X
X

Fact Check : कर्नाटक में गणपति विसर्जन जुलूस में शामिल लोगों को ट्रक से टक्कर लगने के मामले में कोई सांप्रदायिक एंगल नहीं

कर्नाटक के हासन जिले में गणपति विसर्जन के जुलूस में शामिल लोगों को ट्रक ने टक्कर मार दी थी। इस हादसे में 10 लोगों की जान चली गई थी। उस हादसे के वीडियो को अब सांप्रदायिक रंग देकर शेयर किया जा रहा है।

Karnataka, Karnataka Police, Viral Video

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। कर्नाटक से जोड़कर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है। इसमें गणपति विसर्जन में एक ट्रक को जुलूस में शामिल लोगों को कुचलते हुए देखा जा सकता है। इस वीडियो को शेयर कर कुछ यूजर्स ने दावा किया है कि कर्नाटक के हासन में मोसालेहोसल्ली गांव के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने गणेश उत्सव के जुलूस को टक्कर मार दी। इसमें चार लोगों की मौत हो गई और 20 से ज्यादा लोग घायल हैं। दावा किया गया कि ट्रक चालक का नाम मोहम्मद फिरोज है और उसने जानबूझकर टक्कर मारी है।

विश्वास न्यूज ने इसकी जांच की तो पता चला कि कर्नाटक के हासन जिले में एक ट्रक गणपति विसर्जन के जुलूस में घुस गया था। हादसे में 10 लोगों की मौत हुई थी, जबकि करीब 20 लोग घायल हुए थे। हालांकि, आरोपी ट्रक ड्राइवर हिंदू है। इस मामले में कोई सांप्रदायिक एंगल नहीं है।

वायरल पोस्ट

फेसबुक यूजर Sunita Singh ने 12 सितंबर को वीडियो को पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “कर्नाटक के हासन में भीषण हादसा: मोसालेहोसल्ली गाँव के पास NH-373 पर एक तेज़ रफ़्तार टैंकर ट्रक ने गणेश उत्सव के जुलूस को टक्कर मार दी।ट्रक चालक मोहम्मद फिरोज ने कर्नाटक के हासन में गणेश उत्सव के जुलूस में जानबूझकर टक्कर मार दी, जिससे 4 लोग मारे गए और 20 से अधिक घायल हो गए। अधिकारी इस आतंकी कृत्य की जांच कर रहे हैं। 4 लोगों की मौके पर ही मौत, 20 से ज़्यादा गंभीर रूप से घायल। बचाव अभियान जारी। इरादा अज्ञात!!

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। 12 सितंबर को न्यू एजेंसी एआईएनएस की वेबसाइट पर इस हादसे से संबंधित खबर छपी है। इसमें वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट को भी देखा जा सकता है। खबर के अनुसार, कर्नाटक के हासन जिले में शाम को माल से लदे ट्रक ने गणेश विसर्जन जुलूस में शामिल लोगों को कुचल दिया। इससे आठ लोगों की मौत हो गई और 20 से ज्यादा घायल हो गए। यह घटना हासन जिले के हासन तालुका में मोसाले होसाहल्ली रेलवे फाटक के पास हुई। आरोपी चालक भुवनेश को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लोगों ने उसे गाड़ी से घसीटकर बाहर निकाला और उसकी पिटाई की। ट्रक ने पहले एक बाइक को टक्कर मारी, फिर एक डिवाइडर से टकराया और अंततः गणेश विसर्जन के दौरान मौजूद भीड़ को कुचल दिया।

आईएनएस के एक्स हैंडल से 13 सितंबर को हासन की एसपी सुजीथा एम. एस. का बयान वीडियो पोस्ट किया गया है। पोस्ट के मुताबिक, हादसे में नौ लोगों की मौत हुई है। ड्राइवर का नाम भुवनेश है।

14 सितंबर को डेक्कन हेराल्ड में छपी खबर में भी आरोपी ट्रक ड्राइवर का नाम भुवनेश बताया गया है। इसमें मृतकों की संख्या 10 बताई गई है।

हमने इस मामले की एफआईआर के बारे में भी सर्च किया। एफआईआर में भी आरोपी का नाम भुवनेश दिया गया है।

यह हादसा हासन जिले के गोरुर थाना क्षेत्र में हुआ था, इसलिए इस बारे में हमने गोरुर थाना प्रभारी धनराज से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि आरोपी ट्रक ड्राइवर का नाम भुवनेश है और वह हासन जिले का ही निवासी है। वह हिंदू है। इस मामले में कोई सांप्रदायिक एंगल नहीं है। सोशल मीडिया पर फेक पोस्ट की जा रही है।

वीडियो को संप्रदायिक रंग देकर शेयर करने वाली फेसबुक यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। एक विचारधारा से प्रभावित यूजर के करीब 3700 फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: कर्नाटक के हासन जिले में गणपति विसर्जन के जुलूस में शामिल लोगों को ट्रक ने टक्कर मार दी थी। इस हादसे में 10 लोगों की जान चली गई थी। उस हादसे के वीडियो को अब सांप्रदायिक रंग देकर शेयर किया जा रहा है।

  • Claim Review : कर्नाटक के हासन में मोहम्मद फिरोज ने जानबूझकर ट्रक से गणेश उत्सव के जुलूस को टक्कर मार दी।
  • Claimed By : FB User- Sunita Singh
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later