Fact Check: अजान के वक्त नेताओं का भाषण रोकना है सामान्य बात; राहुल गांधी का पुराना वीडियो भ्रामक और सांप्रदायिक दावे के साथ वायरल
विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि यह वीडियो हाल का नहीं, मई 2023 का है। साथ ही अज़ान के दौरान भाषण रोकने वाले राहुल गांधी अकेले नेता नहीं हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह सहित कई बड़े नेता अज़ान के दौरान अपना भाषण बीच में रोकते हुए नज़र आए हैं।
- By: Pallavi Mishra
- Published: Sep 17, 2025 at 02:27 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बिहार चुनाव से पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी का एक वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर काफी वायरल है। इस क्लिप में देखा जा सकता है कि वे अज़ान शुरू होने पर अपना भाषण बीच में ही रोक देते हैं। कुछ सोशल मीडिया यूजर इस वीडियो को राहुल गांधी की छवि धूमिल करने की मंशा के साथ शेयर कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि यह वीडियो हालिया नहीं, मई 2023 का है। पड़ताल में हमने पाया कि अज़ान के दौरान भाषण रोकने वाले राहुल गांधी अकेले नेता नहीं है। समय-समय पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह समेत कई बड़े नेता अज़ान के दौरान अपना भाषण बीच में रोकते नजर आते रहे हैं।
वायरल पोस्ट क्या कहती है?
amit.shah0084 नामक इंस्टाग्राम यूजर ने 14 सितंबर 2025 को इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा, “यही है राहुल गांधी की वास्तविकता और उनका असली चेहरा, अज़ान होते ही भाषण रोक दिया। अपनी इसी इस्लामिक आइडियोलॉजी के कारण यह हिंदुओं की आस्था के साथ खेल जाते हैं और तो और हिंदुओं और सनातनियों के खिलाफ भी बहुत बातें बोल जाते हैं ये जनेऊ धारी दत्तात्रेय गौड़ ब्राह्मण।”

पड़ताल
यह वीडियो एक बार पहले भी वायरल हो चुका है और उस समय भी विश्वास न्यूज़ ने इसकी जांच की थी।
‘Rahul Gandhi Stops Speech For Azaan’ कीवर्ड्स के साथ सर्च करने पर हमें यह वीडियो मई 2023 में कई YouTube चैनलों पर मिला।
टाइम्स ऑफ इंडिया की 1 मई 2023 की खबर में वीडियो को एम्बेड किया गया था। खबर के अनुसार, “तुमकरू में एक सार्वजनिक बैठक के दौरान, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मुस्लिमों की प्रार्थना, अज़ान सुनकर अपना भाषण रोक दिया। गांधी, जो उस समय भीड़ को संबोधित कर रहे थे, ने इस्लामी परंपरा के प्रति सम्मान के रूप में तुरंत बोलना बंद कर दिया।”
हमने इस मामले में कर्नाटक की पत्रकार निरुपमा केएस से बात की थी। उन्होंने पुष्टि की थी कि वायरल किया जा रहा राहुल गांधी का वीडियो 2023 का है, जब उन्होंने तुमकरू में एक रैली को संबोधित किया था।
इसके बाद, हमने ढूंढा कि क्या किसी और नेता ने भी अज़ान के समय अपना भाषण रोका है? कीवर्ड्स से ढूंढ़ने पर हमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के भी ऐसे वीडियो मिले, जिनमें उन्होंने अज़ान सुनकर कुछ समय के लिए सम्मानपूर्वक अपना भाषण रोक दिया था।
एनडीटीवी के YouTube चैनल पर 27 मार्च 2016 को अपलोड किए गए वीडियो में प्रधानमंत्री मोदी को पश्चिम बंगाल में एक रैली में अज़ान के दौरान अपना भाषण रोकते देखा जा सकता है।
टाइम्स ऑफ इंडिया के YouTube चैनल पर 3 मार्च 2018 को अपलोड किए गए एक वीडियो में भी प्रधानमंत्री मोदी को अज़ान के समय अपना भाषण रोकते देखा जा सकता है।
टाइम्स नाउ के YouTube चैनल पर 1 अक्टूबर 2022 को अपलोड किए गए एक वीडियो में गृह मंत्री अमित शाह को कश्मीर में ‘अज़ान’ के लिए अपना भाषण को रोकते हुए देखा जा सकता है।
इस कड़ी में, हमें सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा सहित कई अन्य नेताओं के भी वीडियो मिले, जिनमें उन्हें अज़ान के कारण अपना भाषण रोकते हुए देखा जा सकता है।
हमने गलत दावे के साथ वीडियो शेयर करने वाले इंस्टाग्राम यूजर की प्रोफाइल को स्कैन किया। यूजर amit.shah0084 के 400 से ज़्यादा फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि यह वीडियो हाल का नहीं, मई 2023 का है। साथ ही अज़ान के दौरान भाषण रोकने वाले राहुल गांधी अकेले नेता नहीं हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह सहित कई बड़े नेता अज़ान के दौरान अपना भाषण बीच में रोकते हुए नज़र आए हैं।
- Claim Review : यही है राहुल गांधी की वास्तविकता और उनका असली चेहरा, अज़ान होते ही भाषण रोक दिया।
- Claimed By : An Instagram user amit.shah0084
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












