Fact Check: भगवान राम-कृष्ण को आदर्श बताते आजम खान का वीडियो जमानत पर छूटने के बाद का नहीं, आठ साल पुराना है
सपा नेता आजम खान ने अक्टूबर 2017 में एक सम्मेलन में कहा था कि हमारे पूर्वज मुगल नहीं हैं, हमारे पूर्वज राम और कृष्ण हैं। उस सम्मेलन के वीडियो को हालिया बताकर वायरल किया जा रहा है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Oct 6, 2025 at 03:45 PM
- Updated: Oct 6, 2025 at 04:22 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता आजम खान 23 सितंबर को करीब दो साल बाद जेल से जमानत पर बाहर आए हैं। इस दौरान सोशल मीडिया पर आजम का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें वह भगवान राम और कृष्ण को अपना पूर्वज बताते दिख रहे हैं। कुछ यूजर्स इस वीडियो को हालिया समझकर शेयर कर रहे हैं और आजम का मजाक उड़ा रहे हैं।
यह वीडियो पहले भी 2022 में इस तरह से वायरल हो चुका है, उस समय विश्वास न्यूज की जांच में यह भ्रामक निकला था। दरअसल, आजम ने अक्टूबर 2017 में यह बयान दिया था। इसका हाल-फिलहाल से कोई संबंध नहीं है।
वायरल पोस्ट
इंस्टा यूजर 72_fantasy ने 29 सितंबर को आजम का मजाक उड़ाते हुए वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) किया है। इसमें आजम खान कह रहे हैं, “योगी जी, मुगल हमारे आदर्श नहीं हैं, हमारे आदर्श राम हैं, हमारे आदर्श कृष्ण जी भी हैं।“

पड़ताल
वायरल वीडियो के बारे में कीवर्ड से सर्च करने पर हमें समाजवादी पार्टी के यूट्यूब चैनल पर 7 अक्टूबर 2017 को अपलोड वीडियो मिला। इसमें वायरल वीडियो क्लिप को देखा जा सकता है। वीडियो के बारे में जानकारी दी गई है कि आगरा में 5 अक्टूबर 2017 को आयोजित सम्मेलन में आजम खान ने लोगों को संबोधित किया। वीडियो में 15:12 मिनट से वायरल वीडियो क्लिप को देखा जा सकता है। इसमें वह कह रहे हैं, “योगी जी, मुगल हमारे आदर्श नहीं हैं, हमारे आदर्श राम हैं, हमारे आदर्श कृष्ण जी भी हैं। लेकिन योगी जी हिन्दुस्तान की दूसरी आबादी आपसे जानना चाहती है, बताइए मोहम्मद साहब आपके आदर्श हैं या नहीं हैं।”
एबीपी लाइव की वेबसाइट पर 5 अक्टूबर 2017 को इससे संबंधित रिपोर्ट को देख जा सकता है।

इससे पहले जब यह वीडियो वायरल हुआ था, तब विश्वास न्यूज ने आगरा में दैनिक जागरण के चीफ रिपोर्टर राजीव शर्मा से संपर्क किया था। उन्होंने वायरल बयान को 2017 में हुए सपा के 10वें राष्ट्रीय सम्मेलन का बताया था।
दैनिक जागरण की वेबसाइट पर 23 सितंबर को छपी खबर के मुताबिक, आजम खान 23 सितंबर को जेल से बाहर आए। वह 22 अक्टूबर 2023 से जिला कारागार में थे।
पुराने वीडियो को हालिया समझकर शेयर करने वाला यूजर एक विचारधारा से प्रभावित है और उसके करीब 17 हजार फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: सपा नेता आजम खान ने अक्टूबर 2017 में एक सम्मेलन में कहा था कि हमारे पूर्वज मुगल नहीं हैं, हमारे पूर्वज राम और कृष्ण हैं। उस सम्मेलन के वीडियो को हालिया बताकर वायरल किया जा रहा है।
- Claim Review : जेल से बाहर आने के बाद आजम खां ने भगवान राम और कृष्ण को अपना पूर्वज बताया।
- Claimed By : Insta User- 72_fantasy
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












