Fact Check: केदारनाथ में एयरलिफ्ट के दौरान पिछले साल खराब हेलीकॉप्टर को गिराया गया था, वीडियो हालिया बताकर वायरल
अगस्त 2024 में एक हेलीकॉप्टर को वायुसेना के हेलीकॉप्टर की मदद से एयरलिफ्ट किया जा रहा था। उस दौरान बैलेंस बिगड़ने के कारण पायलट ने हेलीकॉप्टर को खाली स्थान पर गिरा दिया था। उस हादसे के वीडियो को अभी का बताकर वायरल किया जा रहा है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Jun 26, 2025 at 04:17 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। केदारनाथ में हाल ही में हेलीकॉप्टर हादसे में पायलट समेत सात लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें खराब हेलीकॉप्टर एयरलिफ्ट के दौरान गिरते हुए दिखाया गया है। कुछ यूजर्स इस वीडियो को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि केदारनाथ हेलीपैड से खराब पड़े हेलीकॉप्टर को एयरलिफ्ट करके ले जाते समय एक और दुर्घटना हुई है।
विश्वास न्यूज ने इसकी जांच की तो पता चला कि वायरल वीडियो अगस्त 2024 में हुए हादसे का है। इसका हाल-फिलहाल से कोई संबंध नहीं है।
वायरल पोस्ट
इंस्टा यूजर hsrawat456 ने 23 जून को वीडियो को शेयर (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा,
“केदारनाथ हेलीपेड से खराब पड़े हेली को एयर लिफ्ट द्वारा ले जाते समय हुई एक और दुर्घटना एयरलिफ्ट को चलते चलते छोड़ना पड़ा हेली को पहाड़ों के बीच।“

पड़ताल
वीडियो की जांच के लिए हमने सबसे पहले पोस्ट को स्कैन किया। इस पर एक यूजर ने कमेंट कर इस वीडियो को 31 अगस्त 2024 का बताया है।
इसके बाद हमने कीवर्ड से इस बारे में गूगल पर सर्च किया। 31 अगस्त 2024 को वन इंडिया के यूट्यूब चैनल पर अपलोड वीडियो न्यूज में वायरल वीडियो के एक हिस्से को देखा जा सकता है। वीडियो में एयरलिफ्ट के दौरान गिरता हुआ हेलीकॉप्टर दिख रहा है। खबर के अनुसार, केदारनाथ में थारु कैंप के पास एक हेलीकॉप्ट नदी में गिर गया। उसको रिपेयरिंग के लिए ले जाया जा रहा था।
31 अगस्त को ईटीवी भारत पर भी इस खबर को देखा जा सकता है। इसके मुताबिक, केदारनाथ में वायुसेना के एमआई-17 से खराब पड़े हेलीकॉप्टर को एयरलिफ्ट करके गौचर पहुंचाया जाना था। रास्ते में नियंत्रण बिगड़ने के कारण पायलट ने खाली स्थान देखकर हेलीकॉप्टर को घाटी में गिरा दिया।
एबीपी की वेबसाइट पर भी इस खबर को देखा जा सकता है।
इस बारे में हमने देहरादून में दैनिक जागरण के संपादकीय प्रभारी देवेंद्र सती से संपर्क किया। उनका कहना है कि अभी ऐसा कोई हादसा नहीं हुआ है। करीब एक साल पहले इस तरह की घटना हुई थी।
15 जून को गुड न्यूज टुडे की वेबसाइट पर छपी रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 13 साल में केदारनाथ रूट पर कई हादसे हुए हैं। चारधाम यात्रा शुरू होने के बाद पांच हादसे हो चुके हैं।

पुराने वीडियो को शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। यूजर के 101 फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: अगस्त 2024 में एक हेलीकॉप्टर को वायुसेना के हेलीकॉप्टर की मदद से एयरलिफ्ट किया जा रहा था। उस दौरान बैलेंस बिगड़ने के कारण पायलट ने हेलीकॉप्टर को खाली स्थान पर गिरा दिया था। उस हादसे के वीडियो को अभी का बताकर वायरल किया जा रहा है।
- Claim Review : केदारनाथ हेलीपैड से खराब पड़े हेलीकॉप्टर को एयरलिफ्ट करके ले जाते समय एक और दुर्घटना हुई है।
- Claimed By : Insta User- hsrawat456
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












