X
X

Fact Check : यूपी में छात्रा के साथ छेड़खानी की घटना का यह वीडियो 2019 का है, हाल का नहीं 

उत्तर प्रदेश के मेरठ में चार युवकों द्वारा स्कूल छात्रा के साथ छेड़छाड़ करने की 2019 की पुरानी घटना के वीडियो को हाल का बताकर भ्रामक दावे से शेयर किया जा रहा है। यह घटना हालिया नहीं है।

  • By: Jyoti Kumari
  • Published: Jul 16, 2025 at 04:18 PM
  • Updated: Jul 16, 2025 at 04:36 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लड़कों को एक छात्रा के साथ छेड़खानी करते हुए देखा जा सकता है। वायरल वीडियो में लड़के इस घटना के वीडियो को रिकॉर्ड कर रहे हैं। सोशल मीडिया यूजर्स इस वीडियो को यूपी के “जंगलराज” का बताकर शेयर कर रहे हैं। 

विश्वास न्यूज की जांच में वायरल दावा भ्रामक निकला। यह वीडियो हालिया नहीं, बल्कि साल 2019 में हुई घटना का है, जब मेरठ के किठौर में कुछ युवकों ने एक छात्रा के साथ छेड़खानी की थी। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मेरठ पुलिस ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए कानूनी कार्यवाई की थी। 

इसी पुरानी घटना के वीडियो को मेरठ में हुई हालिया छेड़खानी की घटना बताकर भ्रामक दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।

क्या है वायरल पोस्ट में ?

फेसबुक यूजर नरेश घोष (Naresh Ghosh) ने वायरल वीडियो को (आर्काइव लिंक) शेयर करते हुए लिखा है,”यदि अपराधी अग्रणी स्थान ले लें तो यह अपरिहार्य है मनचलों ने स्कूल जाती छात्रा को रास्ते में दबोच लिया, छात्रा चिल्लाती रही और मनचले वीडियो बनाते रहे, डर से घबराई छात्रा किसी तरह जान बचाकर भागी, यूपी में हाथी के दांत खाने के और दिखाने के और है, महिला सुरक्षा सिर्फ योगी के प्रचार तंत्र में है।”

सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने इस घटना को हालिया बताकर शेयर किया है।

पड़ताल

वायरल वीडियो की पड़ताल के लिए हमने वीडियो के स्क्रीनशॉट को गूगल लेंस के जरिए सर्च किया। हमें नईदुनिया की वेबसाइट पर वायरल वीडियो से जुड़ी खबर मिली। 23 मार्च 2019 को प्रकाशित खबर में वीडियो के स्क्रीनशॉट का इस्तेमाल किया गया है। दी गई जानकारी के अनुसार,” यह वीडियो मेरठ के किठौर का है, जहां चार युवकों ने एक स्कूली छात्रा के साथ बदसलूकी की और उसे डराया-धमकाया था। यह घटना किठौर स्थित कन्या पाठशाला में हुई है। वीडियो के वायरल होने के बाद एसएसपी के निर्देश पर किठौर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया और मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया था।”

सर्च के दौरान वायरल वीडियो से जुड़ी रिपोर्ट UP Tak के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिली। 23 मार्च 2019 को अपलोड वीडियो में बताया गया,” वीडियो मेरठ का है, जहां मनचलों की साजिश वीडियो को वायरल की धमकी देकर छात्रा को ब्लैकमेल करने की थी। लेकिन इससे पहले ही पुलिस हरकत में आ गई। और आरोपी हवालात पहुंच गया।”

वायरल वीडियो से जुड़ी अन्य खबरें यहां पढ़ी जा सकती हैं।

वायरल वीडियो को लेकर MEERUT POLICE ने भी अपने एक्स हैंडल से पोस्ट शेयर की है, जिसमें वायरल दावे का खंडन कर बताया गया है,”प्रकरण 07 वर्ष पुराना है ,2019 का है ।>> थाना किठौर मेरठ में मुकदमा दर्ज कर सभी अभियुक्तों की 2019 में ही गंभीर धाराओं में गिरफ्तारी कर  कार्यवाही की गईं थी। कृपया प्रकरण में सही तथ्यों को प्रस्तुत करे और वर्तमान की घटना ना बताए ।”

अधिक जानकारी के लिए हमने मेरठ दैनिक जागरण के क्राइम रिपोर्टर लोकेश पंडित से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल वीडियो मेरठ में हुई एक घटना का था और यह वीडियो पुराना है।

अंत में हमने वीडियो को शेयर करने वाले यूजर को स्कैन किया। पता चला यूजर को करीबन 4 हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने स्वयं को कोलकाता का रहने वाला बताया है।

निष्कर्ष: उत्तर प्रदेश के मेरठ में चार युवकों द्वारा स्कूल छात्रा के साथ छेड़छाड़ करने की 2019 की पुरानी घटना के वीडियो को हाल का बताकर भ्रामक दावे से शेयर किया जा रहा है। यह घटना हालिया नहीं है।

  • Claim Review : यूपी में छात्रा के साथ छेड़खानी की घटना का यह वीडियो हालिया है।
  • Claimed By : फेसबुक यूजर-Naresh Ghosh
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later