X
X

Fact Check:  प्रियंका गांधी का PM मोदी पर दिया गया ‘तेरे नाम’ वाला बयान 2023 का है, गलत संदर्भ में वायरल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘तेरे नाम’ फिल्म के सलमान खान से तुलना करतीं प्रियंका गांधी का यह वीडियो 2023 का है। इसे वर्तमान घटनाओं से जोड़कर भ्रामक दावे के साथ वायरल किया जा रहा है। वायरल पोस्ट फर्जी है।

नई दिल्‍ली (विश्‍वास न्‍यूज)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें कांग्रेस महासचिव एवं सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘तेरे नाम’ फिल्म के सलमान खान के कैरेक्टर से तुलना करके तंज कसते हुए देखा जा सकता। वीडियो को पोस्ट कर दावा किया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी मां पर कांग्रेस-आरजेडी के मंच से की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद अब प्रियंका गांधी ने ये बयान दिया है।

विश्‍वास न्‍यूज की जांच में वायरल पोस्ट फर्जी साबित हुई। असल में यह वीडियो 2023 का है और इसका वर्तमान चुनावी माहौल से कोई संबंध नहीं है।  

क्या हो रहा है वायरल

इंस्टाग्राम यूजर bjp4.bharatiya ने 5 सितंबर 2025 को इस वीडियो को शेयर किया जिसमें प्रियंका गॉंधी बोलतीं हैं “और मोदी जी का पूँछिये ही मत, मोदी जी का क्या कहना। देश के पहले ऐसे प्रधानमंत्री हैं जो अपनी ही पीड़ा में परेशान रहते हैं। कर्नाटक गए, बड़ी लम्बी लिस्ट ले गए, भाई मुझे इतनी गलियां दीं हैं। यहां आये, यहां भी कहने लगे मुझे इतनी गलियां दीं हैं। रोते ही रहते हैं। आपने वो सलमान खान की पिक्चर देखी है, तेरे नाम। उसमें सलमान खान शुरू से अंत तक रोते ही रहते हैं। मैं तो कहती हूं मोदी जी के लिए भी पिक्चर बना देते हैं और उसका नाम रखेंगे मेरे नाम। ” वीडियो को शेयर कर लिखा गया “PM मोदी को दी गई मां की गाली को प्रियंका गांधी ने खुश हो ठहराया जायज ! पहले मंच से मोदी जी को मां की गाली अब उसी मंच से मजाक बना रही कांग्रेस।”

पोस्ट का आकाईव  वर्जन यहां देखें।

पड़ताल

इस वीडियो के कीफ्रेम्स को गूगल लेंस से सर्च करने पर हमें प्रियंका गांधी का यह वीडियो क्लिप 2023 की कई सोशल मीडिया पोस्ट्स में मिला। इससे ये साफ़ हुआ कि वीडियो हालिया नहीं, बल्कि पुराना है।

न्यूज़ एजेंसी ANI के फेसबुक पेज पर भी हमें ये वीडियो 15 नवंबर 2023 को अपलोड मिला।

ANI के 15 नवंबर 2023 के एक X पोस्ट में भी इस वीडियो को शेयर किया गया था और साथ में जानकारी दी गयी थी कि यह मध्य प्रदेश के दतिया में हुई एक जनसभा की वीडियो है।

कीवर्ड्स से ढूंढ़ने पर हमें इस मामले में 15 नवंबर 2023 की कई खबरें भी मिलीं। लाइव मिंट की 15 नवंबर 2023 की खबर के अनुसार, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कटाक्ष करते हुए, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने उनकी और ‘तेरे नाम’ फिल्म में सलमान खान के किरदार की तुलना की। प्रियंका गांधी ने चुनावी राज्य मध्य प्रदेश में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसा लगता है कि प्रधानमंत्री रोते रहते हैं, उन पर ‘मेरे नाम’ से एक बायोपिक बननी चाहिए।”

इस मामले में हमने दतिया के पत्रकार कुलदीप सक्सेना से बात की, जिन्होंने 2023 में इस रैली को कवर किया था। उन्होंने कन्फर्म किया कि यह वीडियो चुनाव से पहले नवंबर 2023 में हुई एक जनसभा का है।

बताते चलें कि दरभंगा में ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के दौरान कांग्रेस के मंच से पीएम मोदी और उनकी मां को लेकर अभद्र टिप्पणी की गई थी। इसके बाद एक जनसभा के दौरान बिहार की जनता को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था, “मां ही तो हमारा संसार होती है, मां ही हमारा स्वाभिमान होती है। बिहार में कुछ दिनों पहले जो हुआ, उसकी मैंने कल्पना भी नहीं की थी। बिहार में RJD-कांग्रेस के मंच से मेरी मां को गालियां दी गईं। ये गालियां सिर्फ मेरी मां का अपमान नहीं है, ये देश की मां-बहन-बेटी का अपमान है।”

पड़ताल के अंत में विश्‍वास न्‍यूज ने भ्रामक पोस्ट करने वाले इंस्टाग्राम पेज ‘bjp4.bharatiya’ की जांच की। पेज के 1.75 लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘तेरे नाम’ फिल्म के सलमान खान से तुलना करतीं प्रियंका गांधी का यह वीडियो 2023 का है। इसे वर्तमान घटनाओं से जोड़कर भ्रामक दावे के साथ वायरल किया जा रहा है। वायरल पोस्ट फर्जी है।

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later