को हुआ था।
- Claim Review : प्लेन क्रैश में पूरा विमान जल गया मगर क़ुरान नहीं जली।
- Claimed By : Instagram user इंस्टाग्राम यूजर kadir.maz
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












