Fact Check: रोहिणी आचार्य के समर्थन में बयान देते तेजस्वी यादव का वीडियो पुराना, भ्रामक दावे से हो रहा वायरल
अपनी बहन रोहिणी आचार्य के समर्थन में बयान देते तेजस्वी यादव का वीडियो पुराना है और भ्रामक दावे से अब वायरल किया जा रहा है। वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि चुनाव से पहले का है।
- By: Pragya Shukla
- Published: Nov 17, 2025 at 03:12 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजों के बाद लालू यादव परिवार में अनबन देखने को मिल रही है। लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने बिहार चुनाव में मिली हार के बाद तेजस्वी यादव पर कई आरोप लगाते हुए परिवार से नाता तोड़ लिया है। इसी घटना से जोड़ते हुए तेजस्वी यादव का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वो रोहिणी आचार्य की तारीफ करते हुए कह रहे हैं कि जो लोग भी मेरी बहनों पर उंगली उठा रहे हैं यह बर्दाश्त के बाहर है। इस वीडियो को हाल का बताते हुए दावा किया जा रहा है कि लालू परिवार में हुए इस ताजा विवाद के बाद तेजस्वी यादव ने यह बयान दिया है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा भ्रामक है। वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि चुनाव से पहले का है। दरअसल, रोहिणी आचार्य ने लालू यादव को अपनी एक किडनी डोनेट की थी। बिहार चुनाव से पहले इसीको लेकर सवाल उठे थे, जिस पर प्रतिक्रिया देते हुए सितंबर 2025 में तेजस्वी यादव ने यह बयान दिया था। इस पुराने वीडियो को भ्रामक दावे के साथ अब शेयर किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘पत्रकार गौरव जयसवाल’ ने 16 नवंबर 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, ‘भावनाओं की उथल-पुथल में डूबे तेजस्वी, बहन रोहिणी के संग लिए आंसू भरी आवाज में कहा – “उन्होंने मुझे पाला है, पोषा है” पारिवारिक एकजुटता का टूटता सपना? चुनावी हार के बाद लालू परिवाr में सुलगती आग! बिहार चुनाव में एनडीए के बहुमत और राजद की करारी हार के बाद लालू यादव के एकजुट परिवार की नींव दरक गई है। पहले तेजप्रताप और अब बड़ी बेटी रोहिणी आचार्य के पार्टी से अलग होने की खबरों ने परिवार में गहरे रंजिश का अध्याय शुरू कर दिया है। इस पारिवारिक उथल-पुथल के बीच तेजस्वी यादव भावुक नजर आए। मीडिया के सामने आंसू भरी आवाज में उन्होंने कहा, “रोहिणी दीदी मेरी बड़ी बहन हैं, उन्होंने मुझे पाला-पोषा है।” एक ओर जहाँ राजनीतिक भविष्य अंधकारमय है, वहीं सगे रिश्तों के यूँ बिखरते देख तेजस्वी का यह भावुक स्वर हर किसी को झकझोर गया। परिवार की यह टूटन राजद के लिए चुनावी हार से भी बड़ा झटका साबित हो रही है।’
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें वीडियो का लंबा वर्जन ‘न्यूज24’ के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिला। वीडियो को 26 सितंबर 2025 को शेयर किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, रोहिणी आचार्य को टिकट देने को लेकर हुए विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए तेजस्वी यादव ने कहा था मेरी बहनों पर उंगली उठा रहे हैं यह बर्दाश्त के बाहर है।
पड़ताल के दौरान हमें दावे से जुड़ी एक रिपोर्ट ‘आजतक’ की वेबसाइट पर मिली। रिपोर्ट को 26 सितंबर 2025 को प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, चुनाव से पहले रोहिणी आचार्य द्वारा पिता लालू यादव को किडनी डोनेट किए जाने पर सवाल उठे थे। इस पर तेजस्वी यादव ने प्रतिक्रिया दी थी और कहा था कि रोहिणी आचार्य उनकी बड़ी बहन हैं और उन्हें पाला पोसा है। उनकी बहनों पर उंगली उठाई जा रही है, जिसे वह बर्दाश्त नहीं करेगें।

एबीपी न्यूज की वेबसाइट पर 26 सितंबर 2025 को प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, ‘पत्रकारों से बातचीत में तेजस्वी ने कहा कि कुछ लोग रहते हैं बीजेपी के, कुछ लोग ट्रोलर्स रहते हैं, रहते सब दल में हैं और तरह-तरह के कमेंट करने लगते हैं। ट्रोलर हमको भी गाली देता है लालू यादव को भी गाली देता है। जो लोग भी हमारी बहन पर उंगली उठा रहे हैं, ये बर्दाश्त के बाहर है. ठीक बात नहीं है। तेजस्वी ने कहा, किसी की मां-बहन पर इस तरह का लांछन लगाना ठीक नहीं है। फिर से दोहरा रहे हैं कभी भी रोहिणी दी की इच्छा अपने स्वार्थ में नहीं रही है। पार्टी को आगे बढ़ाने में रही है। शुरू से ही हमारा साथ दिया है. हमारे साथ रही हैं। हमको आगे बढ़ाने में वो जो कर सकती हैं की हैं. ना टिकट पाना, ना किसी को टिकट दिलवाना, ना कोई पद पाना, कोई इच्छा नहीं रही है।’

