Fact Check: जयपुर मशाल जुलूस के वीडियो को एडिट कर बरेली हिंसा के बाद का बताकर किया जा रहा शेयर
विश्वास न्यूज ने जांच में पाया कि ‘यूपी पुलिस तुम लट्ठ बजाओ, हम तुम्हारे साथ हैं’ के नारे के साथ वायरल हो रहा वीडियो एडिटेड है। असल वीडियो राजस्थान के जयपुर में निकाले गए मशाल जुलूस का है। वीडियो में नारे वाले ऑडियो को अलग से जोड़ा गया है। जिसे अब उत्तर प्रदेश का बताकर गलत दावे से शेयर किया जा रहा है।
- By: Jyoti Kumari
- Published: Oct 3, 2025 at 05:01 PM
- Updated: Oct 3, 2025 at 05:05 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल किया जा रहा है। वीडियो में लोगों की भीड़ को हाथों में मशाल लिए जुलसू निकालते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में ‘यूपी पुलिस तुम लट्ठ बजाओ, हम तुम्हारे साथ हैं’ के नारे सुनाई दे रहे हैं। अब कुछ यूजर्स इस वीडियो को बरेली हिंसा के बाद का बताकर शेयर कर रहे हैं। वीडियो को उत्तर प्रदेश का बताते हुए शेयर कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को गलत पाया। वायरल हो रहा वीडियो एडिटेड और ऑडियो ऑल्टर्ड है। असली वीडियो राजस्थान के जयपुर का है। वायरल वीडियो में ‘यूपी पुलिस तुम लट्ठ बजाओ, हम तुम्हारे साथ हैं’ का ऑडियो अलग से जोड़ा गया है। लोग एडिटेड वीडियो को गलत दावे से शेयर कर रहे हैं।
क्या है वायरल?
सोशल मीडिया यूजर ‘Sanjeev Dubey’ ने वायरल वीडियो (आर्काइव लिंक) को शेयर करते हुए लिखा है, “#यूपी_का_माहौल #GenZ सड़कों पर गूंज उठा नारा “यूपी पुलिस तुम लठ बजाओ, हम तुम्हारे साथ हैं… लम्बे-लम्बे लाठ बजाओ, हम तुम्हारे साथ हैं।”
सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर कई अन्य यूजर्स ने इस वीडियो को समान और मिलते-जुलते दावे के साथ शेयर किया है।

पड़ताल
वायरल वीडियो की पड़ताल के लिए हमने इसके स्क्रीनशॉट निकालकर उन्हें गूगल लेंस से सर्च किया। हमें वीडियो jaipur.info नाम के इंस्टाग्राम हैंडल पर मिला। 25 सितंबर 2025 को अपलोड वीडियो में इसे जयपुर का बताया गया है। वीडियो के कैप्शन के अनुसार,”झालावाड़ स्कूल हादसे में मासूम बच्चों के परिजनों को न्याय दिलाने के लिए युवा शक्ति का जयपुर की सड़कों पर मशाल जुलूस निकाला गया। त्रिवेणी से लेकर गुर्जर की थड़ी तक विशाल मशाल रैली।”

हमें khabrejaipurki नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट पर भी वीडियो अपलोड किया हुआ मिला। 26 सितंबर 2025 को अपलोड वीडियो में बताया गया,”झालावाड़ स्कूल हादसे के पीड़ितों को मुआवजा दिलाने के लिए जयपुर में नरेश मीणा समर्थकों ने निकाला मशाल जुलूस ! जयपुर की सड़कों पर नरेश मीणा के समर्थकों ने गुरुवार (25 सितंबर) रात सड़कों पर मशाल जुलूस निकाला. नरेश मीणा पिछले 14 दिन से अनशन पर हैं. उनकी मांग है कि झालावाड़ के पीपलोदी स्कूल हादसे में मृतक बच्चों के परिजनों को न्याय मिले. इसी मांग को मनवाने के लिए नरेश मीणा आमरण अनशन पर हैं. उन्हें समर्थन देने के लिए बेटा अनिरुद्ध मीणा, पूर्व मंत्री राजेंद्र गुढ़ा समेत कई लोगों ने जुलूस निकाला. जयपुर के त्रिवेणी नगर चौराहा से लेकर गुर्जर की थड़ी तक सर्व समाज के लोग भारी तादाद में शामिल हुए।”
वायरल वीडियो को लेकर यूपी पुलिस ने अपने एक्स हैंडल पर एक पोस्ट शेयर की है। 1 अक्टूबर 2025 को की गई पोस्ट में वायरल दावे का खंडन करते हुए लिखा गया है,”सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो को यूपी पुलिस से जोड़कर गलत दावे किए जा रहे हैं।
सच्चाई: यह वीडियो राजस्थान (जयपुर) के 25 सितम्बर 2025 के मशाल जुलूस का है, जिसके साथ फेक वॉयस ओवर जोड़कर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया जा रहा है। यूपी पुलिस इस भ्रामक वीडियो का खंडन करती है। अफवाह फैलाना दंडनीय अपराध है।
यूपी पुलिस से संबंधित किसी भी भ्रामक खबर या अफवाह की सूचना @uppviralcheck पर दें।#UPPViralCheck #FakeNewsAlert #UPPolice”
हमें वायरल वीडियो से जुड़ी कई न्यूज़ रिपोर्ट्स और पोस्ट मिले। सितंबर 2025 को किए गए पोस्ट में इस वीडियो को जयपुर का बताया गया है। हमें कहीं भी वीडियो में वो नारे नहीं सुनाई दिए, जैसे वायरल वीडियो में सुनाई दे रहे हैं।
हमने वायरल वीडियो को लेकर दैनिक जागरण के जयपुर संवाददाता नरेंद्र शर्मा से संपर्क किया। उन्होंने पुष्टि करते हुए बताया कि यह वीडियो जयपुर का है। हाल ही में यह जुलूस निकाला गया था।
वायरल वीडियो को शेयर करने वाले यूजर को फेसबुक पर सात हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने स्वयं को नोएडा का रहने वाला बताया है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने जांच में पाया कि ‘यूपी पुलिस तुम लट्ठ बजाओ, हम तुम्हारे साथ हैं’ के नारे के साथ वायरल हो रहा वीडियो एडिटेड है। असल वीडियो राजस्थान के जयपुर में निकाले गए मशाल जुलूस का है। वीडियो में नारे वाले ऑडियो को अलग से जोड़ा गया है। जिसे अब उत्तर प्रदेश का बताकर गलत दावे से शेयर किया जा रहा है।
- Claim Review : उत्तर प्रदेश में निकाले गए मशाल जुलसू का वीडियो।
- Claimed By : FB User-Sanjeev Dubey
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












