X
X

Fact Check: मंदिर में पूजा करते राहुल गांधी का पुराना वीडियो बिहार चुनाव के बाद वायरल 

विश्वास न्यूज ने इस दावे की जांच की तो पाया कि वायरल वीडियो का बिहार चुनाव से कोई लेना-देना नहीं है। यह वीडियो मार्च 2024 का है, जब राहुल गांधी महाराष्ट्र के दौरे पर गए थे, तभी उन्होंने नासिक स्थित त्र्यंबकेश्वर मंदिर में पहुंचकर पूजा की थी।

  • By: Umam Noor
  • Published: Nov 22, 2025 at 01:55 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजे आने और एनडीए की सरकार बनने के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में राहुल गांधी को एक मंदिर के अंदर पूजा करते हुए देखा जा सकता है। वीडियो को बिहार में चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद के हवाले से वायरल कर रहे हैं। यूजर दावा कर रहे हैं कि बिहार चुनाव में महागठबंधन की हार के बाद राहुल गांधी मंदिर पहुंचे हैं।

विश्वास न्यूज ने इस दावे की जांच की तो पाया कि वायरल वीडियो का बिहार चुनाव से कोई संबंध नहीं है। यह वीडियो मार्च 2024 का है, जब राहुल गांधी महाराष्ट्र के दौरे पर गए थे और उन्होंने वहां एक मंदिर में पहुंचकर पूजा की थी।

क्या है वायरल पोस्ट में ?

फेसबुक यूजर ने वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा, “बिहार हारते ही कोट के ऊपर जनेऊ भगवा और भगवान सब एक साथ याद आ गया तबियत ठीक तो है ना शहजादे की ???”

पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां देखें।

पड़ताल

अपनी पड़ताल को शुरू करते हुए सबसे पहले हमने गूगल लेंस के जरिए वायरल वीडियो के की-फ्रेम को सर्च किया। सर्च में हमें इसी से जुड़ी खबर इंडिया डॉट कॉम की वेबसाइट पर 14 मार्च 2024 को छपी हुई मिली। दी गई जानकारी के अनुसार, ”भारत जोड़ो न्याय’ यात्रा का नेतृत्व कर रहे राहुल गांधी महाराष्ट्र में हैं। वह नासिक पहुंचे। इस दौरान उन्होंने नासिक के त्र्यम्बकेश्वर ज्योर्तिलिंग मन्दिर में पूजा की।”

कीवर्ड के साथ हमने अपनी पड़ताल को आगे बढ़ाया। हमें यह वीडियो 15 मार्च 2024 को जी न्यूज के यूट्यूब चैनल पर अपलोड किया हुआ मिला। यहां बतया गया कि लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने नासिक में स्थित त्र्यंबकेश्वर शिव मंदिर में पूजा-अर्चना की।

न्यूज लाइव 9 और आज तक के यूट्यूब चैनल पर वायरल वीडियो को देखा जा सकता है। यहां भी वीडियो मार्च 2024 को अपलोड किया गया है।

एबीपी मांझा की वेबसाइट पर 14 मार्च 2024 की खबर के अनुसार, ‘कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय’ यात्रा आज नासिक पहुंची। उसके बाद नासिक में उनका रोड शो हुआ। शालीमार इलाके में पब्लिक मीटिंग खत्म करने के बाद राहुल गांधी त्र्यंबकेश्वर के लिए निकल गए। त्र्यंबकेश्वर के महादेव मंदिर में राहुल गांधी ने महापूजा और आरती की।’

वायरल वीडियो से जुड़ी पुष्टि के लिए हमने यूपी कांग्रेस प्रवक्ता अभिमन्यु त्यागी से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि यह वीडियो पुराना है।

बता दें, बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में 6 और 11 नवंबर को दो चरणों में मतदान हुआ था और मतगणना के नतीजे 14 नवंबर को घोषित किए गए। विधानसभा की कुल 243 सीटों पर चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, बीजेपी को 89 सीटें और जनता दल-(यूनाइटेड) को 85, आरजेडी को 25, एलजेपी(आर) को 19, एआईएमआईएम को 5, कांग्रेस को छह, राष्ट्रीय  लोक मोर्चा को 4 और अन्य को शेष सीटें मिलीं हैं।

बता दें, बिहार में एनडीए सरकार के नए मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री समेत 26 मंत्रियों ने शपथ ली है। दस नए चेहरों को मौका मिला है, जबकि 19 पुराने मंत्रियों को बाहर कर दिया गया है। जदयू ने अपने सभी पुराने चेहरों को बरकरार रखा है, वहीं भाजपा में सात नए चेहरे शामिल किए गए हैं। लोजपा-रा और रालोमो से भी नए मंत्रियों को शामिल किया गया है। अभी भी मंत्रिमंडल में नौ और मंत्रियों को शामिल किया जा सकता है।

अब बारी थी फर्जी पोस्ट को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर की सोशल स्कैनिंग करने की। हमने पाया कि यूजर को 45 हजार लोग फॉलो करते हैं। वहीं, इस प्रोफाइल से एक खास विचारधारा से प्रेरित पोस्ट शेयर की जाती हैं।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने इस दावे की जांच की तो पाया कि वायरल वीडियो का बिहार चुनाव से कोई लेना-देना नहीं है। यह वीडियो मार्च 2024 का है, जब राहुल गांधी महाराष्ट्र के दौरे पर गए थे, तभी उन्होंने नासिक स्थित त्र्यंबकेश्वर  मंदिर में पहुंचकर पूजा की थी।

  • Claim Review : बिहार चुनाव में महागठबंधन की हार के बाद राहुल गांधी मंदिर पहुंचे हैं।
  • Claimed By : FB User- Mohan Jee
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later