Fact Check: यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ और नगीना सांसद चंद्रशेखर रावण के वीडियो का मनीषा मामले से कोई संबंध नहीं
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ का वायरल वीडियो लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान बंगाल में की गई रैली का है, जबकि नगीना सांसद चंद्रशेखर रावण का यह वीडियो अगस्त 2024 में संसद में पहलवान विनेश फोगाट को लेकर दिए गए बयान का है। इन दोनों वीडियो का मनीषा मामले से कोई संबंध नहीं है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Aug 28, 2025 at 04:25 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। हरियाणा के भिवानी की मनीषा का मामला हत्या या आत्महत्या के बीच उलझा हुआ है। इससे जोड़कर सोशल मीडिया पर कई वीडियो और तस्वीरें वायरल हुई हैं। इनमें से कुछ फर्जी व भ्रामक भी थे, जिनकी पड़ताल विश्वास न्यूज ने की थी।
अब यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और नगीना से सांसद चंद्रशेखर रावण के वीडियो वायरल हो रहे हैं। इसमें एक वीडियो में योगी आदित्यनाथ को कहते हुए सुना जा सकता है कि अगर ये दंगाई उत्तर प्रदेश में ऐसे अत्याचार करते तो इन्हें उल्टा लटकाकर ठीक कर देता। वहीं, दूसरे वीडियो में चंद्रशेखर रावण को यह कहते हुए दिखाया गया है कि यह देश की बेटी का मामला है। वह हरियाणा की नहीं बल्कि हमारे देश की बेटी है। कुछ यूजर्स इन दोनों वीडियो को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि योगी आदित्यनाथ और चंद्रेशखर रावण ने मनीषा मामले में यह बयान दिए हैं।
विश्वास न्यूज ने दोनों वीडियो की एक-एक करके पड़ताल की। इसमें पता चला कि योगी आदित्यनाथ का वीडियो पिछले साल लोकसभा चुनाव 2024 के प्रचार के लिए बंगाल में हुई रैली का है, जबकि चंद्रशेखर रावण का वीडियो भी पिछले साल का ही है। इन दोनों वीडियो का मनीषा मामले से कोई संबंध नहीं है।
वायरल पोस्ट
इंस्टाग्राम यूजर amit_kabarchha_ ने 23 अगस्त को योगी आदित्यनाथ का वीडियो शेयर (आर्काइव लिंक) किया है। इसमें वह कहते दिख रहे हैं, “अगर ये दंगाई उत्तर प्रदेश में इस तरह से अत्याचार करते तो मैं अब तक इन्हें उल्टा लटकाकर ठीक कर देता। और वह हाल इनका कर देते कि इनकी सात पीढ़ियां भूल जाती कि दंगा कैसे करते हैं।“

फेसबुक यूजर संदीप यादव ने 20 अगस्त को चंद्रेशखर रावण का एक वीडियो शेयर (आर्काइव लिंक) किया है। इस पर लिखा है, “संसद में गूंजी मनीषा बहन की आवाज।“
वीडियो में चंद्रेशखर कह रहे हैं, “यह बहुत महत्वपूर्ण देश की बेटी का मामला है। हरियाणा की बेटी नहीं है वो, देहात की बेटी नहीं है, वो हमारी बहन है, देश की बेटी है। और आपने क्या किया हरियाणा के साथ? आपने उसकी बलि दे दी। इस देश का नाम बढ़ाती। लेकिन आज अपमान का सामना करना पड़ रहा है। हमारे हितों की बात आती है, तो हम समझौता कर सकते हैं। लेकिन जब देश के हितों की बात होगी, जैसा कि बाबासाहेब आंबेडकर ने कहा था, हम पहले और आखिरी भारतीय हैं। जब देश के हितों की बात होगी, महिलाओं के हितों की बात होगी।“

पड़ताल
हमने सबसे पहले यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ के वीडियो के बारे में कीवर्ड से सर्च किया। योगी आदित्यनाथ के इंस्टाग्राम अकाउंट से 30 अप्रैल 2024 को एक वीडियो पोस्ट किया गया है, जिसमें उनको एक रैली को संबोधित करते हुए देखा जा सकता है। इसमें वायरल क्लिप भी देखी जा सकती है।

नवभारत टाइम्स की वेबसाइट पर 30 अप्रैल 2024 को छपी खबर के अनुसार, योगी आदित्यनाथ ने पश्चिम बंगाल में मुर्शिदाबाद और बीरभूम में चुनावी रैली की। यहां उन्होंने दंगाइयों को उल्टा लटका देने की बात कही।

इस बारे में उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता अवनीश त्यागी का कहना है कि योगी आदित्यनाथ ने यह बयान लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान बंगाल में हुई चुनावी रैली में दिया था।
इसके बाद हमने चंद्रशेखर रावण के वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। यूपी तक के एक्स हैंडल से 7 अगस्त 2024 को संसद की कार्यवाही का वीडियो पोस्ट किया गया है। इसमें चंद्रशेखर रावण के वायरल बयान को भी सुना जा सकता है। पोस्ट के साथ जानकारी दी गई है कि नगीना लोकसभा से सांसद चंद्रशेखर रावण ने पेरिस ओलंपिक से विनेश फोगाट को डिस्क्वालीफाई किए जाने के मामले में खेल मंत्री से सवाल किए।
दैनिक जागरण के यूट्यूब चैनल पर भी 8 अगस्त 2024 को वायरल वीडियो से संबंधित पूरा वीडियो अपलोड किया गया है। इसमें भी इसको विनेश फोगाट से जुड़ा मामला बताया गया है।
दैनिक जागरण की वेबसाइट पर 27 अगस्त को छपी खबर के मुताबिक, भिवानी के प्ले स्कूल की टीचर मनीषा 11 अगस्त को लापता हो गई थी। 13 अगस्त को उसका शव मिला था। शव का तीसरा पोस्टमार्टम दिल्ली एम्स में करने के साथ ही केस को सीबीआई को सौंप दिया गया है।
भिवानी में मनीषा मामले को कवर करने वाले दैनिक जागरण के रिपोर्टर शिव कुमार का कहना है कि इस मामले को सीबीआई को सौंप दिया गया है। इसको लेकर चल रहा विरोध प्रदर्शन समाप्त हो चुका है।
योगी आदित्यनाथ के पुराने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। यूजर के 1 लाख 10 हजार फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ का वायरल वीडियो लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान बंगाल में की गई रैली का है, जबकि नगीना सांसद चंद्रशेखर रावण का यह वीडियो अगस्त 2024 में संसद में पहलवान विनेश फोगाट को लेकर दिए गए बयान का है। इन दोनों वीडियो का मनीषा मामले से कोई संबंध नहीं है।
- Claim Review : योगी आदित्यनाथ ने मनीषा मामले में कहा, अगर ये दंगाई उत्तर प्रदेश में ऐसे अत्याचार करते तो मैं इन्हें उल्टा लटकाकर ठीक कर देता।
- Claimed By : Insta User- amit_kabarchha_
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












