X
X

Fact Check: हिमाचल के सिरमौर में हुए भूस्खलन का पुराना वीडियो ऋषिकेश के नाम से वायरल

विश्‍वास न्‍यूज ने जांच में पाया कि भूस्खलन का वायरल वीडियो ऋषिकेश का नहीं है। यह वीडियो हिमाचल प्रदेश के सिरमौर का साल 2021 का है, जब भूस्खलन के कारण पांवटा साहिब-शिलाई मार्ग का हिस्सा कुछ ही मिनटों में धंस गया था। उसी पुराने वीडियो को अब हालिया बताकर ऋषिकेश के नाम से शेयर किया जा रहा है। 

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। देश के कई हिस्सों में भारी बारिश से बाढ़ और भूस्खलन हो रहा है। कई जगह सड़कें बंद हो गई हैं और फसलों को बहुत नुकसान हुआ है। इसी बीच सोशल मीडिया पर कई भ्रामक और फर्जी दावे भी शेयर किए जा रहे हैं। ऐसे ही एक वीडियो, जिसमें एक बड़े पहाड़ को ढहते हुए देखा जा सकता है वायरल हो रहा है। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो ऋषिकेश का है। यूजर्स इस वीडियो को हालिया बताकर शेयर कर रहे हैं।  

विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि ढहते हुए पहाड़ का यह वीडियो हिमाचल प्रदेश का है। जब साल 2021 में हिमाचल के सिरमौर में  एक पूरा पहाड़ नीचे आ गया था। उसी वीडियो को अब हालिया बताकर ऋषिकेश के नाम से भ्रामक दावे से शेयर किया जा रहा है। वीडियो का हाल-फिलहाल से कोई संबंध नहीं है।

वायरल पोस्ट

फेसबुक यूजर Loki Gujjar Arniya ने 4 सितंबर 2025 को वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) किया है। इस पर लिखा है, “

ऋषिकेश में पूरा का पूरा पहाड़ ही नीचे आ गया इन दिनों कोई भी भाई पहाड़ों में घूमने नहीं जाए तो अच्छा है #facebookreelsviral #trendingreelsvideo #trendingreel #insta #mausam #instamood #facebookreel #facebookreelsvideo #rishikesh #rishikeshdiaries”

पड़ताल

वायरल वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च करने पर हमें यह वीडियो टीवी9 भारतवर्ष के यूट्यूब चैनल पर मिला। इसे 20 जुलाई 2021 को अपलोड किया गया है। इसमें लिखा है, “हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में भारी भूस्खलन हुआ है। पांवटा साहिब से रोहड़ू जाने वाला नेशनल हाईवे 707 बड़वास के पास लगभग 50 से 100 मीटर तक पूरी सड़क धंसने से बाधित हो गया है। पांवटा, सतोन से कमरऊ, कफोटा शिलाई की तरफ जाने के लिए वैकल्पिक मार्ग किलोड- खेरवा (उत्तराखण्ड) मशु-च्योग- जाखना होते हुए कफोटा पहुंच सकते हैं। प्रशासन का कहना है कि सड़क को बहाल करने में दो से तीन दिन का समय लग सकता है।”

हमें वीडियो से जुड़ी खबर himachalwatcher.com की वेबसाइट पर मिली। 30 जुलाई 2021 को प्रकाशित खबर में बताया गया,”लगातार बारिश के कारण सिरमौर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग 707 पर एक बार फिर भारी भूस्खलन हुआ है। बड़वास के काली ढांक के पास पांवटा साहिब-शिलाई सड़क का 100 से 150 मीटर हिस्सा कुछ ही मिनटों में धंस गया।”

वीडियो Zee Rajasthan News के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर भी मिला। 30 जुलाई 2021 को अपलोड वीडियो में बताया गया, वीडियो हिमाचल के सिरमौर का है, जब भूस्खलन के कारण पूरी सड़क ही गायब हो गई थी।”

वीडियो से जुड़ी अन्य खबरें यहां देखें।

हमने वीडियो को दैनिक जागरण के हिमाचल प्रदेश के स्टेट एडिटर नवनीत शर्मा के साथ शेयर किया। उन्होंने बताया यह वीडियो पुराना है और हिमाचल के सिरमौर का है।

अंत में हमने वीडियो को शेयर करने वाले यूजर को स्कैन किया। पता चला यूजर को 8 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने स्वयं को जयपुर का रहने वाला बताया है।

निष्कर्ष: विश्‍वास न्‍यूज ने जांच में पाया कि भूस्खलन का वायरल वीडियो ऋषिकेश का नहीं है। यह वीडियो हिमाचल प्रदेश के सिरमौर का साल 2021 का है, जब भूस्खलन के कारण पांवटा साहिब-शिलाई मार्ग का हिस्सा कुछ ही मिनटों में धंस गया था। उसी पुराने वीडियो को अब हालिया बताकर ऋषिकेश के नाम से शेयर किया जा रहा है। 

  • Claim Review : ऋषिकेश में पूरा का पूरा पहाड़ ही नीचे आ गया
  • Claimed By : FB User-Loki Gujjar Arniya
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later