X
X

Fact Check: पाकिस्‍तान के पूर्व पीएम इमरान खान की 11 साल पुरानी तस्वीर वायरल 

इमरान खान की वायरल तस्वीर हाल-फिलहाल की नहीं, बल्कि साल 2014 की है। इमरान खान ने खुद इस फोटो को 2014 में अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर एक प्रदर्शन का बताते हुए शेयर किया था। इमरान खान की पुरानी तस्वीर को गलत दावों के साथ शेयर किया जा रहा है। हालांकि, हम उनकी हत्या की पुष्टि नहीं करते हैं, लेकिन यह तय है कि वायरल हो रही तस्वीर पुरानी है।

  • By: Pragya Shukla
  • Published: Nov 27, 2025 at 05:03 PM
  • Updated: Nov 27, 2025 at 05:24 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के अध्यक्ष इमरान खान की एक तस्‍वीर उनकी हत्या की अफवाहों के साथ शेयर की जा रही है। इस फोटो में उन्हें लेटे हुए देखा जा सकता है।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल तस्वीर हाल-फिलहाल की नहीं, बल्कि साल 2014 की है। साल 2014 में इमरान खान ने खुद इस फोटो को अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर एक प्रदर्शन का बताते हुए शेयर किया था। इमरान खान की इसी पुरानी तस्वीर को गलत दावों के साथ अब शेयर किया जा रहा है। हालांकि, हम उनकी हत्या की पुष्टि नहीं करते हैं, लेकिन यह तय है कि वायरल तस्वीर पुरानी है।

क्या हो रहा है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘Pari Patel’ ने 27 नवंबर 2025 को वायरल तस्वीर को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “बिग बिग ब्रेकिंग न्यूज…पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की…जेल में पाक आर्मी ने हत्या कर दी है।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल तस्वीर की सच्चाई जानने के लिए हमने फोटो को गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वायरल तस्वीर ‘belfast telegraph’ नाम की वेबसाइट की एक रिपोर्ट में मिली। रिपोर्ट को 3 नवंबर 2022 को प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट में लगी तस्वीर को इमरान खान पर हुए एक हमले के बाद की बताई गई है। 

पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने इमरान खान के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स को खंगालना शुरू किया। हमने पाया कि इमरान खान के सोशल मीडिया अकाउंट्स इंडिया में प्रतिबंधित हैं। ऐसे में हमने ExpressVPN की मदद से इमरान खान के आधिकारिक एक्स अकाउंट को खंगालना शुरू किया। हमें वायरल तस्वीर 17 अगस्त 2014 को ‘@ImranKhanPTI’ अकाउंट से  शेयर की हुई मिली। कैप्शन में तस्वीर को एक प्रदर्शन की रात का बताया गया है। फोटो में देखा जा सकता है कि इमरान खान लेटे हैं और उनके आस-पास बैठे समर्थकों से बातचीत कर रहे हैं। 

‘नवभारत टाइम्स’ की वेबसाइट पर 26 नवंबर 2025 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, “पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान 2023 से रावलपिंडी की अदियाला जेल में बंद हैं, लेकिन इस वक्त पाकिस्तान में उनकी हत्या की अफवाह तेजी से फैल गई है। पाकिस्तान की सेना और सरकार पर जेल में उन्हें टॉर्चर करने का आरोप है। जबकि उनसे किसी को मिलने नहीं दिया जा रहा, जिससे अफवाह को बल मिल रहा है। मंगलवार रात (25 नवंबर) इमरान खान की बहनें नोरीन खान, अलीमा खान और उजमा खान को जेल के बाहर से घसीटकर भगा दिया गया। उनके साथ मारपीट भी की गई। पीटीआई कार्यकर्ताओं की मांग है कि उन्हें किसी भी हाल में इमरान खान से मिलना है, जबकि पाकिस्तान सरकार उनकी मौत की रिपोर्ट को अफवाह बता रही है। दरअसल अफगानिस्तान की मीडिया ने बुधवार को दावा किया है कि पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की रावलपिंडी के आदियाला जेल में हत्या कर दी गई है।”

‘एनडीटीवी’ की वेबसाइट पर 26 नवंबर 2025 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, “इमरान खान की बहनों का आरोप है कि जब उन्होंने अपने भाई से मिलने दिए जाने की बात की तो पुलिस ने उनके साथ बदसलूकी की। इमरान खान की बहनों नूरीन खान, अलीम खान और उज्मा खान ने दावा किया है कि पुलिस ने उनकी पिटाई तक की है। इन तमाम अफवाहों के बीच बुधवार को रावलपिंडी स्थित आदियाल जेल के बाहर इमरान खान के समर्थक बड़ी संख्या में जुटे। इस दौरान उन्होंने मौजूदा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस प्रदर्शन के दौरान इमरान खान के समर्थक अपने नेता को लेकर सूचना देने की मांग भी करते दिखे।”

‘हिंदुस्तान टाइम्स’ की वेबसाइट पर 27 नवंबर 2025 को प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, अदियाला जेल प्रशासन ने इमरान खान की मौत के दावे का खंडन किया है और इसे बेबुनियाद बताया है। साथ ही कहा है कि वह स्वास्थ्य हैं।

इमरान खान की पार्टी PTI ने भी अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर वायरल दावे को लेकर, 27 नवंबर 2025 को एक पोस्ट जारी किया है। पोस्ट में पार्टी ने पाकिस्तान सरकार से आग्रह किया है कि वह इमरान खान के परिवार वालों को उनसे मिलने की इजाजत दे और उनकी मौत को लेकर वायरल हो रही अफवाहों पर बात करे। 

हमें पाकिस्तान की जियो टीवी की वेबसाइट पर दावे से जुड़ी एक रिपोर्ट मिली। रिपोर्ट को 26 नवंबर 2025 को प्रकाशित किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, रावलपिंडी जेल के अधिकारियों ने एक बयान में कहा, “अदियाला जेल से उनके ट्रांसफर की खबरों में कोई सच्चाई नहीं है।” उन्होंने आगे कहा, “वह पूरी तरह स्वस्थ हैं और उन्हें पूरी चिकित्सा सुविधा मिल रही है।” 

अधिक जानकारी के लिए हमने पाकिस्तान की पत्रकार फरवा वहीद से संपर्क किया। उन्होंने वायरल तस्वीर को पुराना बताया है।

हमारी अब तक की पड़ताल से यह साबित होता है कि इमरान खान की वायरल हो रही तस्वीर असल में पुरानी है और उसका हालिया घटनाओं हालातों से कोई संबंध नहीं है। हालांकि, उनकी मौत की खबरों की हम पुष्टि नहीं करते हैं।

अंत में हमने भ्रामक दावे को शेयर करने वाले यूजर के फेसबुक अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को 2.8 हजार लोग फॉलो करते हैं।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि इमरान खान की वायरल तस्वीर हाल-फिलहाल की नहीं, बल्कि साल 2014 की है। इमरान खान ने खुद इस फोटो को 2014 में अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर एक प्रदर्शन का बताते हुए शेयर किया था। इमरान खान की पुरानी तस्वीर को गलत दावों के साथ शेयर किया जा रहा है। हालांकि, हम उनकी हत्या की पुष्टि नहीं करते हैं, लेकिन यह तय है कि वायरल हो रही तस्वीर पुरानी है।

  • Claim Review : इमरान खान की हत्या की तस्वीर।
  • Claimed By : FB User Pari Patel
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later