X
X

Fact Check: सनी देओल का छह साल पुराना संसद का वीडियो उत्तर कुमार से जोड़कर वायरल

सनी देओल ने 18 जून 2019 को संसद में गुरदासपुर के सांसद के तौर पर शपथ ली थी। उस दौरान के वीडियो को उत्तर कुमार के मामले से जोड़कर शेयर किया जा रहा है।

Uttar Kumar, Uttar Kumar News, Haryanvi Actor Uttar Kumar, Sunny Deol Parliament video, Sunny Deol viral video

नई दिल्‍ली (विश्‍वास न्‍यूज)। हरियाणवी फिल्म अभिनेता, लेखक और निर्देशक उत्तर कुमार को दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। उत्तर से जोड़कर सोशल मीडिया पर बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें संसद में सनी देओल को देखा जा सकता है। इसे शेयर कर दावा किया जा रहा है कि सनी देओल ने उत्तर कुमार के समर्थन में साइन किए हैं।

विश्‍वास न्‍यूज ने इस वीडियो की जांच की तो पता चला कि यह जून 2019 का है। तब 17वीं लोकसभा में सनी देओल ने सांसद के तौर पर शपथ ली थी। उस दौरान के वीडियो को उत्तर कुमार से जोड़कर शेयर किया जा रहा है।

वायरल पोस्ट

इंस्टाग्राम यूजर arjun_saini13143 ने 21 सितंबर को वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) किया है। इस पर लिखा है, “सनी देओल उत्तर कुमार को इंसाफ दिलाने में कर डाले अपने सिग्नेचर

पड़ताल

वायरल वीडियो को देखने पर यह हमें संसद का लगा। इसमें भाजपा सांसद रवि शंकर प्रसाद बैठे दिख रहे हैं। इस आधार पर हमने गूगल पर कीवर्ड से सर्च किया तो संसद टीवी के यूट्यूब चैनल पर वायरल क्लिप का लंबा वर्जन मिला। इसे 18 जून 2019 को अपलोड किया गया है। वीडियो के साथ दी गई जानकारी के अनुसार, “भाजपा के सनी देओल ने 17वीं लोकसभा के लिए सांसद के रूप में शपथ ली। वह गुरदासपुर लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं।”

18 जून 2019 को एनडीटीवी की वेबसाइट पर छपी खबर के अनुसार, “शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल, अभिनेता से राजनेता बने सनी देओल और आम आदमी पार्टी के एकमात्र सांसद भगवंत मान उन नेताओं में शामिल थे, जिन्होंने 17वीं लोकसभा के सदस्य के रूप में शपथ ली।”

न्यूज 18 की वेबसाइट पर भी इससे संबंधित खबर को देखा जा सकता है।

इससे साफ हो गया कि सनी देओल का यह वीडियो करीब छह साल पुराना है।

दैनिक जागरण की वेबसाइट पर 16 सितंबर को छपी खबर के मुताबिक, “साहिबाबाद पुलिस ने हरियाणवी फिल्म निर्माता उत्तर कुमार को दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया है। उन पर एक अभिनेत्री ने शादी का झांसा देकर रेप करने का आरोप लगाया है। कोर्ट ने उत्तर को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।”

इस बारे में हमने सनी देओल के पीए पंकज जोशी से संपर्क किया। उनका कहना है कि वायरल वीडियो पुराना है।

पुराने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। यूजर के करीब पांच हजार फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: सनी देओल ने 18 जून 2019 को संसद में गुरदासपुर के सांसद के तौर पर शपथ ली थी। उस दौरान के वीडियो को उत्तर कुमार के मामले से जोड़कर शेयर किया जा रहा है।

  • Claim Review : सनी देओल ने उत्तर कुमार के समर्थन में साइन किए हैं।
  • Claimed By : Insta User- arjun_saini13143
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later