Fact Check: वियतनाम में हुई कुत्तों की चोरी की घटना को दिल्ली के नाम से किया जा रहा वायरल
कुत्तों के शव के वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। वायरल वीडियो का भारत से कोई संबंध नहीं है। असल में यह वीडियो दक्षिणी वियतनाम के का माऊ प्रांत में हुई एक घटना का है, जहां पर कुत्ते चुराने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया था। दोनों के पास से 12 कुत्तों के शव बरामद किए गए थे।
- By: Pragya Shukla
- Published: Aug 19, 2025 at 02:17 PM
- Updated: Aug 19, 2025 at 04:08 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। दिल्ली-एनसीआर के आवारा कुत्तों के मामले से जोड़कर सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें एक शख्स को बेसुध पड़े कुत्तों को एक थैली से निकाल कर जमीन पर बेरहमी से पटकते हुए देखा जा सकता है। वीडियो को दिल्ली का बताते हुए शेयर किया जा रहा है।
विश्वास न्यूज की पड़ताल में वायरल दावा गलत साबित हुआ। असल में वायरल वीडियो का भारत से कोई संबंध नहीं है। असल में यह वीडियो दक्षिणी वियतनाम के का माऊ प्रांत में हुई एक घटना का है। जहां पर कुत्ते चुराने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया था। दोनों के पास से 12 कुत्तों के शव बरामद किए गए थे।
क्या हो रहा है वायरल?
थ्रेड यूजर hii_soni_d91 ने 15 अगस्त 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “वीडियो को इतना शेयर करो की ये पकड़े जाए साले कुत्तो का काटना सबको दिखता है उनको सड़को से हटा दो यही बोलते है अब ये सब होने भी लगा है उन प्यारे बच्चों के साथ लेकिन ये सब कोई नहीं देखता किस तरह तड़पे होगे ये बेचारे प्यारे बच्चे भगवान please अब आप ही कुछ कर सकते है इंसान इतना गंदा है बहुत गंदा।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

एक अन्य फेसबुक यूजर ने वीडियो को दिल्ली का बताते हुए शेयर किया है।
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।
पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल लेंस की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो Thiên Kim नाम के एक फेसबुक पेज पर मिला। वीडियो को 5 अगस्त 2025 को शेयर किया गया था। वियतनामी भाषा में मौजूद जानकारी के मुताबिक, वीडियो दक्षिणी वियतनाम के का माऊ प्रांत में हुए एक घटना का है।
प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी एक रिपोर्ट वियतनाम की वेबसाइट वीओवी पर मिली। रिपोर्ट को 5 अगस्त 2025 को प्रकाशित किया गया था। वियतनामी भाषा में प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, माऊ प्रांत में काफी समय से कुत्ते गायब हो रहे थे। पुलिस इसे लेकर पड़ताल कर रही थी। 3 अगस्त की रात को पुलिस पेट्रोलिंग पर थी, तभी उन्होंने बाइक पर बड़ी-बड़ी थैलियों में दो लोगों को कुछ ले जाते हुए देखा। चेकिंग करने पर थैलियों में 12 कुत्ते के शव निकले। दोनों को गिरफ्तार कर पूछताछ के लिए पुलिस स्टेशन ले जाया गया। उन्होंने अपने नाम लाम हाई ट्रुंग और क्वच डुंग बिन्ह बताया। दोनों ने स्वीकार किया कि वो कुत्तों की चोरी करते थे।

अन्य न्यूज रिपोर्ट को यहां पर देखा जा सकता है।
अधिक जानकारी के लिए हमने दैनिक जागरण दिल्ली के रिपोर्टर उदय जगताप से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल वीडियो दिल्ली का नहीं है।
गौरतलब है कि दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते आवारा कुत्तों और उनके आतंक के मामले में उच्चतम न्यायालय की दो न्यायाधीशों की पीठ ने 11 अगस्त को सुनवाई की थी। न्यायालय ने रैबीज के बढ़ते मामलों पर चिंता जताई और आवारा कुत्तों को 8 हफ्तों के भीतर सड़क से हटा कर डॉग शेल्टर में रखने का आदेश सुनाया। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट की तीन सदस्यीय पीठ ने इस फैसले के खिलाफ दायर याचिका की सुनवाई करते हुए केंद्र और कई एनजीओ की दलीलें सुनी और उसके बाद अपना फैसला सुरक्षित रख लिया।
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाली यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को 63 हजार लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की पड़ताल में पाया कि कुत्तों के शव के वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। वायरल वीडियो का भारत से कोई संबंध नहीं है। असल में यह वीडियो दक्षिणी वियतनाम के का माऊ प्रांत में हुई एक घटना का है, जहां पर कुत्ते चुराने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया था। दोनों के पास से 12 कुत्तों के शव बरामद किए गए थे।
- Claim Review : दिल्ली में मारे गए कुत्तों का वीडियो।
- Claimed By : Thread User hii_soni_d91
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












