Fact Check : आगरा एयरपोर्ट पर नहीं हुई कोई Flight क्रैश, फर्जी वीडियो वायरल
विश्वास न्यूज ने वायरल वीडियो की विस्तार से जांच की। यह फर्जी साबित हुआ।
- By: Ashish Maharishi
- Published: Jul 1, 2025 at 01:20 PM
नई दिल्ली (Vishvas News)। गुजरात के अहमदाबाद में एअर इंडिया के विमान के क्रैश होने के बाद से सोशल मीडिया पर कई वीडियो ऐसे वायरल हुए, जो पड़ताल में फर्जी साबित हुए। अब आगरा एयरपोर्ट के नाम पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें एक विमान में लैंडिंग के वक्त आग लगते हुए देखा जा सकता है। दावा किया जा रहा है कि यह घटना आगरा एयरपोर्ट पर हुई है। इस वीडियो को आगरा का समझकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने वायरल वीडियो की विस्तार से जांच की। यह फर्जी साबित हुआ। दरअसल एआई निर्मित एक वीडियो को आगरा का बताकर झूठ फैलाया गया। जांच में पता चला कि वीडियो असली नहीं है।
क्या हो रहा है वायरल
एक इंस्टाग्राम यूजर ने एक जुलाई को एक वीडियो को आगरा का बताते हुए पोस्ट करते हुए दावा किया, “Agra k airport par bhut badha hadsha hua aj Btaya ja Raha ki lending ke doran tayar se chingari se Aag Iga.”
वायरल पोस्ट के कंटेंट को ज्यों का त्यों ही लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर्स अपने-अपने अकाउंट से शेयर कर रहे हैं। पोस्ट का आर्काइव वर्जन यहां देखा जा सकता है।

पड़ताल
विश्वास न्यूज ने सबसे पहले आगरा के नाम पर वायरल वीडियो की जांच के लिए गूगल ओपन सर्च टूल का इस्तेमाल किया। कीवर्ड से सर्च करने पर हमें एक भी ऐसी खबर नहीं मिली, जो वायरल वीडियो के दावे की पुष्टि कर सके। यदि आगरा में कहीं भी कोई हवाई जहाज क्रैश होता, तो वह खबरों में जरूर आता। जांच में हमें कोई भी खबर नहीं मिली।
जांच को आगे बढ़ाते हुए हमने वायरल वीडियो को स्कैन किया । हमें इसके ऊपर Extreme drive लिखा हुआ नजर आया। इसके आधार पर हमने इंस्टाग्राम पर Extreme drive नाम के हैंडल को सर्च करना शुरू किया। हमें वायरल वीडियो यहां एक मई को अपलोड मिला। कई यूजर्स ने अपने कमेंट में इसे एआई वीडियो बताया।

सर्च के दौरान हमें यह वीडियो कई प्लेटफॉर्म पर मिला। अलग-अलग तारीखों में अलग-अलग दावों के साथ इस वीडियो को इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर वायरल किया गया है।
आगरा एयरपोर्ट के नाम से वायरल वीडियो की पुष्टि के लिए हमने हमारे सहयोगी डीपफेक एनालिसिस यूनिट (डीएयू) से संपर्क किया। डीएयू की टीम ने कई टूल्स की मदद से इस वीडियो का विश्लेषण किया, जिसमें इसके एआई से बने होने की संभावना की पुष्टि होती है। डीएयू के एक्सपर्ट के अनुसार, “वीडियो को ध्यान से देखने पर दो बातें स्पष्ट होती हैं। इसकी पूंछ पर कथित विमान का लोगो किसी भी ज्ञात एयरलाइनर से मिलता-जुलता नहीं है। लोगो के स्थान पर अस्पष्ट शब्दों का इस्तेमाल जेनरेटेड वीडियो की गलती हो सकता है। इसी तरह विमान की खिड़कियां अस्वाभाविक रूप से हिलती हुई दिखीं, जो कि स्वाभाविक नहीं है। विमान के नीचे गिरने पर वे अपना आकार बदल लेती हैं। इन सबसे पता चलता है कि वायरल वीडियो असली नहीं है।”
डीएयू की तरफ से उपलब्ध कराई गए WasitAI एआई डिटेक्शन टूल की एनालिसिस ने इस वीडियो को ‘एआई जेनरेटेड’ बताया। रिपोर्ट के मुताबिक, इस वीडियो को एआई की मदद से बनाया गया है।

विश्वास न्यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए दैनिक जागरण, आगरा के वरिष्ठ पत्रकार प्रतीक कुमार से संपर्क किया। उनके साथ वायरल पोस्ट को शेयर किया। उन्होंने इसे फर्जी बताया। उन्होंने कहा कि आगरा में ऐसी कोई भी दुर्घटना नहीं हुई है।
जांच के अंत में फर्जी पोस्ट करने वाले यूजर की जांच की गई। पता चला कि यह इंस्टाग्राम हैंडल 2020 में बनाया गया। इसे आठ सौ से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष : विश्वास न्यूज की पड़ताल में वायरल वीडियो फर्जी साबित हुआ। आगरा में कोई विमान क्रैश नहीं हुआ है।
- Claim Review : आगरा में हवाई जहाज क्रैश हो गया।
- Claimed By : IG User Brahmn Vadi Karuna Shukla
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












