X
X

Fact Check : तेजस्वी यादव ने जनसभा में नहीं सुनाया ‘चुनाव आयोग वोट चोर’ गाना, एडिटेड वीडियो वायरल

विश्‍वास न्‍यूज की पड़ताल में वायरल पोस्‍ट फर्जी साबित हुई। चुनाव आयोग पर ‘वोट चोरी’ का आरोप लगाने वाला भोजपुरी गाना बजाते हुए तेजस्वी यादव का वायरल वीडियो एडिटेड है। असली वीडियो मई 2024 का है जब उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पुराने बयानों को स्पीकर पर सुनाते हुए बीजेपी पर निशाना साधा था।

  • By: Pallavi Mishra
  • Published: Aug 22, 2025 at 04:49 PM
  • Updated: Aug 22, 2025 at 04:53 PM

नई दिल्‍ली (विश्वास न्यूज)। आगामी बिहार चुनाव से पहले, कांग्रेस पार्टी आक्रामक रूप से सरकार और चुनाव आयोग पर ‘वोट चोरी’ और मतदाता सूची में अनियमितताओं का आरोप लगा रही है और इस मुद्दे को लेकर “वोटर अधिकार यात्रा” भी निकाल रही है। इस बीच सोशल मीडिया पर RJD नेता तेजस्वी यादव का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वे एक स्पीकर पर चुनाव आयोग और भाजपा पर ‘वोट चोरी’ का आरोप लगाने वाला एक भोजपुरी गाना बजाते हुए दिख रहे हैं। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के दौरान तेजस्वी यादव ने स्पीकर पर यह गाना बजाया।

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल पोस्‍ट की जांच की और दावा फर्जी साबित हुआ। दरअसल यह वीडियो एडिटेड है। असली वीडियो मई 2024 का है जब तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुछ पुराने बयानों का ऑडियो स्पीकर पर चलाया था और उन पर अपने वादे पूरे न करने का आरोप लगाया था।

क्‍या हो रहा है वायरल

फेसबुक यूजर News Ink आवाज सच की ने 22 अगस्त 2025 को इस वीडियो को पोस्‍ट करते हुए दावा किया, “वोटर अधिकार यात्रा के दौरान तेजस्वी यादव ने अपनी रैली में जनता को सुनाया बीजेपी वोट चोरी का गाना ।”

पड़ताल

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल वीडियो के बारे में जानने के लिए सबसे पहले इसके कई कीफ्रेम्‍स निकाले। फिर इन्‍हें गूगल लेंस टूल के जरिए सर्च किया। हमें इस क्लिप का पूरा वर्जन तेजस्वी यादव के एक्स अकाउंट पर 1 मई 2024 को अपलोड मिला। यहां देखा जा सकता है कि तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुछ पुराने बयानों का ऑडियो स्पीकर पर चलाया था और उन पर अपने वादे पूरे न करने का आरोप लगाया था।

https://twitter.com/yadavtejashwi/status/1785492079403258164

हमें इस मामले में न्यूज़ 24 के यूट्यूब चैनल पर 1 मई 2024 को एक खबर भी मिली। यहां भी सुना जा सकता है कि तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुछ पुराने बयानों का ऑडियो स्पीकर पर चलाया था।

ज़ी बिहार झारखंड के यूट्यूब चैनल पर भी 1 मई 2024 को इस मामले में एक खबर मिली।

हमने इस मामले में मुजफ्फरपुर कवर करने वाले दैनिक जागरण के पत्रकार प्रेम शंकर मिश्रा से भी संपर्क किया। उन्होंने भी कन्फर्म किया कि यह वीडियो 2024 का है और असली वीडियो में पीएम मोदी के पुराने भाषणों के क्लिप्स चलाये गए थे, कोई गाना नहीं।

जांच के अंत में फर्जी पोस्‍ट करने वाले यूजर की जांच की गई। यूजर ‘News Ink आवाज सच की’ के 700 से अधिक फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: विश्‍वास न्‍यूज की पड़ताल में वायरल पोस्‍ट फर्जी साबित हुई। चुनाव आयोग पर ‘वोट चोरी’ का आरोप लगाने वाला भोजपुरी गाना बजाते हुए तेजस्वी यादव का वायरल वीडियो एडिटेड है। असली वीडियो मई 2024 का है जब उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पुराने बयानों को स्पीकर पर सुनाते हुए बीजेपी पर निशाना साधा था।

  • Claim Review : तेजस्वी यादव ने बजाया 'चुनाव आयोग वोट चोर' गाना
  • Claimed By : FB user News Ink आवाज सच की
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later