X
X

Fact Check : युवती से जबरन शादी करते व्यक्ति का यह वीडियो 2023 का है, वीडियो भ्रामक दावे से वायरल

विश्वास न्यूज ने जांच में पाया कि राजस्थान के जैसलमेर में एक युवक द्वारा युवती का अपहरण कर उसके साथ जबरदस्ती शादी करने का यह वीडियो हालिया नहीं, बल्कि साल 2023 का है। कुछ लोग न्यूज रिपोर्ट के पुराने वीडियो क्लिप को हालिया बताकर भ्रामक दावे के साथ शेयर कर रहे हैं।

  • By: Jyoti Kumari
  • Published: Aug 5, 2025 at 03:28 PM
  • Updated: Aug 5, 2025 at 03:32 PM

नई दिल्ली (विश्‍वास न्‍यूज)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो क्लिप वायरल हो रही है। इसमें एक टीवी न्यूज़ एंकर को अलग-अलग खबरों के बारे में बताते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में एंकर कह रहा है कि राजस्थान के जैसलमेर में एक युवक ने जबरदस्ती एक युवती के साथ फेरे लिए हैं। वहीं, आगे की रिपोर्ट में एंकर को बालासोर ट्रेन हादसे के बारे में बताते हुए सुना जा सकता है। अब कुछ यूजर्स इस वीडियो को हालिया बताकर शेयर कर रहे हैं।

विश्‍वास न्‍यूज ने अपनी जांच में पाया कि राजस्थान के जैसलमेर का यह वीडियो जून 2023 का है। वीडियो क्लिप को हलिया बताकर भ्रामक दावे से शेयर किया जा रहा है।

क्या है वायरल

फेसबुक पेज Comedy Video ने (आर्काइव लिंक) ने 2 अगस्त को वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा,”घास में आग लगाई, फेरे ले लिए !”

पड़ताल

वायरल वीडियो की  पड़ताल के लिए हमने संबंधित कीवर्ड से गूगल पर सर्च किया। हमें ‘राजस्थान तक’ पर एक रिपोर्ट मिली। वीडियो न्यूज को 6 जून 2023 को अपलोड किया गया है। इसमें वायरल वीडियो क्लिप को देखा जा सकता है। वीडियो न्यूज में बताया गया है कि यह मामला जैसलमेर के मोहनगढ़ इलाके का है। वीडियो में दिख रहे युवक का नाम पुष्पेंद्र सिंह है और वीडियो में जिस लड़की के साथ जबरदस्ती शादी करने की कोशिश कर रहा है, उसके साथ इस लड़के की शादी होने वाली थी। लेकिन ऐन मौके पर लड़की का मन बदल गया था। जिसके बाद लड़की की शादी किसी अन्य व्यक्ति से होने वाली थी। यही बात इस युवक से बर्दाश्त नहीं हुई और उसने 15-20 लोगों को साथ लेकर लड़की का अपहरण कर लिया और उससे जबरन शादी कर ली थी। पुलिस ने पुष्पेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।”

हमें वीडियो से जुड़ी खबर जागरण डॉट कॉम की वेबसाइट पर मिली। खबर में वीडियो के स्क्रीनशॉट को इस्तेमाल किया गया है। 7 जून 2023 को प्रकशित रिपोर्ट में बताया गया, यह मामला जैसलमेर के मोहनगढ़ पुलिस थाना क्षेत्र के सांखला गांव का है।

पहले भी यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। उस समय इस वीडियो को गलत रंग देकर शेयर किया गया था। हमने वीडियो को लेकर मोहनगढ़ थाना प्रभारी पुखा राम से संपर्क किया था। उन्होंने कहा था कि यह वीडियो पुराना है। फैक्ट चेक रिपोर्ट को यहां पढ़ा जा सकता है।

पड़ताल में आगे हमने वायरल वीडियो में मौजूद दूसरे वीडियो को सर्च किया। हमें वीडियो ‘रिपब्लिक भारत’ के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिला। वीडियो को 7 जून 2023 को अपलोड किया गया है। इस वीडियो में वायरल वीडियो क्लिप के हिस्से को साफ देखा जा सकता है।

बता दें वीडियो में बालासोर ट्रेन हादसे के बारे में बताया जा रहा है। यह हादसा साल 2023 में हुआ था, जिससे साफ है कि यह वीडियो पुराना है। विश्वास न्यूज ने उस समय बालासोर ट्रेन दुर्घटना के नाम से वायरल हुए कई दावों की पड़ताल की है, जिन्हें यहां पढ़ा जा सकता है।

वीडियो को भ्रामक दावे के साथ शेयर करने वाले पेज को हमने स्कैन किया। पता चला इस पेज के 15 हजार फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने जांच में पाया कि राजस्थान के जैसलमेर में एक युवक द्वारा युवती का अपहरण कर उसके साथ जबरदस्ती शादी करने का यह वीडियो हालिया नहीं, बल्कि साल 2023 का है। कुछ लोग न्यूज रिपोर्ट के पुराने वीडियो क्लिप को हालिया बताकर भ्रामक दावे के साथ शेयर कर रहे हैं।

  • Claim Review : युवती से जबरदस्ती शादी करते व्यक्ति का यह वीडियो हालिया है।
  • Claimed By : फेसबुक पेज -Comedy Video
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later