Fact Check: पीएम मोदी और राहुल गांधी ने नहीं किया फ्री में सोना देने का एलान, किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें
पीएम मोदी और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने फ्री में सोना देने का कोई एलान नहीं किया है। वायरल पोस्ट फेक है, जिसके साथ में दिए गए पर लिंक पर क्लिक करने से डेटा चोरी हो सकता है। ऐसे किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करना चाहिए।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Oct 8, 2025 at 04:12 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। त्योहारों की शुरुआत में अक्सर साइबर अपराधी लुभावने मैसेज भेजकर लोगों को फंसाने की कोशिश करते हैं। दिवाली से पहले भी सोशल मीडिया पर कुछ पोस्ट वायरल हो रही हैं। इनमें वीडियो शेयर कर दावा किया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आधार कार्ड धारकों को फ्री में सोने के बिस्किट देने का एलान किया है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के नाम से ऐसा ही दावा किया जा रहा है। इसके साथ ही प्रोफाइल में दिए गए लिंक पर क्लिक करके ऑर्डर करने को कहा गया है।
विश्वास न्यूज ने इसकी जांच की तो पता चला कि वायरल मैसेज फेक है। पीएम मोदी और राहुल गांधी ने ऐसा कोई एलान नहीं किया है। साइबर अपराधी इस तरह के मैसेज लोगों का डेटा चुराने के मकसद से शेयर करते हैं, जिसका दुरुपयोग वह आर्थिक नुकसान पहुंचाने के लिए भी कर सकते हैं।
वायरल पोस्ट
फेसबुक यूजर Free vala baba ने 8 अक्टूबर को दो पोस्ट (आर्काइव लिंक) शेयर की हैं। इनमें से एक में सोने के बिस्किट जैसे दिखने वाली वस्तुओं की पैकिंग के वीडियो के साथ में कहा गया है, “पीएम मोदी ने लिया बड़ा फैसला। जिसके भी घर में आधार कार्उ है, उनको यह सोने के बिस्किट फ्री में दिए जा रहे हैं। बहुत लोगों ने ऑर्डर भी कर लिए हैं। अगर आपको ऑर्डर करने हैं तो कमेंट में यस लिखकर मेरी प्रोफाइल में दिए गए लिंक पर जाकर ऑर्डर कर दो और मुझे फॉलो करने पर ही ऑर्डर होंगे।”

एक अन्य वीडियो (आर्काइव लिंक) में सोने के जेवर पहने युवती को दिखाया गया है। इसमें राहुल गांधी की तस्वीर भी देखी जा सकती है। इसमें कहा गया है, “कल रात राहुल गांधी ने कर दिसा बड़ा एलान। ये सोने के हार बिल्कुल फ्री में दिए जा रहे हैं। बहुत लोगों ने ऑर्डर भी कर दिए हैं। अगर आपको ऑर्डर करने हैं तो कमेंट में अपना नाम लिखकर मेरी प्रोफाइल में दिए गए लिंक पर जाकर ऑर्डर कर दो और मुझे फॉलो करने पर ही ऑर्डर होंगे।”

पड़ताल
वायरल दावों की जांच के लिए हमने कीवर्ड से इस बारे में गूगल पर सर्च किया, लेकिन ऐसी कोई मीडिया रिपोर्ट नहीं मिली। अगर पीएम मोदी या राहुल गांधी ऐसी कोई घोषणा करते तो मीडिया में रिपोर्ट जरूर छपती।
हमने पीएम मोदी का एक्स हैंडल चेक किया, लेकिन ऐसी कोई पोस्ट नहीं मिली।
इसके बाद हमने राहुल गांधी का एक्स हैंडल भी स्कैन किया, लेकिन उस पर भी ऐसी कोई पोस्ट नहीं मिली।
हमने पीएम मोदी के फ्री सोना देने के एलान का दावा करने वाले वीडियो को एआई डिटेक्शन टूल हाइव मॉडरेशन की मदद से चेक किया। इसमें वीडियो को नॉट एआई जेनरेटेड और ऑडियो के 99 फीसदी एआई निर्मित होने की संभावना जताई गई।

फैक्ट चेकर्स के लिए उपलब्ध इनविड के जरिए हमने Hiya टूल से भी ऑडियो को चेक किया। इसमें भी इसे 99 फीसदी एआई संभावित बताया गया।

हमने राहुल गाधी की तस्वीर वाले वीडियो को भी हाइव मॉडरेशन और इनविड के जरिए हिया से चेक किया।
हाइव पर इसके ऑडियो को एआई संभावित बताया गया। वहीं, हिया पर भी इसे 97 फीसदी एआई निर्मित बताया गया।


हमारे सिस्टम में एंटीवायरस अपलोड है, जिसे समय-समय पर अपडेट किया जाता है। अत: डिजिटल सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रोफाइल में दिए गए लिंक पर क्लिक किया। इसकी वेबसाइट एक्टिव नहीं है।

वेबसाइट को हमने बिग डोमेन डेटा की मदद से चेक किया। इससे पता चला कि यह 11 दिसंबर 2023 को रजिस्टर हुई है।

इस बारे में हमने साइबर एक्सपर्ट अनुज अग्रवाल से संपर्क किया। उनका कहना है कि साइबर अपराधी इस तरह के मैसेज लोगों को फंसाने के लिए भेजते हैं। इनमें दिए गए लिंक पर क्लिक करने से यूजर का डेटा साइबर अपराधी के पास पहुंच जाता है, जिसका दुरुपयोग किया जा सकता है। ऐसे किसी भी अनजान लिंक्स पर क्लिक नहीं करना चाहिए। और अगर केंद्र सरकार या कोई सांसद इस तरह का एलान करेगा तो वह मीडिया में जरूर आएगा। इसलिए ऐसे किसी भी मैसेज के बारे में पहले पूरी पड़ताल भी कर लेनी चाहिए।
फेक पोस्ट करने वाले यूजर ने इस तरह की कई और पोस्ट भी शेयर की हैं। यूजर के करीब सात लाख 33 हजार फॅालोअर्स हैं।

निष्कर्ष: पीएम मोदी और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने फ्री में सोना देने का कोई एलान नहीं किया है। वायरल पोस्ट फेक है, जिसके साथ में दिए गए पर लिंक पर क्लिक करने से डेटा चोरी हो सकता है। ऐसे किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करना चाहिए।
- Claim Review : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आधार कार्ड धारकों को फ्री में सोने के बिस्किट देने का एलान किया है।
- Claimed By : FB User- Free vala baba
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












