Fact Check: दिल्ली में लाल किला के पास ‘झरना’ बहने का वीडियो पिछले साल का है, हालिया नही
दिल्ली में भारी बारिश और यमुना का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर होने के कारण कई इलाकों में पानी जमा हो गया है। हालांकि, लाल किला के पास भारी जलजमाव का वायरल वीडियो पिछले साल जून का है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Sep 5, 2025 at 03:46 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। देश के कई हिस्सों में भारी बारिश से बाढ़ के हालात बने हुए हैं। दिल्ली में भी यमुना खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। इस कारण दिल्ली के कुछ इलाकों में बाढ़ आ गई है।
इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया गया है। इसमें लाल किला के आसपास जमा पानी को देखा जा सकता है। वीडियो को देखने से ऐसा लग रहा है, जैसे वहां झरना बह रहा हो। कुछ यूजर्स इस वीडियो को हालिया बताकर शेयर कर रहे हैं और दावा कर रहे हैं कि यह हालात भारी बारिश के बाद लाल किला के हैं।
विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि लाल किला के पास पानी भरने का यह वीडियो पिछले साल जून का है। उस समय भारी बारिश के बाद वहां काफी पानी जमा हो गया था। हालांकि, इस बार भी भारी बारिश और यमुना का जलस्तर खतरे के निशान को पार करने की वजह से दिल्ली के कुछ इलाकों में बाढ़ के हालात बन गए हैं।
वायरल पोस्ट
इंस्टा यूजर king_0000420 ने 3 सितंबर को वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) किया है। इस पर लिखा है, “बारिश के बाद लाल किला का यह हाल हो गया!“

पड़ताल
वायरल वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च करने पर हमें यह वीडियो टाइम्स नाउ नवभारत के यूट्यूब चैनल पर मिला। इसे 28 जून 2024 को अपलोड किया गया है। इसमें लिखा है, बारिश की वजह से दिल्ली का लाल किला ‘नियाग्रा फॉल’ बन गया।
28 जून 2024 को इस वीडियो को भारत समाचार के यूट्यूब चैनल पर भी अपलोड किया गया है।
द सूत्र के यूट्यूब चैनल पर भी 29 जून 2024 को इससे संबंधित एक अन्य वीडियो अपलोड की गई है।
इससे साफ हो गया कि लाल किला के पास भरे पानी का यह वीडियो पिछले साल जून का है।
दैनिक जागरण के 5 सितंबर के दिल्ली संस्करण में छपी खबर के अनुसार, यमुना का जलस्तर बढ़ने से सिविल लाइंस समेत कई आवासीय क्षेत्रों में पानी भर गया है। कई मुख्य मार्गों पर जलजमाव की वजह से लोगों को जाम का सामना कर पड़ रहा है। गुरुवार को यमुना का जलस्तर खतरे के निशान 205.33 से दो मीटर ऊपर पहुंच गया। गीता कॉलोनी, उस्मानपुर, बदरपुर खादर, यमुना बाजार समेत कई क्षेत्रों में पानी भर गया है। करीब 15 हजार लोग बेघर हो चुके हैं और 1200 लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है।

इस बारे में हमने दिल्ली में दैनिक जागरण के प्रमुख संवाददाता संतोष कुमार सिंह से संपर्क किया। उनका कहना है कि अभी फिलहाल लाल किला तक यमुना का पानी नहीं पहुंचा है। वायरल वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं है।
पुराना वीडियो शेयर करने वाले यूजर के 469 फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: दिल्ली में भारी बारिश और यमुना का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर होने के कारण कई इलाकों में पानी जमा हो गया है। हालांकि, लाल किला के पास भारी जलजमाव का वायरल वीडियो पिछले साल जून का है।
- Claim Review : यह हालात भारी बारिश के बाद लाल किला के हैं।
- Claimed By : Insta User- king_0000420
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












