Fact Check: सऊदी बस हादसे से जोड़कर फैलाया जा रहा 2017 के टैंकर पलटने का पुराना वीडियो
विश्वास न्यूज ने वायरल वीडियो की जांच में वायरल पोस्ट भ्रामक है। यह वीडियो वीडियो साल 2017 का है। इस पुराने वीडियो को भ्रामक दावे के साथ सऊदी अरब में हुई बस दुर्घटना से जोड़कर शेयर किया जा रहा है।
- By: Umam Noor
- Published: Nov 19, 2025 at 03:39 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सऊदी अरब में पिछले दिनों मक्का से मदीना जा रही उमरा यात्रियों से भरी बस एक तेल टैंकर से टकरा गई। इस हादसे में करीब 45 भारतीयों की जान चली गई। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इस वायरल वीडियो में पुल पर एक गाड़ी पलटे हुए देखा जा सकता है, वहीं आस-पास तेज आग भी लगी हुई दिखाई दे रही है। अब इसी वीडियो को शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि यह वही बस दुर्घटना है, जिसमें भारतीय तीर्थयात्रियों की मौत हुई है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि सोशल मीडिया पर फैलाया जा रहा दावा पूरी तरह भ्रामक है। वायरल वीडियो साल 2017 की एक पुरानी दुर्घटना का फुटेज है। इस पुराने वीडियो को भ्रामक दावे के साथ सऊदी अरब में हाल ही में हुए भारतीय उमरा यात्रियों के बस हादसे से जोड़कर फैलाया जा रहा है।
वायरल पोस्ट में क्या है?
फेसबुक यूजर ने वायरल पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, “”उमराह के लिए मक्का से मदीना जाते समय बस डीज़ल टैंकर से टकराई, 42 भारतीय यात्रियों की मौत।”
पोस्ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।

पड़ताल
अपनी पड़ताल को शुरू करते हुए सबसे पहले हमने वीडियो के कुछ फ्रेम निकाले और उन्हें गूगल लेंस के जरिए खोजा। सर्च करने पर हमें यह वीडियो एक यूट्यूब चैनल पर 24 जून 2017 को अपलोड किया हुआ मिला। यहां वीडियो के साथ दी गई जानकारी के मुताबिक, ‘अकबा शहर में फ्यूल टैंकर पलट गया’।
इस आधार पर हमने अपनी जांच आगे बढ़ाई और हमें ‘अखबार 24 डॉट कॉम’ नाम की वेबसाइट पर इस वीडियो से जुड़ी खबर मिली। खबर में बताया गया, “असीर इलाके के अकबा शहर के पुलों में से एक पर ईंधन का ट्रक पलट गया। दुर्घटना के कारण फ्यूल टैंकर में आग लग गई और टैंकर वादी में जा गिरा,जिससे हादसे वाली जगह पर अकबा रोड बंद हो गई। आग पर काबू पाने के लिए संबंधित अधिकारी और सिविल डिफेंस की टीमें घटनास्थल पर पहुँच गईं हैं।”
इस मामले से जुड़ी खबर हमें 24 जून 2017 को ‘सबक डॉट ओआरजी’ नाम की न्यूज साइट पर भी अपलोड की हुई मिली। दी गई जानकारी के मुताबिक, “सऊदी अरब के अकबा शहर में एक पुल पर ईंधन का टैंकर पलट गया, जिसके कारण ड्राइवर की मौत हो गई।”

बता दें, 17 नवंबर 2025 की गल्फ न्यूज खबर के मुताबिक, “सऊदी अरब में एक उमरा यात्रियों को लेकर जा रही बस हादसे का शिकार हो गई। इस हादसे में 45 भारतीयों की मौत हो गई है। जानकारी के मुताबिक, बस में अधिकांश यात्री हैदराबाद के थे
वायरल पोस्ट की पुष्टि के लिए हमने अपने साथी दैनिक जागरण में वैश्विक खबरों को कवर करने वाले वरिष्ठ संवाददाता जेपी रंजन से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया, “मदीना में भारतीय उमरा यात्रियों के साथ जो हादसा हुआ है, उसकी कोई आधिकारिक वीडियो सामने नहीं आया है।”
सऊदी अरब में हुए इस हादसे के हवाले से एआई निर्मित तस्वीरें भी वायरल हुई हैं, जिनका फैक्ट चेक विश्वास न्यूज ने किया है। हमारा फैक्ट चेक यहां पढ़ा जा सकता है।
अब बारी थी गलत पोस्ट शेयर करने वाले फेसबुक यूजर की सोशल स्कैनिंग करने की। हमने पाया कि यूजर ‘नसीम कासमी’ को 33 हजार लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने वायरल वीडियो की जांच में वायरल पोस्ट भ्रामक है। यह वीडियो वीडियो साल 2017 का है। इस पुराने वीडियो को भ्रामक दावे के साथ सऊदी अरब में हुई बस दुर्घटना से जोड़कर शेयर किया जा रहा है।
- Claim Review : यह वही बस दुर्घटना है, जिसमें भारतीय तीर्थयात्रियों की मौत हुई है।
- Claimed By : FB User- Naseem Qasmi
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












