X
X

Fact Check: ललन सिंह ने नीतीश कुमार के खिलाफ नहीं दिया यह बयान, वायरल वीडियो एडिटेड

बिहार के मुख्यमंत्री पद को लेकर बात करते ललन सिंह के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। तीन साल पुराने एक वीडियो को एडिट कर गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है। 

  • By: Pragya Shukla
  • Published: Nov 13, 2025 at 03:01 PM
  • Updated: Nov 13, 2025 at 03:46 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण की वोटिंग हो चुकी है। अब सभी राजनीतिक दल नतीजों (14 नवंबर) का इंतजार कर रहे हैं। इसी बीच जनता दल (यूनाइटेड) (जेडीयू) के नेता और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में ललन सिंह को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि नीतीश कुमार उम्मीदवार नहीं हैं। इस वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि वो बिहार चुनाव को लेकर बात कर रहे हैं और उन्होंने नीतीश कुमार के खिलाफ बयान देते हुए उनको मुख्यमंत्री का उम्मीदवार नहीं बताया है।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। असल में ललन सिंह का वायरल हो रहा वीडियो एडिटेड है और पुराना है। साल 2022 के ओरिजिनल वीडियो में उन्होंने कहा था कि नीतीश कुमार प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नहीं हैं। इस पुराने वीडियो के एक भाग को एडिट कर दुष्प्रचार की मंशा से गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है और इस तरह से शेयर किया जा रहा है, जिसे सुनकर ऐसा प्रतीत होता है कि ललन सिंह ने नीतीश कुमार के खिलाफ बयान दिया है।

क्या हो रहा है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘Jharkhand News’ ने 11 नवंबर 2025 को इस वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, ‘नीतीश कुमार अभी उम्मीदवार नहीं हैं , MLA चुनेंगे अपना नया CM। भाजपा का खेला शुरू, भाजपाई रंग में रंगे हुए लल्लन सिंह ने बजा दिया JDU का गेम।’

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें असली वीडियो ‘InKhabar Official’ नाम के यूट्यूब चैनल पर मिला। इस वीडियो को 2 सितंबर 2022 को शेयर किया गया था। वीडियो में ललन सिंह को कहते हुए सुना जा सकता है, “देश भर के अलग-अलग राज्यों के लोग आये थे। तो आप मुख्यमंत्री जी का स्वभाव जानते हैं कि दूसरे जो लोग आते हैं उनके रहने की, खाने की, मीटिंग की क्या व्यवस्था है उसका पहले से वो करते रहे हैं। हर समय करते हैं तो और आज भी वो दिखने के लिए आये थे कि पूरी व्यवस्था कैसी है। प्रधानमंत्री के उम्मीदवार नीतीश कुमार जी नहीं है, नहीं है, नहीं है। प्रधानमंत्री जी को बोलने दीजिए मैंने पहले कहा है कि प्रधानमंत्री जी कोई भ्रष्टाचार उनके खिलाफ कारवाई नहीं कर रहे हैं। अपने विरोधियों के खिलाफ कार्रवाई कर रहे हैं, जो जिस राज्य में उनके जो विरोधी हैं उन पर CBI ED अब ऐसा तो है नहीं कि जिसको वो भ्रष्टाचारी घोषित कर देंगे वो भ्रष्टाचारी हो गया और जो उनके यहां चला गया उसको वाशिंग मशीन में डाल के निकाल लेंगे तो वो चकाचक हो गया सारे दाग उसके मिट गए। अपने गिरेबान में झांक के भारतीय जनता पार्टी देखे कितने भ्रष्टाचारी लोग उनकी पार्टी के अंदर हैं। येदियुरप्पा क्या है पूरा दुनिया जानता है येदियुरप्पा जो कर्नाटक के मुख्यमंत्री थे। क्या भ्रष्टाचार का उनके आरोप था। सारी दुनिया जानती है किसको बनाया कि नहीं बनाया मुखमंत्री। तो वो भाजपा में चले गए तो इसलिए वो पाक साफ हो गए पूरा धूल गए। तो इसलिए ये सब कहानी नहीं है। ये कोई विश्वास अब उनका नहीं करने वाला है। ये सब जुमलाबाजी है और जुमलाबाजी अब कोई नहीं सुनने वाला है। सुशील मोदी जी को जनता तो देख लेगी न। 42 आम सभा किये थे ना इस राज्य में प्रधानमंत्री 2015 में और सुशील मोदी जी को मालूम है ना 53 शीट आया थे। इसलिए उनको मालूम है कि क्या होने वाला है। उनको अपना भविष्य पता है।”

पोस्ट में लिखे कैप्शन के अनुसार, ‘JDU के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने कहा,प्रधानमंत्री भ्रष्टाचार के खिलाफ नाहीं विरोधियों के खिलाफ कारवाई कर रहे हैं। यह भी कहा,नीतीश कुमार प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नहीं हैं।’

प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी एक न्यूज रिपोर्ट एबीपी न्यूज की आधिकारिक वेबसाइट पर मिली। वेबसाइट पर 2 सितंबर 2022 को प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, ‘पीएम मैटेरियल के लिए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की काफी दिनों से चर्चा हो रही थी। लेकिन इस बीच जेडीयू की ओर से बड़ा बयान सामने आया है। कहा गया है कि नीतीश कुमार सिर्फ विपक्ष को एकजुट कर रहे हैं। वो पीएम पद के उम्मीदवार नहीं हैं। यह बयान शुक्रवार को जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने दिया है।’

दैनिक जागरण की वेबसाइट पर 29 जनवरी 2024 को प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, ‘साल 2020 में एनडीए के साथ मिलकर बिहार में सरकार बनाई थी। लेकिन साल 2022 में उन्होंने एनडीए का साथ छोड़कर लालू यादव की पार्टी राजद का दामन थाम लिया और उनके साथ मिलकर बिहार में सरकार बनाई। उस दौरान तेजस्वी यादव को बिहार का डिप्टी सीएम बनाया गया था। लेकिन 28 जनवरी 2024 को नीतीश कुमार ने एक बार फिर राजद का साथ छोड़कर जदयू-भाजपा (एनडीए) की नई सरकार बना ली है और एनडीए के साथ मिलकर लोकसभा 2024 का चुनाव लड़ा।’

अधिक जानकारी के लिए हमने दैनिक जागरण पटना के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ अरुण अशेष से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल दावा गलत है। ललन सिंह के वीडियो को एडिट कर वायरल किया जा रहा है।

आखिर में हमने एडिटेड वीडियो को शेयर करने वाले यूजर के फेसबुक अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को 89 हजार लोग फॉलो करते हैं।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि बिहार के मुख्यमंत्री पद को लेकर बात करते ललन सिंह के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। तीन साल पुराने एक वीडियो को एडिट कर गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है। 

  • Claim Review : जेडीयू नेता ललन सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के उम्मीदवार नीतीश कुमार नहीं है।
  • Claimed By : FB User Jharkhand News
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later