Fact Check: पटना हाईकोर्ट में बम ब्लास्ट का झूठा दावा वायरल
पटना हाईकोर्ट में बम ब्लास्ट का दावा झूठा है। वहां इस तरह की कोई घटना नहीं हुई है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Nov 25, 2025 at 02:51 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बिहार चुनाव नतीजे सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हो रही है। इसमें एक वीडियो पोस्ट किया गया है, जिसमें एक इमारत के परिसर में कई लोगों को चहलकदमी करते हुए देखा जा सकता है। वीडियो के साथ में दावा किया गया है कि पटना हाईकोर्ट में बम ब्लास्ट हुआ है।
विश्वास न्यूज की जांच में वायरल दावा झूठ निकला। पटना हाईकोर्ट में बम ब्लास्ट की पोस्ट फेक है।
क्या है वायरल पोस्ट?
इंस्टाग्राम यूजर backbenchar_star ने 19 नवंबर को पोस्ट शेयर (आर्काइव लिंक) की है। वीडियो पर लिखा है, “पटना हाईकोर्ट में बम मिला क्योंकि ईवीएम मशीन कोर्ट में है“। वीडियो पर पीम मोदी की तस्वीर के साथ आपत्तिजनक शब्द लिखे हुए हैं।
पोस्ट के साथ में लिखा है, “पटना हाई कोर्ट बम ब्लास्ट“।

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने कीवर्ड से इस बारे में गूगल पर सर्च किया, लेकिन ऐसी कोई मीडिया रिपोर्ट नहीं मिली। अगर पटना हाईकोर्ट में बम धमाका हुआ होता तो मीडिया में खबर जरूर आती।
बिहार पुलिस के एक्स हैंडल पर भी ऐसी कोई जानकारी नहीं मिली, क्योंकि अगर ऐसा कुछ हुआ होता तो उससे संबंधित कोई न कोई पोस्ट एक्स हैंडल पर होती।
इस बारे में हमने पटना में दैनिक जागरण के क्राइम रिपोर्टर प्रशांत कुमार से संपर्क किया। उनका कहना है कि इस तरह की कोई घटना नहीं हुई है। सोशल मीडिया पर वायरल दावा गलत है।
इसके बाद हमने पोस्ट के साथ शेयर किए गए वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। इंस्टाग्राम यूजर rajput_priyankkaa और legal.vidhiya ने 18 और 19 नवंबर को वीडियो पोस्ट किए हैं। उनमें कुछ हिस्सा वायरल क्लिप से मैच होता है।
rajput_priyankkaa की पोस्ट के अनुसार, साकेत कोर्ट में बम की धमकी मिली थी। जबकि legal.vidhiya के मुताबिक, दिल्ली में बम की धमकी वाली कॉल्स से दहशत फैल गई। इसके बाद साकेत कोर्ट, पटियाला हाउस कोर्ट और रोहिणी कोर्ट में सुरक्षा बढ़ा दी गई।
इससे साफ होता है कि वायरल वीडियो साकेत कोर्ट का है।
बिहार चुनाव के नतीजे 14 नवंबर को सामने आए थे, जिसमें एनडीए की सरकार बनी। नीतीश कुमार ने 20 नवंबर को 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली थी।
बिहार चुनाव के दौरान सोशल मीडिया पर कई वीडियो और तस्वीरें गलत दावों के साथ वायरल हुए हैं। इनसे जुड़ी फैक्ट चेक रिपोर्ट को यहां देखा जा सकता है।
फेक पोस्ट शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। एक विचारधारा से प्रभावित यूजर के 16 हजार से अधिक फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: पटना हाईकोर्ट में बम ब्लास्ट का दावा झूठा है। वहां इस तरह की कोई घटना नहीं हुई है।
- Claim Review : पटना हाईकोर्ट में बम ब्लास्ट हुआ है।
- Claimed By : Inst User- backbenchar_star
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












