Fact Check : बांग्लादेशी झंडा बेचने वाले की पिटाई का वायरल वीडियो भारत का नहीं है
विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। वीडियो असल में भारत का नहीं, बल्कि बांग्लादेश का है। झंडा विक्रेता को पीटने की यह घटना 10 जून 2025 को बांग्लादेश और सिंगापुर के बीच हुए फुटबॉल मैच के दौरान ढाका के नेशनल स्टेडियम के बाहर हुई थी।
- By: Pallavi Mishra
- Published: Jul 11, 2025 at 03:40 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में एक फौजी को एक बांग्लादेशी झंडा बेच रहे शख्स को लाठी से मारते देखा जा सकता है। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह पश्चिम बंगाल का वीडियो है, जहाँ बीएसएफ के एक जवान ने बांग्लादेशी झंडा बेचने वाले शख्स की पिटाई कर दी।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। वीडियो असल में भारत नहीं, बल्कि बांग्लादेश का है।
क्या हो रहा है वायरल ?
इंस्टाग्राम यूजर society_lines ने 5 जुलाई, 2025 को वायरल वीडियो को शेयर किया। वीडियो पर लिखा हुआ है, ‘बंगाल में बांग्लादेशी झंडा बेच रहा जिहादी का VIP सेवा देने वाले इस BSF जवान को दिल से सैल्यूट।’
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के स्क्रीनशॉट्स को गूगल लेंस पर सर्च किया। हमें एक वीडियो बांग्लादेशी अख़बार ढाका पोस्ट के यूट्यूब चैनल पर 12 जून 2025 को अपलोड मिला। इस वीडियो में वायरल क्लिप वाला हिस्सा देखा जा सकता है। वीडियो में दी गयी जानकारी के अनुसार, यह मामला बांग्लादेश का था, जहाँ बांग्लादेश और सिंगापुर के बीच हुए मैच के दौरान हुए लाठीचार्ज में एक जवान ने गलती से एक झंडा विक्रेता की पिटाई कर दी थी। इसके बाद सेना ने इस झंडा विक्रेता को एक लाख टका मुआवजा के तौर पर दिया था।
कीवर्ड्स से ढूंढ़ने पर हमें इस मामले में और भी कई खबरें मिलीं। खबरों के अनुसार, 10 जून को बांग्लादेश बनाम सिंगापुर फुटबॉल मैच के दौरान नेशनल स्टेडियम के बाहर अराजकता फैल गई। बिना टिकट वाले प्रशंसकों ने जबरन स्टेडियम में घुसने की कोशिश की, जिससे स्थिति बेकाबू हो गई। हालात को काबू करने के लिए सेना को लाठीचार्ज का सहारा लेना पड़ा। इस दौरान एक झंडा विक्रेता गलती से पिटाई का शिकार हो गया। सेना ने बाद में इस घटना पर खेद व्यक्त किया और उस व्यक्ति का पता लगाकर उसे मुआवजे के तौर पर 1 लाख टका दिए गए। इस घटना के लिए जिम्मेदार कर्मियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा रही है।
हमने इस मामले में बांग्लादेशी न्यूज़ पोर्टल डेली इत्तेफ़ाक के साथ जुड़े स्पोर्ट्स पत्रकार शिराजुसजमन से भी बात की। उन्होंने बाताया ,”10 जून 2025 को ढाका के नेशनल स्टेडियम में बांग्लादेश और सिंगापुर के बीच एएफसी एशियाई कप क्वालीफायर मैच हुआ था। मैच के दौरान कुछ फुटबॉल प्रशंसकों ने बिना टिकट स्टेडियम में घुसने की कोशिश की, जिन्हें काबू में करने के लिए सेना ने लाठीचार्ज किया। इसी बीच एक जवान ने एक झंडा विक्रेता की गलती से पिटाई कर दी, जिसका वीडियो काफी वायरल हुआ। हालांकि, बाद में सेना ने इस झंडा विक्रेता को 1 लाख टका मुआवजे के तौर पर दिया था।”
अंत में हमने वीडियो को भ्रामक दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि इंस्टाग्राम यूजर society_lines के लगभग 4000 फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। वीडियो असल में भारत का नहीं, बल्कि बांग्लादेश का है। झंडा विक्रेता को पीटने की यह घटना 10 जून 2025 को बांग्लादेश और सिंगापुर के बीच हुए फुटबॉल मैच के दौरान ढाका के नेशनल स्टेडियम के बाहर हुई थी।
- Claim Review : यह पश्चिम बंगाल का वीडियो है, जहाँ बीएसएफ के एक जवान ने बांग्लादेशी झंडा बेचने वाले शख्स की पिटाई कर दी।
- Claimed By : Instagram User society_lines
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