दैनिक जागरण की वेबसाइट पर 15 नवंबर 2025 को प्रकाशित रिपोर्ट के मुताबिक, ‘बिहार विधानसभा चुनाव में राजद की शर्मनाक हार के बाद लालू परिवार में कलह बढ़ गई है। अपने पिता लालू को किडनी देने वाली रोहिणी आचार्य ने परिवार से नाता तोड़ने के साथ ही राजनीति भी छोड़ देने का एलान कर दिया है। वहीं, अब रोहिणी मीडिया के सामने आ गई हैं। राजद नेता रोहिणी आचार्य ने राजनीति छोड़ने पर कहा, “मेरा कोई परिवार नहीं है। उन्होंने ही मुझे परिवार से निकाला है। उन्हें जिम्मेदारी नहीं लेनी है… सारी दुनिया सवाल कर रही है कि पार्टी का ऐसा हाल क्यों हुआ है?’
अधिक जानकारी के लिए हमने दैनिक जागरण पटना के चीफ रिपोर्टर जितेंद्र कुमार से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल भ्रामक है और यह वीडियो पुराना है। तेजस्वी यादव की बहन ने कई तरह के आरोप लगाए हैं। लेकिन तेजस्वी यादव का अभी तक कोई बयान नहीं आया है।
रोहिण आचार्य ने इस पूरे विवाद को लेकर 16 नवंबर 2025 को पोस्ट करते हुए लिखा है, ‘कल मुझे गालियों के साथ बोला गया कि मैं गंदी हूँ और मैंने अपने पिता को अपनी गंदी किडनी लगवा दी , करोड़ों रूपए लिए , टिकट लिया तब लगवाई गंदी किडनी .. सभी बेटी – बहन , जो शादीशुदा हैं उनको मैं बोलूंगी कि जब आपके मायके में कोई बेटा – भाई हो , तो भूल कर भी अपने भगवान रूपी पिता को नहीं बचाएं , अपने भाई , उस घर के बेटे को ही बोले कि वो अपनी या अपने किसी हरियाणवी दोस्त की किडनी लगवा दे ” .. सभी बहन – बेटियां अपना घर – परिवार देखें, अपने माता – पिता की परवाह किए बिना अपने बच्चे , अपना काम, अपना ससुराल देखें , सिर्फ अपने बारे में सोचें .. मुझसे तो ये बड़ा गुनाह हो गया कि मैंने अपना परिवार, अपने तीनो बच्चों को नहीं देखा , किडनी देते वक्त न अपने पति, न अपने ससुराल से अनुमति ली .. अपने भगवान, अपने पिता को बचाने के लिए वो कर दिया जिसे आज गंदा बता दिया गया .. आप सब मेरे जैसी गलती , कभी , ना करे किसी घर रोहिणी जैसी बेटी ना हो।’
लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने भी इस विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने जनशक्ति दल के इंस्टाग्राम पेज पर 15 नवंबर को रोहिणी आचार्य के एक वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, ‘कल की घटना ने दिल को भीतर तक झकझोर दिया है। मेरे साथ जो हुआ—वह मैं सह गया… लेकिन मेरी बहन के साथ जो अपमान हुआ, वह किसी भी हाल में असहनीय है। सुन लो जयचंदो— परिवार पर वार करोगे तो बिहार की जनता तुम्हें कभी माफ़ नहीं करेगी। जबसे मेरी रोहिणी बहन के चप्पल उठाने की खबर सुनी, दिल की आहत अब अग्नि बन चुकी है। जब जनमानस की भावनाएँ आहत होती हैं— तो बुद्धि पर पड़ी धूल उड़ जाती है। इन चंद चेहरों ने तेजस्वी की भी बुद्धि पर परदा डाल दिया है। इस अन्याय का परिणाम बेहद भयावह होगा। समय का लेखा-जोखा बड़ा कठोर है। मैं माननीय RJD के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मेरे पिता, मेरे राजनीतिक गुरु श्री लालू प्रसाद जी से आग्रह करता हूँ— पिता जी, एक संकेत दीजिए… आपका केवल एक इशारा, और बिहार की जनता इन जयचंदों को जमीन में गाड़ देने का काम खुद कर देगी। यह लड़ाई किसी दल की नहीं— परिवार के सम्मान, बेटी की गरिमा और बिहार के स्वाभिमान की लड़ाई है। तेजप्रताप यादव, एक बेटा और भाई।’

अंत में हमने वीडियो को भ्रामक दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के फेसबुक अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को छह हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने प्रोफाइल पर खुद को झारखंड का रहने वाला बताया है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि अपनी बहन रोहिणी आचार्य के समर्थन में बयान देते तेजस्वी यादव का वीडियो पुराना है और भ्रामक दावे से अब वायरल किया जा रहा है। वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि चुनाव से पहले का है।
- Claim Review : रोहिणी आचार्य के समर्थन में तेजस्वी यादव ने दिया बयान।
- Claimed By : FB User पत्रकार गौरव जयसवाल
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












