X
X

Fact Check : राहुल गांधी ने खाटू श्याम जी की तस्वीर लेने से नहीं किया था इनकार, एडिटेड वीडियो वायरल

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल पोस्‍ट की जांच की। दावा फर्जी साबित हुआ।

नई दिल्‍ली (Vishvas News)। सोशल मीडिया के अलग-अलग प्‍लेटफॉर्म पर एक वीडियो क्लिप वायरल हो रही है। इस क्लिप के साथ यह दावा किया जा रहा है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक व्यक्ति द्वारा दी जा रही खाटू श्याम जी की तस्वीर लेने से इनकार कर दिया। इस दावे को सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं।

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल पोस्‍ट की जांच की। दावा फर्जी साबित हुआ। मध्‍य प्रदेश के महू में हुए कार्यक्रम में एक शख्‍स राहुल गांधी को खाटू श्‍याम जी की तस्‍वीर देने के चक्‍कर में कांग्रेस अध्‍यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के सामने आ जाता है, जिसे राहुल गांधी हटा देते हैं। असली वीडियो देखने से यह स्‍पष्‍ट हुआ कि कुछ ही मिनट बाद उस शख्‍स से राहुल गांधी खाटू श्‍याम जी की तस्‍वीर को स्‍वीकार कर लेते हैं।

क्‍या हो रहा है वायरल

एक इंस्‍टाग्राम यूजर ने 18 सितंबर को राहुल गांधी से जुड़ी एक क्लिप को पोस्‍ट करते हुए उन्‍हें हिंदू विरोधी बताया। क्लिप में खाटू श्‍याम जी की तस्‍वीर लिए शख्‍स को हटाते हुए दिखाया गया है।

वायरल पोस्‍ट के आकाईव वर्जन को यहां देखा जा सकता है।

पड़ताल

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल हो रही क्लिप की सच्चाई जानने के लिए सबसे पहले इसके कई कीफ्रेम्‍स निकाले। फिर गूगल लेंस टूल के जरिए सर्च किया। हमें असली वीडियो कांग्रेस के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिला। 27 जनवरी 2025 को लाइव हुए इस वीडियो में 4 मिनट 30 से लेकर 5 मिनट 20 मिनट के बीच पूरी सच्‍चाई मिली।

दरअसल, वीडियो में देखा जा सकता है कि खाटू श्‍याम जी की तस्‍वीर लिए शख्‍स जब राहुल गांधी की ओर आता है तो वह कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के सामने आ जाता है। जिसकी वजह से राहुल उससे हटने को कहते हैं। वीडियो में कुछ सेकंड बाद वह शख्‍स लाइन में आता है और राहुल गांधी को खाटू श्‍याम जी की फोटो देता है, जिसे राहुल गांधी स्‍वीकार करते हैं।

असली वीडियो मध्‍य प्रदेश के महू में आयोजित कांग्रेस की जय संविधान रैली की है। उसमें राहुल गांधी ने भी शिरकत की थी। यह आयोजन 27 जनवरी 2025 को हुआ था।

मध्य प्रदेश के महू में राहुल गांधी की जय बापू, जय भीम, जय संविधान रैली की तस्वीरें एनडीटीवी इंडिया के इंस्‍टाग्राम हैंडल पर भी मिली। इसे 27 जनवरी 2025 को पोस्‍ट किया गया था।

कार्यक्रम से जुडी खबर हमें कांग्रेस की आधिकारिक वेबसाइट पर भी मिली। इसके अनुसार, महू में 27 जनवरी 2025 को यह रैली आयोजित की गई थी।

विश्‍वास न्‍यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए कांग्रेस की सोशल मीडिया टीम के सदस्‍य गिरीश कुमार से संपर्क किया। उनके साथ हमने वायरल क्लिप को साझा किया । उन्‍होंने पुष्टि करते हुए विश्‍वास न्‍यूज को बताया कि क्लिप एडिटेड है।

जांच के अंत में हमने इंस्‍टाग्राम यूजर की जांच की । इसे 200 से ज्‍यादा लोग फॉलो करते हैं। अकाउंट को जुलाई 2020 को बनाया गया था।

निष्‍कर्ष : राहुल गांधी द्वारा खाटू श्याम जी की तस्वीर लेने से इनकार करने का दावा पूरी तरह से मनगढ़ंत और झूठ है। असली वीडियो से पता चला कि राहुल गांधी ने तस्‍वीर को स्‍वीकार किया था।

  • Claim Review : राहुल गांधी ने नहीं स्‍वीकार किया खाटू श्‍याम जी की तस्‍वीर
  • Claimed By : IG User
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later