Fact Check: अमृतसर के स्वर्ण मंदिर में तेज हवा से टेंट उखड़ने का वीडियो तीन साल पुराना है
अमृतसर में 21 जून 2022 की रात को तेज हवा के कारण स्वर्ण मंदिर में टेंट उखड़ गया था। उस वीडियो को हालिया बताकर शेयर किया जा रहा है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Sep 1, 2025 at 02:32 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। मानसून के दौरान लगभग पूरे भारत में भारी बारिश हो रही है। इससे पंजाब के कई हिस्सों में बाढ़ आ गई है। इस बीच सोशल मीडिया पर स्वर्ण मंदिर का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें तेज हवा की वजह से टेंट को उखड़ते हुए देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इस वीडियो को हालिया समझकर शेयर कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि स्वर्ण मंदिर में तेज हवा की वजह से टेंट उखड़ने का यह वीडियो करीब तीन साल पुराना है। इसका हाल-फिलहाल से कोई संबंध नहीं है।
वायरल पोस्ट
इंस्टाग्राम यूजर newsexpress1306 ने 30 अगस्त को वीडियो को शेयर (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा है,
“अकाल तख्त के दर पर संकट, स्वर्ण मंदिर में मचा हाहाकार
अमृतसर स्थित पवित्र श्री हरमंदिर साहिब (स्वर्ण मंदिर) पर अचानक मची अफरा-तफरी ने श्रद्धालुओं को हिला कर रख दिया। चारों ओर चीख-पुकार मच गई, लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। यह वीडियो उसी भयावह पल को दिखाता है, जब श्रद्धा के स्थान पर सन्नाटा और डर ने जगह ले ली।“

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। फेसबुक पेज Dhan Guru Ramdas Ji ने 22 जून 2022 को इस वीडियो को पोस्ट करते हुए लिखा है, “आज रात कुछ मिनटों के लिए आए श्री दरबार साहिब तूफान की तस्वीरें, जिसने एक मजबूत तंबू को उड़ा दिया।”

Sikh Tourism फेसबुक अकाउंट से भी 22 जून 2022 को इससे संबंधित अन्य वीडियो भी पोस्ट की गई हैं। इसमें वायरल क्लिप भी देखी जा सकती है।

यूट्यूब चैनल Ludhiana Times ने 23 जून 2022 को इस वीडियो को अपलोड करते हुए इसे 21 जून की रात आई तेज हवा का बताया।
22 जून 2022 को दैनिक सवेरा के यूट्यूब चैनल पर भी इससे संबंधित वीडियो न्यूज को देखा जा सकता है।
इस बारे में हमने अमृतसर में स्वर्ण मंदिर की खबर कवर करने वाले दैनिक जागरण के रिपोर्टर अमृतपाल सिंह से संपर्क कर उनको वायरल वीडियो भेजा। उनका कहना है कि यह वीडियो पुराना है। अभी ऐसा कोई वाकया नहीं हुआ है।
इससे साफ होता है कि स्वर्ण मंदिर का यह वीडियो जून 2022 का है।
दैनिक जागरण की वेबसाइट पर 1 सितंबर को छपी खबर के अनुसार, पंजाब के आठ जिले बाढ़ की चपेट में हैं। 1300 से अधिक गांवों में पानी भरा है और करीब दो लाख एकड़ फसल पानी में डूबी है। राज्य सरकार ने सभी स्कूलों को 3 सितंबर तक बंद करने का आदेश दिया है। बाढ़ से प्रभावित लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाने और उनको वहां से निकालने के लिए सेना के 25 ट्रक बोट अमृतसर के अजनाला में पहुंचे। अटोर वाहनों से भी उनको निकाला जा रहा है। ये वाहन सेना को निजी कंपनी ने दिए हैं।

न्यूज 18 की वेबसाइट पर 28 अगस्त को छपी खबर के मुताबिक, “ATOR N1200 भारतीय सेना का नया ऑल-टेरेन अम्फिबियस वाहन है। यह वाहन घने जंगल, दलदल, रेगिस्तान, ऊंचे पहाड़ या फिर बर्फ से ढके मैदान में बेधड़क चल सकता है। यह पानी में भी तैर सकता है। यह वाहन 1200 किलो तक का पेलोड उठा सकता है और इसमें कुल 9 लोग बैठ सकते हैं। इसे सिक्किम के बर्फीले इलाकों से लेकर पंजाब की बाढ़ तक में उतारा गया है।”

तीन साल पुराने वीडियो को शेयर करने वाले यूजर के 27 हजार से अधिक फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: अमृतसर में 21 जून 2022 की रात को तेज हवा के कारण स्वर्ण मंदिर में टेंट उखड़ गया था। उस वीडियो को हालिया बताकर शेयर किया जा रहा है।
- Claim Review : तेज हवा की वजह से स्वर्ण मंदिर में लगा टेंट उखड़ गया।
- Claimed By : Insta User- newsexpress1306
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












